Responsive Scrollable Menu

Holi के बाद रंगों के दाग से न हों परेशान, ये आसान Home Cleaning Tips मिनटों में चमकाएंगे फर्श

होली का त्योहार रंगों और खुशियों का है। होली का पर्व आ चुका है, लोग इस त्योहार का इंतजार बेसब्री से करते हुए। इस त्योहार की तैयारियां पहले से ही शुरु हो जाती है। होली वाले दिन लोग रंग लगाते हैं और एक-दूसरे को गले लगाते हैं। होली खेलना भला किसे पसंद नहीं है। इस दिन लोग मस्ती के साथ एक-दूसरे को रंग लगाते हैं। होली खेलने के बाद चेहरे व बालों में कलर लगा रहता ही है, इसके साथ फर्श भी रंग के जिद्दी दाग लग जाते हैं।
इसे छुटाने में काफी मेहनत लग जाती है। इस लेख में हम आपको आसान ट्रिक्स बताने जा रहे, जिससे आप बिना ज्यादा मेहनत किए फर्श पर लगे रंगों को आसानी से छुटा सकते हैं। आइए आपको इन ट्रिक्स के बारे में बताते हैं।

गुनगुना पानी और बर्तन धोने वाला लिक्विड

फर्श पर लगे हुए रंगों के दाग को साफ करने के लिए सबसे पहले सूखे रंग को झाडू या सूखे कपड़े से हटा लें। इसके बाद ही गुनगुने पानी में थोड़ा-सा डिश वॉशर मिलाएं। इसके बाद फर्श पर पोछा लगाएं।

बेकिंग सोडा और नींबू

यदि जिद्दी दाग ज्यादा ही दिख रहे हैं, तो आप बेकिंग सोडा में कुछ बूंदें नींबू मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे दाग वाली जगह पर लगाएं, फिर इसे 10 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर किसी ब्रश से रगड़ दें। यह तरीका खासकर टाइल्स पर अच्छे से काम करता है। 
 
सिरका और गरम पानी

जिद्दी दाग-धब्बों को साफ करने में सिरका काफी असरदार माना जाता है। इसके उपयोग के लिए एक बाल्टी गुनगुने पानी में लगभग आधा कप सिरका अच्छी तरह मिला लें। फिर इस मिश्रण से फर्श पर पोछा लगाएं। इससे न सिर्फ बदबू दूर होगी, बल्कि रंग या अन्य दागों के निशान भी काफी हद तक हल्के पड़ जाएंगे।

नमक और सरसों का तेल

यदि आपके फर्श पर बहुत ही ज्यादा रंग चिपक गया है, तो इसके लिए नमक लें और इसमें कुछ बूंदे सरसों का तेल मिला लें। इसे दाग वाली जगह पर रगड़ें। नमक एक प्राकृतिक स्क्रबर की तरह काम करता है, जो सतह पर जमे दागों को हटाने में सहायक होता है, जबकि तेल रंग को ढीला करने में मदद करता है। पहले इनका इस्तेमाल करें और फिर अंत में फर्श को साबुन मिले पानी से अच्छी तरह साफ कर लें, ताकि सारी गंदगी पूरी तरह निकल जाए।

इन बातों का रखें ख्याल

- मार्बल पर हाई एसिड वाला कुछ भी न डालें।

- लकड़ी के फर्श पर ज्यादा पानी न डाले।

- ग्रेनाइट पर हल्का क्लीनर का इस्तेमाल करें। 

Continue reading on the app

समरसता की अनुभूति कराता है होली का पर्व

भारत उत्सवों की भूमि है, तीज-त्योहारों की पावन धरा है। किसी समाज में पर्वों की निरंतरता उसकी सांस्कृतिक समृद्धि और सामूहिक उल्लास का संकेत मानी जाती है। होली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारत की धड़कनों में गूँजता समरसता का संगीत है। यह मुख्यतः फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाई जाती है। वैदिक काल में इसे नवात्रैष्टि यज्ञ कहा गया, जहाँ खेत के अधपके अन्न को अग्नि में अर्पित कर प्रसाद रूप में ग्रहण किया जाता था। अन्न को “होला” कहा जाता था, इसी से “होलिकोत्सव” नाम प्रचलित हुआ।

भारतीय ज्योतिष के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नववर्ष का आरंभ माना जाता है, और होली के पश्चात ही चैत्र मास का प्रवेश होता है। इस दृष्टि से होली केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समय के परिवर्तन का सूचक है—वसंत की आहट और नवसंवत के स्वागत का प्रतीक। इसी तिथि को मन्वादितिथि भी कहा गया है, क्योंकि मान्यता है कि प्रथम पुरुष मनु का प्राकट्य इसी दिन हुआ था। मनु को मानव सभ्यता और सामाजिक व्यवस्था का आदिप्रवर्तक माना जाता है। इसलिए यह दिन केवल ऋतु परिवर्तन का संकेत नहीं, बल्कि मानवीय चेतना और सांस्कृतिक आरंभ का भी प्रतीक बन जाता है—एक ऐसी शुरुआत, जिसमें व्यवस्था, नैतिकता और जीवन-दर्शन के बीज निहित हैं। फाल्गुन पूर्णिमा को होलिका दहन और अगले दिन धुलेंडी पर रंगोत्सव—यह केवल रंगों का उन्माद नहीं, बल्कि एक ऐसा संवाद है, जिसमें अतीत की राख से भविष्य के रंग जन्म लेते हैं।

इसे भी पढ़ें: आध्यात्मिक चेतना एवं वैज्ञानिक दृष्टि का सांस्कृतिक उत्सव है होली

होली का दार्शनिक आधार भारतीय चेतना की गहराइयों में निहित है। प्रह्लाद की अटूट श्रद्धा और होलिका के दहन की कथा केवल पौराणिक आख्यान नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर चलने वाले सत्य  और असत्य के संघर्ष का रूपक है। जब हिरण्यकशिपु का अहंकार अग्नि में भस्म होता है, तब यह केवल एक पात्र का अंत नहीं, बल्कि अन्याय, दंभ और विभाजनकारी मानसिकता का अंत है। जब तक भीतर की असमानता नहीं जलेगी, बाहर की समरसता अधूरी रहेगी। और फिर अगली सुबह, जब रंग चेहरे पर लगते हैं, पर असर मन पर होता है। उस क्षण न कोई ऊँच-नीच का प्रश्न रह जाता है, न अमीर-गरीब का अंतर। रंग सबको एक-सा बना देते हैं—एक ही हँसी, एक ही उमंग, एक ही स्पर्श। यह दृश्य बताता है कि विविधता विरोध नहीं, सौंदर्य है। जैसे अनेक रंग मिलकर इंद्रधनुष रचते हैं, वैसे ही विभिन्न समुदाय मिलकर राष्ट्र की आत्मा को पूर्ण बनाते हैं।

भारत के कोने-कोने में होली के रूप भिन्न हैं, पर भाव एक है। ब्रज मंडल में होली बसंत पंचमी से शुरू होकर रंगभरनी एकादशी के बाद चरम पर पहुँचती है। लड्डूमार से लट्ठमार तक अनोखे उत्सव मनते हैं और देश-विदेश से लोग ब्रज पहुँचते हैं। बरसाने  की लट्ठमार होली में हँसी सचमुच हवा में घुली रहती है। गलियों में उड़ता गुलाल, छतों पर खिलखिलाहट और चौक की ठिठोली से पूरा ब्रज मुस्कुराता दिखता है। सजी महिलाएँ लाठियाँ थामे बढ़ती हैं, पुरुष ढाल सँभाले शरारती अंदाज़ में बचते हैं। यह सब किसी संघर्ष का नहीं, प्रेम की मीठी नोक-झोंक का उत्सव है।

इस हँसी-ठिठोली के बीच परंपरा केवल निभाई नहीं जाती, बल्कि उल्लास के साथ जी जाती है। ऊपर से दृश्य चंचल दिखता है, पर भीतर गहरी सांस्कृतिक स्मृति धड़कती है। यह राधा–कृष्ण की आनंदमयी लीलाओं का स्मरण कराती है, जहाँ रूठना-मनाना भी प्रेम का ही एक रंग है। यहाँ स्त्री उत्सव की केंद्र-बिंदु बनकर उभरती है; उसकी सक्रियता शक्ति और स्नेह के सुंदर संतुलन का प्रतीक बनती है—एक ऐसा संतुलन, जिसमें हास्य भी है, सम्मान भी, और अपनापन भी। वहीं वृंदावन की फूलों की होली में जब रंगों के स्थान पर पुष्प बरसते हैं, तो वातावरण मानो सुगंधित भक्ति से भर उठता है। ब्रज की होली वस्तुतः अद्वैत का उत्सव है—जहाँ बाहरी रंग भीतर की चेतना को रंग देते हैं।

ढोलक और मंजीरे की थाप पर गूँजते रसिया गीत होली के इस उत्सव की आत्मा हैं —
“आज बिरज में होरी रे रसिया, कृष्ण के हाथ कनक पिचकारी, राधा के हाथ कमोरी रे रसिया…”
इन स्वरों में नोक-झोंक, भक्ति और हास्य एक साथ बहते हैं।

पूर्वांचल के फगुआ में लोकधुनें गूँजती हैं—
“होली खेले रघुवीरा अवध में,
होली खेले रघुवीरा..”

इन गीतों में केवल उल्लास नहीं, लोकजीवन की साझी संवेदना है।

होली के पकवान भी जैसे समरसता का स्वाद हैं। गुजिया की मिठास, दही बड़े की कोमलता, मालपुए की सुगंध और ठंडाई की शीतलता—ये सब केवल व्यंजन नहीं, बल्कि साझा संस्कृति की थाली हैं। इस पर्व की सबसे बड़ी शक्ति यही है कि यह सामाजिक दीवारों को नरम कर देता है और हमें याद दिलाता है कि यदि एक दिन के लिए हम भेद भूल सकते हैं, तो सदा के लिए क्यों नहीं? रंग केवल बाहरी पदार्थ नहीं, बल्कि भावनाओं के प्रतीक हैं। लाल प्रेम का, पीला आशा का, हरा नवजीवन का, नीला विश्वास का। वे हमें सिखाते हैं कि जीवन श्वेत-श्याम नहीं; उसमें अनेक स्वर और छायाएँ हैं। यदि हम केवल अपने ही रंग को सर्वोच्च मानेंगे, तो संघर्ष जन्म लेगा; पर यदि हम सब रंगों को स्वीकार करेंगे, तो एक अद्भुत चित्र बनेगा—समरसता का चित्र। आज जब समाज विचारों और पहचानों से बँटने की आशंका में है, होली हमें संदेश देती है—मनभेद छोड़ो, क्षमा करो, गले मिलो। यह पुनर्मिलन का संस्कार है।

मनोवैज्ञानिक दृष्टि से होली आज की भागदौड़ और दबाव भरी जीवनशैली में एक सशक्त तनाव-नाशक (Stress Buster) उत्सव है। रंगों के साथ खुलकर हँसना, नाचना और गले मिलना मस्तिष्क में डोपामिन और ऑक्सिटोसिन जैसे प्रसन्नता देने वाले हार्मोन बढ़ाता है, जिससे तनाव और अकेलेपन की भावना कम होती है। यह पर्व दबे हुए भावों को सहज वातावरण में व्यक्त करने का अवसर देता है। गिले-शिकवे भूलकर मेल-मिलाप करना मानसिक बोझ हल्का करता है और संबंधों में नई ऊष्मा भरता है। सामूहिक उल्लास व्यक्ति को “मैं” से “हम” की ओर ले जाता है।

डिजिटल युग में, जहाँ संबंध स्क्रीन की रोशनी में सिमटते जा रहे हैं, होली वास्तविक स्पर्श का महत्व पुनः स्थापित करती है। Gen Z के लिए यह केवल इंस्टाग्राम की रील या रंगीन सेल्फी का अवसर नहीं, बल्कि वास्तविक संवाद का उत्सव है। यह पीढ़ी विविधता, समावेशिता और समानता की बात करती है—होली उन्हें इन मूल्यों को जीने का अवसर देती है। जब वे पर्यावरण-अनुकूल रंग चुनते हैं, सामुदायिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों के साथ खुलकर मिलते हैं, तब वे समरसता को केवल शब्द नहीं, कर्म बना देते हैं।

इस प्रकार होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि मानसिक ताजगी, भावनात्मक संतुलन और सामाजिक जुड़ाव का प्रभावी माध्यम है। यह मृदुता, सहजता और अपनत्व का वह त्रिवेणी पर्व है— जो मन के मैल को प्रेम की वर्षा में बहा देता है। ‘होली है’ कहकर हम विविध रंगों में एक चेतना का उत्सव मनाते हैं और समरसता को जीते हैं।

- डॉ. शिवानी कटारा
(लेखिका, दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स से पीएचडी हैं)

Continue reading on the app

  Sports

T20 World Cup 2026: टीम इंडिया की लगी लॉटरी, फाइनल से पहले ही इतने करोड़ का इनाम मिलना तय

T20 World Cup 2026 Prize Money: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच के बाद दोनों टीमों का मालामाल होना तय है. Fri, 06 Mar 2026 11:58:52 +0530

  Videos
See all

Israel Iran War News | ईरान के मिसाइल कंट्रोल पोस्ट पर हमला |#ytshorts #shorts #irannews #tmktech #vivo #v29pro
2026-03-06T06:36:29+00:00

Amit Shah LIVE: गृह मंत्री अमित शाह Cuttack में CISF के 57वें स्थापना दिवस में हुए शामिल | BJP #tmktech #vivo #v29pro
2026-03-06T06:33:30+00:00

Assam में Su-30 MKI विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट लापता | News #tmktech #vivo #v29pro
2026-03-06T06:42:34+00:00

Delhi के रिठाला झुग्गी बस्ती में भीषण आग, नाबालिग की मौत | News #tmktech #vivo #v29pro
2026-03-06T06:36:46+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers