हुंडई मोटर्स ने 1 मई से कीमतों में एक प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई मोटर्स इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने बुधवार को कीमतों में एक प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया। नई कीमतें एक मई से प्रभावी होंगी।
एक्सचेंज फाइलिंग में अनुसार, कंपनी ने मूल्य वृद्धि के पीछे विभिन्न लागत वृद्धि का हवाला देते हुए कहा कि वृद्धि की मात्रा वेरिएंट और मॉडल के आधार पर अलग-अलग होगी।
एचएमआईएल ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, कंपनी का प्रयास हमेशा बढ़ती लागतों को वहन करना रहा है ताकि हमारे ग्राहकों को मूल्य में उतार-चढ़ाव से बचाया जा सके। हालांकि, इनपुट लागतों में वृद्धि के कारण, इस प्रभाव के एक हिस्से को मामूली मूल्य संशोधन के माध्यम से ग्राहकों पर डालना आवश्यक हो गया है।
मार्च 2026 में एचएमआईएल ने 69,004 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है। इसमें से घरेलू बिक्री 55,064 यूनिट्स रही है। कंपनी ने मार्च के किसी भी महीने में घरेलू बिक्री का अब तक का उच्चतम स्तर दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 6.3 प्रतिशत अधिक है।
जनवरी से मार्च 2026 की अवधि में कुल बिक्री 2,08,275 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.7 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बयान में कहा कि चौथी तिमाही में घरेलू बिक्री 1,66,578 यूनिट्स रही हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक है। यह कंपनी की स्थापना के बाद से घरेलू बिक्री का अब तक का उच्चतम तिमाही आंकड़ा है।
कंपनी का निर्यात 9.4 प्रतिशत बढ़कर 41,697 यूनिट्स हो गया।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने मार्च में अपने सभी यात्री वाहनों (आईसीई) की कीमतों में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की थी, जो 1 अप्रैल, 2026 से प्रभावी हो गई हैं।
टाटा मोटर्स ने बढ़ती कमोडिटी कीमतों और अन्य इनपुट लागतों के प्रभाव को आंशिक रूप से कम करने के लिए उसी तारीख से अपने वाणिज्यिक वाहनों की कीमतों में भी 1.5 प्रतिशत की वृद्धि लागू की।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ शैलेश चंद्र ने कहा था कि कंपनी लगभग एक साल से बढ़ती इनपुट लागतों का सामना कर रही है, और अब इसी प्रभाव के कारण कीमतों में वृद्धि करना आवश्यक हो गया है।
--आईएएनएस
एबीएस/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
भारत ने ईरान में मौजूद भारतीयों को दी जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह, युद्धविराम का स्वागत किया
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर समझौते के बावजूद, भारत ने बुधवार को ईरान में मौजूद अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे जल्द से जल्द देश छोड़ दें। भारत ने अपने नागरिकों को ईरान में स्थित दूतावास के बताए रास्तों का इस्तेमाल करने का भी सुझाव दिया है।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक एडवाइजरी में कहा, 7 अप्रैल की एडवाइजरी के क्रम में और हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे दूतावास के साथ तालमेल बिठाकर और दूतावास की ओर से सुझाए गए रास्तों का इस्तेमाल करके जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें।
भारतीय दूतावास ने आगे कहा, यह फिर से दोहराया जाता है कि दूतावास से पहले से सलाह और तालमेल किए बिना किसी भी अंतरराष्ट्रीय जमीनी सीमा तक पहुंचने की कोई कोशिश नहीं की जानी चाहिए। एडवाइजरी में दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए आपातकालीन नंबर भी शेयर किए हैं।
हालांकि, एक ताजा पोस्ट में भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम का स्वागत किया। इसके साथ ही, उम्मीद जताई कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी।
पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रम पर विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, हम युद्धविराम का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। जैसा कि हमने पहले भी लगातार जोर दिया है, मौजूदा संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए तनाव कम करना, बातचीत और कूटनीति बेहद जरूरी हैं। इस संघर्ष ने लोगों को पहले ही भारी कष्ट पहुंचाया है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति व व्यापार नेटवर्क को बाधित किया है। हमें उम्मीद है कि होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आवागमन की अबाध स्वतंत्रता और वैश्विक व्यापार का प्रवाह जारी रहेगा।
यह घटनाक्रम अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर समझौता होने के महज कुछ घंटों बाद सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्ष-विराम समझौते के तहत ईरान के खिलाफ हमलों को दो हफ्ते के लिए सशर्त रोकने की घोषणा की। उन्होंने इस कदम को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के प्रयासों से जोड़ा।
ईरान ने इस प्रस्ताव को अस्थायी रूप से स्वीकार करने का संकेत दिया। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि अगर ईरान पर हमले बंद हो जाते हैं, तो तेहरान भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोक देगा।
--आईएएनएस
डीसीएच/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation















.jpg)



