ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट इंडो-पैसिफिक में भारत की बढ़ती ताकत और चीन के लिए चुनौती : रिपोर्ट
नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। भारत का महत्वाकांक्षी ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान है, जिसका मकसद देश के सबसे दक्षिणी द्वीप को एक रणनीतिक कमर्शियल और मिलिट्री हब में बदलना है। इसे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम माना जा रहा है, खासकर चीन के लिए इसके बड़े असर हो सकते हैं।
भू-राजनीति में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब कोई एक प्रोजेक्ट पूरे इलाके की रणनीति बदल देता है। द संडे गार्जियन में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेट निकोबार आइलैंड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट भी ऐसा ही एक मौका है।
करीब दस बिलियन डॉलर का यह बड़ा प्रोजेक्ट भारत के इस द्वीप को एक बड़े व्यापारिक और सैन्य केंद्र में बदलने की योजना है। इससे इंडो-पैसिफिक में ताकत का संतुलन भी बदल सकता है।
यह द्वीप मलक्का स्ट्रेट के पास स्थित है, जो दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री रास्तों में से एक है। इस वजह से भारत को यहां से समुद्री व्यापार पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर असर डालने का बड़ा फायदा मिल सकता है। चीन का काफी तेल और व्यापार इसी रास्ते से गुजरता है, इसलिए यह उसकी रणनीति में एक कमजोर कड़ी मानी जाती है, जिसे मलक्का डिलेमा कहा जाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ग्रेट निकोबार का विकास भारत को पूर्वी हिंद महासागर में समुद्री ताकत बढ़ाने में मदद करेगा, उसकी सैन्य लॉजिस्टिक्स मजबूत करेगा और सिंगापुर और कोलंबो जैसे विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम करेगा। यह प्रोजेक्ट इंडो-पैसिफिक में भारत की मौजूदगी बढ़ाने और चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।
रणनीतिक फायदे के अलावा, यह प्रोजेक्ट आर्थिक रूप से भी काफी फायदेमंद हो सकता है। इससे यह द्वीप एक बड़ा लॉजिस्टिक्स और ट्रेड हब बन सकता है, जहां से वैश्विक शिपिंग ट्रैफिक आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी। यह भारत के लंबे समय के समुद्री विजन को भी सपोर्ट करेगा।
इस प्रोजेक्ट को जरूरी मंजूरियां मिल चुकी हैं, जिनमें नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की मंजूरी भी शामिल है। ट्रिब्यूनल ने इसकी रणनीतिक अहमियत को मानते हुए कुछ सख्त पर्यावरणीय शर्तों के साथ इसे मंजूरी दी है।
रिपोर्ट में यह भी जिक्र है कि यह प्रोजेक्ट चीन की समुद्री रणनीति को मुश्किल बना सकता है। इससे इंडो-पैसिफिक के अहम समुद्री मार्गों पर भारत की पकड़ मजबूत होगी।
भौगोलिक नजरिए से देखें तो अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जो करीब 700 किलोमीटर तक फैला है, मलक्का स्ट्रेट के प्रवेश द्वार पर एक तरह से प्राकृतिक एयरक्राफ्ट कैरियर जैसा है, जो भारत को उसकी भौगोलिक स्थिति के कारण मिला है।
इस श्रृंखला का सबसे दक्षिणी द्वीप ग्रेट निकोबार है, जो सिंगापुर, पोर्ट क्लांग और कोलंबो से लगभग बराबर दूरी पर स्थित है। यह द्वीप सिर्फ मलक्का स्ट्रेट के पास ही नहीं है, बल्कि उसके उत्तरी हिस्से पर एक तरह से नियंत्रण रखता है।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
2 हफ्ते से ज्यादा खांसी तो लगातार घट रहा वजन? जानें समय पर जांच क्यों है जरूरी
नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। हल्के लक्षणों पर ध्यान न दिया जाए तो वही गंभीर रोगों में तब्दील सकता है। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट चेतावनी देते हैं कि लगातार खांसी को हल्के में न लें। यह क्षय रोग यानी टीबी का प्रमुख लक्षण हो सकता है।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने लोगों को चेतावनी दी है कि दो हफ्ते तक खांसी या लगातार गिरते वजन को हल्के में न लें। यह क्षय रोग यानी टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। टीबी एक संक्रामक बीमारी है जो बैक्टीरिया से होती है और अगर समय पर इलाज न किया जाए तो जानलेवा भी बन सकती है। एनएचएम का कहना है कि छोटे-छोटे लक्षण जैसे बार-बार खांसी और बिना कारण वजन कम होना बड़े खतरे की चेतावनी हो सकते हैं।
मिशन के अनुसार, यदि आपको दो हफ्ते से ज्यादा समय तक लगातार खांसी आ रही हो, खून के साथ खांसी यानी हेमोप्टिसिस, सीने में दर्द, बिना किसी कारण वजन घटना, भूख न लगना, शाम को तेज बुखार आना, रात में पसीना आना, लगातार थकान महसूस होना व गर्दन में सूजन जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।
ये लक्षण टीबी के हो सकते हैं। टीबी मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है, लेकिन यह शरीर के अन्य हिस्सों जैसे गर्दन, हड्डी, मस्तिष्क आदि को भी प्रभावित कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सही समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। सरकार मुफ्त जांच और दवाइयां उपलब्ध कराती है। अगर लक्षण दिखें तो नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या टीबी क्लिनिक में जाकर जांच कराएं।
टीबी हवा के जरिए फैलती है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बोलने से बैक्टीरिया हवा में फैल सकते हैं। इसलिए लक्षण दिखने पर खुद को दूसरों से अलग रखना और समय पर दवा शुरू करना बहुत जरूरी है। एनएचएम लोगों से अपील कर रहा है कि वे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। जागरूकता और समय पर इलाज से टीबी को जड़ से खत्म किया जा सकता है।
टीबी से बचाव के लिए सावधानियां रखनी चाहिए जैसे स्वच्छता बनाए रखें, अच्छा और पौष्टिक भोजन करें, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करें, लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं टीबी से बचाव और इलाज दोनों संभव है। छोटी सी सावधानी बड़ी समस्या से बचा सकती है।
--आईएएनएस
एमटी/वीसी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation




















