Delhi में अंगदान पोर्टल शुरू, CM Rekha Gupta ने भी लिया अंग दान करने का संकल्प
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी का अंग दान पोर्टल बृहस्पतिवार को शुरू किया और अपने शरीर के विभिन्न अंगों को दान करने का संकल्प लिया। यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिध के तौर पर 25 साल पूरे करने के मौके पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू की गई है। अधिकारियों ने कहा कि राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एसओटीटीओ) ने राष्ट्रीय राजधानी में अंग दान को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एनओटीटीओ) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
गुप्ता ने दिल्ली में लोगों से आगे आने और अपने अंगों को दान करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। गुप्ता ने कहा, “ अंगदान सेवा संकल्प की सच्ची भावना को दर्शाता है। एक व्यक्ति के इस उदार और नेक संकल्प से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।” उन्होंने दिल्लीवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदार बनने और अंगदान का संकल्प लेने की अपील की।
गुप्ता ने कहा कि अंगदान का यह अभियान प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे मरीजों को जीवन की नई उम्मीद देने के साथ-साथ समाज में अंगदान के उद्देश्य को भी नई दिशा देने की क्षमता रखता है। अधिकारियों ने बताया कि लोग पोर्टल पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके अंग या ऊतक दान करने का संकल्प दर्ज कर सकते हैं और इसके लिए प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंग दान केंद्र का मुख्यालय दिल्ली सरकार के जीबी पंत अस्पताल में होगा।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि जी. बी. पंत अस्पताल में एसओटीटीओ के संचालन के साथ दिल्ली में अंग एवं ऊतक दान के समन्वय और प्रोत्साहन को और मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे आगे आएं, अंगदान का संकल्प लें और इस नेक पहल का हिस्सा बनें।
Udhampur Encounter: सुरक्षाबलों ने मार गिराए 2 पाकिस्तानी आतंकी, भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के वन क्षेत्र में जारी आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराया गया और आतंकवादियों के एक संदिग्ध मददगार को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद मजालता के ब्रातेल सोआन और खुब्बन इलाकों में सेना, पुलिस एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संयुक्त अभियान चलाया।
सेना और पुलिस ने इस अभियान में दो आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि की, जिनकी पहचान सद्दाम और मुस्तफा के रूप में की गई है। पुलिस के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकी पाकिस्तानी नागरिक थे। जम्मू स्थित ‘व्हाइट नाइट कोर’ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘16-17 सितंबर की मध्य रात्रि के दौरान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक संयुक्त अभियान में उधमपुर के ब्रातेल में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी।’’ इसने कहा, ‘‘प्रतिकूल मौसम, दुर्गम इलाके और खराब दृश्यता के बावजूद व्हाइट नाइट कोर, पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने आतंकवाद रोधी अभियान शुरू किया और दो आतंकवादियों को मार गिराया।
अभियान अब भी जारी है। किसी भी अन्य खतरे का पता लगाने और उसके खात्मे के लिए सुरक्षा बल तैनात हैं।’’ अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह घने जंगलों वाले इलाके में आतंकवादियों के एक समूह की मौजूदगी की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा बल उनकी तलाश कर रहे थे। नयी जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने बुधवार रात लगभग नौ बजे एक इलाके की घेराबंदी की, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान शुरू होने के कुछ ही देर बाद गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। हालांकि, रातभर इलाके में काफी हद तक शांति बनी रही लेकिन बृहस्पतिवार सुबह आतंकवादियों ने घेराबंदी तोड़कर निकलने के प्रयास में भीषण गोलीबारी शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से अमेरिका निर्मित ‘एम4 कार्बाइन’ और एक ‘एके असॉल्ट राइफल’ समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों का मददगार होने के संदेह में एक स्थानीय व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इस साल उधमपुर जिले में यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ है।
इससे पहले फरवरी में रामनगर के जंगलों में दो पाकिस्तानी आतंकवादी मारे गए थे, जिनमें पिछले कई सालों से इस इलाके में सक्रिय स्वयंभू कमांडर रुबानी उर्फ अबू माविया भी शामिल था। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई सालों में, कठुआ-उधमपुर-डोडा क्षेत्र के कठिन पहाड़ी इलाकों का इस्तेमाल जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों द्वारा सीमा पार से घुसपैठ करने के बाद ठिकाने बनाने और सुरक्षा बलों से बचने के लिए किया जाता रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, सुरक्षा बलों ने इन नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है, ताकि आतंकवादियों को ऊपरी इलाकों में सुरक्षित आवागमन और पनाह न मिल सके।
उन्होंने कहा कि लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में सक्रिय बड़ी संख्या में आतंकवादियों को मार गिराया गया है, जिनमें से कई की पहचान पाकिस्तानी नागरिकों के रूप में हुई है। सुरक्षा एजेंसियां खुफिया सूचनाओं और आतंकवादियों की संभावित मौजूदगी के आकलन के आधार पर दूरदराज के वन क्षेत्रों में कड़ी निगरानी बनाए रखने के साथ-साथ तलाशी अभियान भी चला रही हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








