बच्चों की परवरिश पर बोले सैफ अली खान:तैमूर और जेह को सिखाता हूं भगवान एक है; तैमूर के जवाब से हैरान हुए एक्टर
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान ने अपनी पत्नी करीना कपूर और दोनों बेटों, तैमूर और जेह की परवरिश को लेकर खुलकर बात की है। वी द वीमेन्स इवेंट में सैफ ने बताया की वे अपने बच्चों को धर्म को लेकर एक खुला नजरिया देना पसंद करते हैं। सैफ के मुताबिक, वे अपने बेटों से कहते हैं की भगवान एक ही है और उसके कई अलग-अलग नाम हैं। उन्होंने यह भी साझा किया की वे खुद बहुत ज्यादा धार्मिक नहीं हैं, लेकिन घर में अध्यात्म को लेकर हमेशा सकारात्मक बातचीत होती रहती है। वहीं उन्होंने अपने 9 साल के बेटे तैमूर के साथ हुई एक हालिया बातचीत का भी जिक्र किया, जिसने उन्हें हैरान कर दिया। मां शर्मिला टैगोर से मिली सीख सैफ अली खान ने बताया कि धर्म को लेकर यह सीख उन्हें अपनी मां शर्मिला टैगोर से मिली थी। उन्होंने कहा कि मेरी मां ने मुझे सिखाया था और वही बात मैं अपने बच्चों को सिखा रहा हूं। बात बहुत साधारण है कि भगवान एक है और उसके नाम अनेक हैं। आप उसे अलग-अलग जगहों पर पूजते हैं। अगर आपका धर्म दूसरे इंसानों के प्रति प्यार और माफी सिखाता है, तो बस यही सबसे जरूरी बात है। स्कूल में मनाते थे दिवाली और क्रिसमस अपनी खुद की परवरिश का जिक्र करते हुए सैफ ने कहा कि वे क्रिश्चियन संस्थानों के बीच बड़े हुए हैं। उन्होंने अपना काफी समय चर्च में बिताया है और ऐसे स्कूलों में पढ़ाई की है जहां दिन की शुरुआत प्रार्थना से होती थी। वहां बच्चे प्रार्थना करते थे और उसके बाद दूसरे धर्मों की प्रार्थनाएं भी होती थीं। सैफ ने बताया कि उनके स्कूल के दिनों में दिवाली और क्रिसमस दोनों को एक ही तरह से बराबर उत्साह के साथ मनाया जाता था। तैमूर ने बताया धर्म और मेथोडोलॉजी में अंतर सैफ ने अपने 9 साल के बेटे तैमूर के साथ हुई एक हालिया बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने तैमूर से रिलीजन (धर्म) और मेथोडोलॉजी (पद्धति) के बीच का अंतर पूछा था। इस पर तैमूर ने जवाब दिया कि रिलीजन में हम प्रार्थना करते हैं और मेथोडोलॉजी में हम ऐसा नहीं करते। सैफ बेटे के इस जवाब से काफी प्रभावित हुए। सैफ ने कहा कि वे खुशकिस्मत हैं कि उनकी मां और पत्नी करीना कपूर दोनों का दिमाग इन चीजों को लेकर खुला हुआ है। साल 2012 में हुई थी सैफ-करीना की शादी सैफ अली खान और करीना कपूर के रिश्ते की शुरुआत साल 2007-08 में फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान हुई थी। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। लगभग 5 साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, दोनों ने 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में एक निजी समारोह में शादी कर ली थी। अब दोनों के दो बेटे तैमूर अली खान और जेह अली खान हैं। फिल्म 'हम हिंदुस्तानी' में दिखेंगे सैफ वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान जल्द ही फिल्म 'हम हिंदुस्तानी' में नजर आएंगे। राहुल ढोलकिया के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में प्रतीक गांधी, दीपक डोबरियाल, मीमी चक्रवर्ती, सारिका और श्रद्धा डांगर भी अहम किरदारों में हैं। यह फिल्म इसी साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा सैफ के पास प्रियदर्शन की फिल्म 'हैवान' भी है, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार और सैयामी खेर नजर आएंगे। सैफ को आखिरी बार फिल्म 'कर्तव्य' में देखा गया था।
दुबई के अस्पताल में भर्ती हुईं जैस्मिन भसीन:बर्थडे मनाने बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ गई थीं, गंभीर इन्फेक्शन के कारण बिगड़ी तबीयत
टीवी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन की दुबई में बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। जैस्मिन अपने बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ जन्मदिन मनाने दुबई गई थीं। अली गोनी ने सोशल मीडिया पर अस्पताल से तस्वीरें और वीडियो शेयर कर बताया कि जैस्मिन को एक गंभीर इन्फेक्शन हुआ है और वे अभी डॉक्टरों की देखरेख में रिकवर कर रही हैं। अली ने प्रशंसकों से जैस्मिन के जल्द ठीक होने के लिए दुआ करने की अपील की है। बर्थडे मनाने गए थे, अस्पताल पहुंच गए अली गोनी ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल के कमरे से कई तस्वीरें शेयर की हैं। एक तस्वीर में वे अस्पताल के बेड पर आराम कर रही जैस्मिन को गले लगाते दिख रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में जैस्मिन व्हीलचेयर पर बैठी नजर आ रही हैं। अली ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें जैस्मिन अस्पताल के कमरे के अंदर ही अपना बर्थडे केक काट रही हैं। इन तस्वीरों के साथ अली ने एक भावुक नोट लिखकर जैस्मिन के बीमार होने की जानकारी दी। बोले- दर्द में देखना सबसे मुश्किल काम अली गोनी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि हम यहां तुम्हारा जन्मदिन मनाने आए थे, लेकिन जिंदगी की कुछ और ही प्लानिंग थी। जन्मदिन की अच्छी यादें बनाने के बजाय हम इस समय अस्पताल के कमरे में हैं। तुम्हें इस तरह दर्द में देखना इस पूरी ट्रिप का सबसे मुश्किल हिस्सा रहा है। अली ने आगे लिखा कि वे जैस्मिन को फिर से स्वस्थ और मुस्कुराते हुए देखने के लिए किसी भी तरह का सेलिब्रेशन छोड़ने को तैयार हैं। अली ने कहा- गंभीर इन्फेक्शन से जूझ रही हैं जैस्मिन लगातार आ रहे फोन और मैसेज के बाद अली गोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर हेल्थ अपडेट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि मैसेज और कॉल करने के लिए सभी का शुक्रिया। जैस्मिन अचानक बहुत बीमार हो गईं और गंभीर इन्फेक्शन की वजह से उन्हें अस्पताल में एडमिट करना पड़ा। पिछले कुछ दिन हमारे लिए बहुत मुश्किल और भावुक रहे हैं। अली ने माफी मांगते हुए कहा कि वे अभी किसी का फोन नहीं उठा पा रहे हैं, क्योंकि उनका पूरा ध्यान जैस्मिन की देखभाल पर है। अर्जेंटीना में हुई थी दोनों की पहली मुलाकात जैस्मिन भसीन और अली गोनी की लव स्टोरी की शुरुआत साल 2018 में हुई थी। दोनों पहली बार अर्जेंटीना में रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के सेट पर मिले थे। शुरुआत में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई। इसके बाद साल 2020 में जब दोनों रियलिटी शो 'बिग बॉस 14' में शामिल हुए, तब उनका यह रिश्ता प्यार में बदला। इस शो से बाहर आने के बाद दोनों ने अपने रिलेशनशिप को ऑफिशियल किया था और तब से वे लगातार साथ हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
























