IPL 2026: धोनी पूरे सीजन खेलेंगे या नहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के CEO ने कर दिया बड़ा खुलासा
IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी. इस बार आईपीएल के शेड्यूल का 2 फेस में ऐलान किया जाएगा. पहले फेस का ऐलान बीसीसीआई ने बुधवार, 11 मार्च को कर दिया है. आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमें 28 मार्च को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स की ओर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. CSK के सीइओ कासी विश्वनाथन ने एमएस धोनी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है. सीएसके के CEO ने पिछले दिनों धोनी के आईपीएल खेलने की पुष्टि की थी.
धोनी के खेलने पर सीएसके के CEO कासी विश्वनाथन ने दिया बड़ा बयान
चेन्नई सुपर किंग्स के CEO कासी विश्वनाथन ने कहा है कि एमएस धोनी IPL 2026 के सभी मैचों में खेलेंगे. हालांकि टीम में उनके रोल के बारे में आखिरी फैसला मैनेजमेंट करेगा. उन्होंने कहा कि यह खेल से जुड़ा सवाल है. इसमें प्रशासनिक टीम का कोई दखल नहीं होगा. टीम के कोचिंग स्टाफ तय करेगा कि धोनी बल्लेबाज-विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे या फिर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलेंगे.
धोनी ने शुरु की IPL 2026 के लिए प्रैक्टिस
ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि एमएस धोनी अपनी उम्र की वजह से शायद आईपीएल 2026 के सभी मैच ना खेलें, लेकिन CSK के CEO ने सभी तरह की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है. 44 वर्षीय धोनी अभी भी काफी फिट नजर आ रहे हैं. वो चेन्नई सुपर किंग्स के कैंप से जुड़ गए हैं और IPL 2026 के लिए प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है. धोनी पिछले 2 सीजन भी पूरे खेले, जबकि वो घुटने की समस्या से जूझ रहे थे. इतना ही नहीं पिछले साल आईपीएल 2025 के बीच सीजन एमएस धोनी ने कप्तानी की जिम्मेदारी भी निभाई थी, क्योंकि टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर पूरे सीजन से बाहर हो गए थे. हालांकि IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था.
सीएसके के CEO ने संजू सैमसन और शिवम दुबे की जमकर की तारीफ
CSK के सीइओ कासी विश्वनाथन ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन के अलावा शिवम दुबे की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि भारतीय टीम ने लगातार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है. हम काफी खुश हैं कि सीएसके के दो बल्लेबाज संजू सैमसन और शिवम दुबे ने शानदार प्रदर्शन किया. इससे हमे काफी आत्मविश्वास मिलता है कि यहां भी वो यहां भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अच्छा करेंगे. CSK के कैंप में खिलाड़ियों की तैयारियों के बारे में पूछे जाने के सवाल पर कासी विश्वनाथन ने कहा कि प्रक्टिस अच्छी हो रही है, अभी तक कोई समस्या नहीं हुई है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसम को किया था ट्रेड
बता दें कि संजू सैमसन को आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड किया था. सीएसके ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स को देकर संजू सैमसन को अपनी टीम का हिस्सा बनाया है. अब देखने वाली बात होगी कि चेन्नई सुपर किंग्स में संजू सैमसन का प्रदर्शन कैसा रहता है.
आईपीएल 2026 के लिए तैयारियों में जुटीं सभी टीमें
IPL 2026 की तैयारियां जोरो-शोरो से चल रही है. ज्यादातर खिलाड़ी अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी टीम के कैंप से जुड़ गए हैं और प्रैक्टिस शुरू कर दी है. वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा रहे खिलाड़ी जल्द ही अपनी-अपनी टीम से जुड़ जाएंगे और आगामी सीजन की तैयारी में जुट जाएंगे.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: इस चैंपियन टीम के फैंस के लिए बुरी खबर, अपने पहले होमग्राउंड में एक भी मैच नहीं खेलेगी ये फ्रेंचाइजी
लेबनान बॉर्डर से ग्राउंड रिपोर्ट, पहाड़ियों के पीछे छिपे हिजबुल्ला के घातक हथियार, इजराइल के लिए बढ़ी चुनौती
मिडिल ईस्ट में छिड़ी भीषण जंग के बीच न्यूज नेशन की टीम इस वक्त लेबनान बॉर्डर पर मौजूद है. यह वह इलाका है जो इस समय युद्ध के मैदान में सबसे ज्यादा सुलग रहा है. लेबनान की पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों के पीछे से हिजबुल्ला ने इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. इन पहाड़ियों का फायदा उठाकर हिजबुल्ला न सिर्फ उत्तरी इजराइल के शहरों जैसे हाइफा को निशाना बना रहा है, बल्कि उसके रॉकेट और मिसाइलें अब तेल अवीव तक पहुंच रही हैं. हिजबुल्ला के इन हमलों ने इजराइल को 'टू-फ्रंट वॉर' यानी दो मोर्चों पर एक साथ जंग लड़ने के लिए मजबूर कर दिया है.
लेबनान की इन पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच हिजबुल्ला ने अपने रॉकेट, ड्रोन और मिसाइलों के भारी भंडार छिपा रखे हैं. ऊबड़-खाबड़ जमीन और गहरी खाइयां हिजबुल्ला के लड़ाकों को छिपने और हमला करने में काफी मदद कर रही हैं. इन इलाकों से लगातार इजराइल पर मिसाइलें दागी जा रही हैं, जिसकी जद में इस वक्त समूचा इजराइल आ चुका है. इजराइल के लिए चुनौती सिर्फ आसमान से बरसते रॉकेट नहीं हैं, बल्कि जमीन पर हिजबुल्ला की रणनीतिक मजबूती भी है.
इजराइल का जोरदार पलटवार
हिजबुल्ला के बढ़ते हमलों को देखते हुए इजराइल की डिफेंस फोर्स (IDF) ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इजराइल ने अपने घातक 'मरकवा टैंक' रेजीमेंट के साथ इन सीमावर्ती इलाकों में कूच कर दिया है. ग्राउंड ऑपरेशंस के साथ-साथ इजराइल की वायुसेना भी पूरी तरह एक्टिव है. लेबनान की राजधानी बेरूत, दहिया और उन तमाम संभावित ठिकानों पर इजराइली फाइटर जेट्स लगातार बमबारी कर रहे हैं, जहां हिजबुल्ला के ठिकाने होने की आशंका है. इजराइल का मकसद हिजबुल्ला के कमांड सेंटर्स को पूरी तरह तबाह करना है ताकि वह दोबारा सिर न उठा सके.
गोरिल्ला वॉर की आहट
बॉर्डर से मिल रही जानकारी के मुताबिक, हिजबुल्ला के लड़ाके अब 'गोरिल्ला वॉर' यानी छापामार युद्ध की तैयारी में जुट गए हैं. यह इजराइल के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है क्योंकि पहाड़ियों के बीच आमने-सामने की जंग के बजाय छिपकर किए जाने वाले हमले ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं. जानकारों का कहना है कि भले ही आने वाले समय में ईरान के साथ चल रही सीधी जंग कुछ हद तक थम जाए, लेकिन हिजबुल्ला के साथ यह संघर्ष लंबा खिंच सकता है.
ये भी पढ़ें- एक-दो नहीं जंग के बीच फंसे हैं भारत के इतने जहाज, सरकार ने दी जानकारी
टू-फ्रंट वॉर में फंसा इजराइल
पिछले साल हुए सीजफायर के बाद ऐसा लगा था कि हिजबुल्ला शांत बैठ गया है, लेकिन हकीकत में वह अपनी ताकत बटोर रहा था. अब जिस तरह से उसने इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोला है, उससे लेबनान बॉर्डर ईरान वॉर का सबसे संवेदनशील हिस्सा बन गया है. इजराइली सेना के लिए इन पहाड़ियों में घुसकर ऑपरेशन करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इजराइल की सेना इस मुश्किल हालात से कैसे पार पाती है और हिजबुल्ला के गोरिल्ला ऑपरेशंस का सामना कैसे करती है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation






















