700 ग्राम की नवजात ने दी मौत को मात, मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 50 दिनों तक मिला कैशलेस इलाज
पंजाब के नवांशहर में एक बेहद समयपूर्व जन्मी बच्ची ने विशेष चिकित्सा देखभाल और लगातार इलाज के बाद जिंदगी की जंग जीत ली है. गर्भावस्था के केवल 27वें सप्ताह में जन्मी इस बच्ची का जन्म के समय वजन महज 700 ग्राम था. जन्म के तुरंत बाद उसकी हालत गंभीर हो गई थी, लेकिन करीब 50 दिनों तक एनआईसीयू में चले विशेष उपचार के बाद उसे स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
इस इलाज में पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ ने अहम भूमिका निभाई. योजना के तहत बच्ची का करीब 3 लाख रुपये का उपचार पूरी तरह कैशलेस किया गया, जिससे परिवार को भारी मेडिकल खर्च का बोझ नहीं उठाना पड़ा.
जन्म के बाद आई सांस लेने में गंभीर परेशानी
जानकारी के अनुसार, बच्ची का जन्म 9 जून 2026 को नवांशहर के शिव शंकर मोहल्ला निवासी सूरज और उनकी पत्नी के घर हुआ था. समय से लगभग तीन महीने पहले जन्म होने के कारण बच्ची के फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं थे.
जन्म के तुरंत बाद उसे गंभीर सांस संबंधी समस्या होने लगी. डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए तत्काल उसे एक सूचीबद्ध निजी अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट यानी एनआईसीयू में भर्ती किया. शुरुआती दिनों में बच्ची को वेंटिलेटर पर रखा गया और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी गई.
50 दिनों तक चला विशेष उपचार
बच्ची का इलाज कर रहे डॉ. हरतेश सिंह पाहवा ने बताया कि 27 सप्ताह में जन्म लेने वाले शिशु बेहद नाजुक होते हैं. ऐसे बच्चों को चौबीसों घंटे विशेषज्ञों की निगरानी और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत होती है.
उन्होंने बताया कि बच्ची को उचित पोषण, संक्रमण से बचाव और लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग उपलब्ध कराई गई. इलाज के दौरान डॉक्टरों की टीम ने उसकी सेहत में हो रहे बदलावों पर लगातार नजर रखी. धीरे-धीरे बच्ची की हालत में सुधार हुआ और करीब 50 दिनों की विशेष देखभाल के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
कैशलेस इलाज से परिवार को मिली बड़ी राहत
बच्ची के पिता सूरज ने कहा कि परिवार के लिए करीब 3 लाख रुपये का इलाज कराना बेहद मुश्किल होता. उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें अपनी बेटी की हालत को लेकर डर और चिंता हुई, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों और योजना के सहयोग से उन्हें उम्मीद मिली.
सूरज ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री सेहत योजना का लाभ नहीं मिलता, तो इतने महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए संभव नहीं था. योजना के कारण परिवार अस्पताल के बिलों की चिंता करने के बजाय बच्ची के स्वास्थ्य पर ध्यान दे सका.
स्वास्थ्य मंत्री ने योजना को बताया महत्वपूर्ण
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि किसी भी परिवार को जीवन बचाने और इलाज के लिए पैसे जुटाने के बीच चुनाव करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि हर मां को सुरक्षित प्रसव और हर नवजात को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए. उनके अनुसार, मुख्यमंत्री सेहत योजना का उद्देश्य लोगों को आर्थिक चिंता से मुक्त करते हुए समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.
हजारों नवजातों को मिला उपचार का लाभ
राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले करीब सात महीनों में विशेष नवजात देखभाल पैकेज के तहत 1,869 बच्चों को लाभ मिला है. वहीं, इंटेंसिव नियोनेटल केयर पैकेज के अंतर्गत 1,719 नवजातों के इलाज के दावे स्वीकृत किए गए हैं.
इन दोनों श्रेणियों में नवजातों की देखभाल पर कुल 6.28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए. इसके अलावा, एडवांस्ड और क्रिटिकल नियोनेटल केयर पैकेज के तहत भी कई गंभीर मामलों में बच्चों को जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराया गया.
नवांशहर की इस बच्ची की स्वस्थ घर वापसी को समय पर इलाज, विशेषज्ञ चिकित्सा और आर्थिक सहायता के संयुक्त प्रयास का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई उड़ान, AIIMS ऋषिकेश से शुरू हुई देश की पहली हेली एंबुलेंस सेवा
श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए आई गुडन्यूज, जसप्रीत बुमराह ने पास किया फिटनेस टेस्ट
श्रीलंका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक राहत वाली खबर आई है. टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को दोनों मैच खेलने के लिए फिट घोषित कर दिया गया है. हाल ही में श्रीलंका दौरे के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान हुआ था, तो उसमें जसप्रीत बुमराह को शामिल किया गया था. मगर, उनके खेलने पर आखिरी फैसला फिटनेस के आधार पर होने वाला था. वहीं, अब रिपोर्ट्स के हवाले से खबर सामने आ रही है कि जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट हो चुके हैं और उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है. COE ने इस तेज गेंदबाज को खेलने की मंज़ूरी दे दी है.
जसप्रीत बुमराह ने पास किया फिटनेस टेस्ट
भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इंग्लैंड दौरे पर खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान इंजरी हुई थी, जिसके चलते वह लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा वनडे मैच नहीं खेल सके थे. फिर, श्रीलंका दौरे के लिए चुनी गई टेस्ट टीम में उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त पर ही शामिल किया गया था.15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ से पहले, टीम कई खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है, ऐसे में बुमराह का उपलब्ध होना एक बड़ी राहत है.
BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर PTI को बताया, "जसप्रीत बुमराह अपनी चोट से उबर चुके हैं. उन्होंने COE के ज़रूरी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं. उम्मीद है कि वह दोनों मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे क्योंकि वह टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं."
टीम इंडिया के पेस अटैक हुआ मजबूत
जसप्रीत बुमराह की वापसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल के अहम पड़ाव पर भारत के तेज गेंदबाज़ी आक्रमण को काफी मजबूत बनाती है. शुभमन गिल की कप्तानी में भारत अभी WTC स्टैंडिंग में श्रीलंका से एक स्थान ऊपर, पांचवें नंबर पर है और 2027 के फ़ाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे जीत की जरूरत है. बताते चलें, फाइनल मुकाबले की रेस में बने रहने के लिए मेहमान टीम को अपने बचे हुए 9 टेस्ट मैचों में से सात जीतने होंगे. इसलिए, इस साल के आखिर में न्यूज़ीलैंड में होने वाले मुश्किल दौरे से पहले श्रीलंका में 2-0 से सीरीज जीतना बहुत जरूरी है.
श्रीलंका के खिलाफ कैसा है बुमराह का रिकॉर्ड?
श्रीलंका के खिलाफ जसप्रीत बुमराह ने अब तक 2 मैच खेले हैं, जिसकी 4 पारियों में उन्होंने 9 के औसत से 10 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उन्होंने एक बार फोर विकेट हॉल भी लिया है. उनका बेस्ट प्रदर्शन 5/24 का रहा.
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए ऐसी है टीम इंडिया
शुभमन गिल (कप्तान), लोकेश राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation
















.jpg)





