Jhansi में भीषण Road Accident: दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत
झांसी जिले में दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना बृहस्पतिवार देर रात शिवपुरी रोड स्थित सीपरी ओवर ब्रिज पर हुई।
आजाद गंज सीपरी बाजार निवासी रुद्राक्ष बाजपेई (22) अपने दोस्त के यहां जाने के लिए स्कूटी से घर से निकला और ओवरब्रिज से होते हुए इलाइट चौराहे की ओर जा रहा था। तभी सामने से अपने दोस्त के साथ लौट रहे रेलवे कॉलोनी निवासी सक्षम (20) की मोटरसाइकिल से आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि दोपहिया वाहनों की इस टक्कर में सक्षम और रुद्राक्ष की मौके पर ही मौत हो गई तथा सोमिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की हालत भी गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी जेपी चौबे ने बताया कि मृत दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।
Assam flood: पीड़ितों को राहत देने बीमा कंपनियों व NBFCs से संपर्क करेगी सरकार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने इस साल बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित चार जिलों के अपने ग्राहकों को छूट प्रदान करने के लिए तथा दावों के शीघ्र निपटान के लिए बीमा कंपनियों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) से संपर्क करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि घरों, पशुओं आदि को हुए नुकसान का आकलन जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है और सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि मरम्मत के लिए धन जल्द से जल्द वितरित किया जाए। यह घोषणा मुख्यमंत्री के उस बयान के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की एक विशेष बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि चार जिलों में सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को ऋण चुकाने के लिए छह महीने की मोहलत दी जाएगी।
राज्य में बाढ़ से अब तक कम से कम 80 लोगों की मौत हो चुकी है और 2 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। चार जिले - शिवसागर, चारियादेव, जोरहाट और गोलाघाट - सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। यहां कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘हमने इस महत्वपूर्ण समय में लोगों को और अधिक राहत कैसे प्रदान की जाए, इस पर विस्तार से चर्चा की।’’ उन्होंने कहा कि 5 अगस्त को निजी और सरकारी दोनों बीमा कंपनियों के साथ एक बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया ताकि उनसे बीमित क्षतिग्रस्त वाहनों, पशुधन आदि के दावों का शीघ्र निपटान करने का आग्रह किया जा सके।
उन्होंने कहा, ‘‘शिवसागर, चारियादेव, जोरहाट और गोलाघाट के चार जिलों के लिए, हम उनसे अनुरोध करेंगे कि वे स्वयं दावे एकत्र करें और उन्हें जल्द से जल्द निपटाएं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इन चार जिलों के कर्जदारों को मोहलत देने और ऐसे लाभ देने के अनुरोध के साथ 5 अगस्त को एनबीएफसी के साथ भी बैठक करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह बैंकों ने कल उनके साथ हमारी बैठक के बाद ऋण पर छह महीने की मोहलत या ऋण चुकाने की अवधि बढ़ा दी है, हम एनबीएफसी से भी इसी तरह का लाभ प्रदान करने का आग्रह करेंगे।’’ शर्मा ने कहा कि सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में मकानों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और एक या दो दिन के भीतर पूरा होने की उम्मीद है, ताकि अंतरिम राहत के रूप में प्रति परिवार 15,000 रुपये का वितरण अगस्त में ही किया जा सके।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi

















