Hardoi में मक्खियों से परेशान प्रदर्शनकारी ग्रामीणों पर 4 FIR दर्ज, 24 नामजद
हरदोई (उप्र), सात अगस्त हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के पिपरी नारायणपुर स्थित अंडा फैक्टरी से उत्पन्न मक्खियों की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ फैक्टरी के मुंशी और दो पुलिस उप निरीक्षकों ने 24 नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करवाई हैं। अतरौली क्षेत्र के पिपरी नारायणपुर स्थित अंडा फैक्टरी की वजह से मक्खियों से परेशान ग्रामीणों ने करीब 12 दिन पहले अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। इस मामले में फैक्टरी के मुंशी राघवेंद्र सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि तीन अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति फैक्टरी परिसर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी।
वहीं, छह अगस्त को फैक्टरी के बाहर विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस उप निरीक्षकों द्वारा दो प्राथमिकियां दर्ज कराई गईं। पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी जारी रखी, सरकारी कार्य में बाधा डाली और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। उपनिरीक्षक रवि कुमार की तहरीर पर किसान नेता रफीक लंबू समेत कई प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि उपनिरीक्षक संतोष कुमार की तहरीर पर कई अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
फैक्टरी मालिक प्रीतिंदर वालिया ने भी थाने में तहरीर देकर सात लोगों पर प्रति माह धन उगाही करने, फैक्टरी में तोड़फोड़ कराने की धमकी देने और रंगदारी वसूलने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। हन्नीखेड़ा चौराहे पर मक्खियों की समस्या के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अंशु अवस्थी शामिल हुए और उन्होंने सरकार से मामले में कार्रवाई की मांग की।
Bihar के 4 जिले शीर्ष 15 Cyber Crime केंद्रों में शामिल, नवादा दूसरे स्थान पर
पटना, सात अगस्त बिहार के नवादा, नालंदा, पटना और शेखपुरा जिले देश के शीर्ष 15 साइबर-अपराध केंद्रों में शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पटना में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह जानकारी सामने आई।
इस बैठक में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार और राज्य के सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए शामिल हुए। बिहार सरकार के एक बयान के अनुसार, देश में साइबर अपराध के प्रमुख केंद्रों के तौर पर पहचाने गए जिलों में नवादा दूसरे, नालंदा चौथे, पटना सातवें और शेखपुरा 15वें स्थान पर रहा। इसमें यह भी कहा गया कि पटना एटीएम और चेक के जरिए धोखाधड़ी से नकदी निकालने के मामले में प्रमुख जगहों में से एक है।
बयान में बताया गया कि ‘ऑपरेशन साइबर प्रहार’ के तहत अधिकारियों ने 6,251 ‘म्यूल’ बैंक खातों की जांच की, 702 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की और 507 आरोपियों को गिरफ्तार किया। म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते होते है जिसका उपयोग अपराधी साइबर ठगी, धन शोधन और अवैध रूप से कमाई गयी रकम के अंतरण या उन्हें ठिकाने लगाने के लिए करते हैं। अधिकारियों ने ‘मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल’ (एमआरएम) के जरिए साइबर धोखाधड़ी के पीड़ितों की मदद करने में हुई प्रगति पर भी जोर दिया।
बयान के अनुसार, एमआरएम के तहत 16,593 मामलों में से 5,642 मामलों पर कार्रवाई की गई है, जिससे 224.53 लाख रुपये की बहाली के आदेश जारी हुए हैं। शिकायत निवारण मॉड्यूल (जीआरएम) के तहत, बिहार ने बैंक खातों को गलत तरीके से ‘फ्रीज’ (लेन-देन पर रोक लगाने) करने से जुड़ी शिकायतों में से 98 प्रतिशत का निस्तारण किया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi











