धमकी के बाद बढ़ाई गई अमिताभ बच्चन की सुरक्षा, 'बुलेटप्रूफ ग्लास केबिन' से की फैंस से मुलाकात, ढाल बनकर खड़े दिखे अभिषेक
Amitabh Bachchan Security Increased: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर इन दिनों खास सतर्कता बरती जा रही है. हाल ही में बिग बी के मुंबई स्थित बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने और ग्रेनेड हमले की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर अटैक्स की धमकी समेत सामने आई अन्य धमकियों ने भी मुंबई में हलचल बढ़ा दी थी. ऐसे में बिग बी की सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही है. साथ ही इन दिनों अभिषेक बच्चन भी अपने पिता के साथ साए की तरह नजर आ रहे हैं.
दरअसल, अमिताभ बच्चन हर रविवार को अपने बंगले 'जलसा' के बाहर आने वाले फैंस से मुलाकात करते हैं. इस दौरान वो अपनी खास ट्रॉली पर सवार होकर बंगले के गेट तक आते हैं और वहां मौजूद चाहने वालों का अभिवादन करते हैं. बिग बी की एक झलक पाने के लिए फैंस घंटों इंतजार करते हैं. एक्टर भी अपने इस पुराने सिलसिले को जारी रखे हुए हैं. हालांकि, धमकी मिलने के बाद अब उनके फैंस से मिलने के तरीके में सुरक्षा के लिहाज से बदलाव किया गया है.
ट्रॉली पर लगाया गया बुलेटप्रूफ शीशा
धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. इस रविवार जब बिग बी अपने फैंस से मिलने के लिए जलसा के बाहर पहुंचे, तो उनकी ट्रॉली को बुलेटप्रूफ शीशे से ढका गया था. सामने आए वीडियो में अमिताभ बच्चन बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर अपने चाहने वालों का अभिवादन करते नजर आए. इस तरह उन्होंने सुरक्षा के बीच भी अपने फैंस से मिलने का सिलसिला जारी रखा और उन्हें निराश नहीं किया. बताया जा रहा है कि पिछले रविवार तक बिग बी बिना इस तरह के बुलेटप्रूफ केबिन के फैंस से मिलने आए थे, लेकिन इस बार सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त इंतजाम किए गए. जलसा के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी भी भीड़ को नियंत्रित करते और आसपास नजर बनाए रखते दिखाई दिए.
पिता के साथ ढाल बनकर खड़े दिखे अभिषेक बच्चन
इस दौरान अभिषेक बच्चन भी अपने पिता के साथ मौजूद रहे. सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि अमिताभ बच्चन जहां बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर फैंस का अभिवादन कर रहे थे, वहीं अभिषेक आसपास के माहौल पर नजर रखे हुए थे. वो लगातार सतर्क दिखाई दिए. पिता की सुरक्षा को देखते हुए अभिषेक का इस तरह उनके साथ मौजूद रहना लोगों का ध्यान खींच रहा है. धमकी के बाद से अभिषेक कई मौकों पर अपने पिता के साथ नजर आए हैं. जलसा के बाहर भी अभिषेक सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देते दिखाई देते हैं. बिग बी की सुरक्षा को लेकर परिवार की सतर्कता इस दौरान साफ नजर आई.
जलसा को मिली थी बम से उड़ाने की धमकी
दरअसल, हाल ही में मुंबई में कई जगहों पर धमाके की धमकियां मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं. एक ईमेल के जरिए मुंबई के मेयर कार्यालय को दोपहर 3:11 बजे और एक स्कूल को दोपहर 1:11 बजे धमाके की धमकी दी गई थी. इसी ईमेल में 31 अक्टूबर को बांद्रा स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' पर ग्रेनेड से हमला करने की धमकी भी दी गई थी.
इससे पहले टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर सामने आई धमकियों ने भी चिंता बढ़ाई थी. इन घटनाओं के मद्देनजर अमिताभ बच्चन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया. हालांकि, तमाम धमकियों के बावजूद अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस से मिलने की परंपरा नहीं तोड़ी. इस बार वो पहले से ज्यादा सुरक्षा इंतजामों के बीच जलसा के बाहर पहुंचे.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: आसिफ हुए बेघर, फूट-फूटकर रोए स्काउट और यंग, सलमान खान ने लगाई अरिश्फा की जमकर क्लास
Stock Market Today: दिवाली से पहले बाजार ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स में 900 अंकों की बढ़त, निफ्टी में 1 प्रतिशत की तेजी
Stock Market Today: मजबूत घरेलू और वैश्विक संकेतों के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार मजबूती के साथ हरे निशान में खुला. अमेरिकी-ईरान वार्ता में सफलता की उम्मीदों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के कारण प्रमुख बेंचमार्क सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में एक प्रतिशत से ज्यादा तक की तेजी दर्ज की गई.
700 अंकों से ज्यादा उछाल के साथ खुला सेंसेक्स
बीएसई सेंसेक्स पिछले बंद भाव 74,459.53 के मुकाबले 75,178.24 पर खुला, जो 718.71 अंकों या 0.96 प्रतिशत की तेजी को दर्शाता है. वहीं, एनएसई निफ्टी 50 ने अपने पिछले बंद भाव 23,053.10 से 169.2 अंक या 0.73 प्रतिशत उछलकर 23,222.30 पर सत्र की शुरुआत की. दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 906.53 अंकों यानी 1.21 प्रतिशत की तेजी दर्ज करते हुए 75,366.06 का उच्चतम स्तर छुआ, जबकि निफ्टी ने 248.15 अंकों यानी 1.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,301.25 का उच्चतम स्तर छुआ. व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.83 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली तो वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.63 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
निफ्टी ऑयल एंड गैस सूचकांक में सबसे ज्यादा उछाल
वहीं सेक्टरवार देखें तो, सबसे ज्यादा मजबूती ऊर्जा क्षेत्र में देखने को मिली. निफ्टी ऑयल एंड गैस सूचकांक 2 प्रतिशत से अधिक उछल गया. इसके अलावा निफ्टी ऑटो 0.77 प्रतिशत और निफ्टी आईटी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखाई दिया. दूसरी ओर रियल्टी और मीडिया शेयरों में हल्की कमजोरी रही. निफ्टी रियल्टी 0.74 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया 0.06 प्रतिशत नीचे रहा.
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, भारतीय बाजार में तेजी लौटने के स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे हैं. इसके पीछे घरेलू और वैश्विक दोनों स्तरों पर सकारात्मक कारक काम कर रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड की कीमतों में पिछले सप्ताह के 118 डॉलर प्रति बैरल के उच्च स्तर से गिरावट आकर लगभग 110 डॉलर तक पहुंचना बाजार के लिए राहत की बात है. इसके साथ ही अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड का 4.93 प्रतिशत तक नीचे आना भी निवेशकों की धारणा को समर्थन दे रहा है.
बाजार में फिर से तेजी लौटने के संकेत
विश्लेषकों का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित वैश्विक निवेश थीम में कमजोरी का भारत को अप्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है. पिछले सप्ताह नैस्डैक में 2.8 प्रतिशत की गिरावट के बाद निवेशकों की रुचि अन्य बाजारों की ओर बढ़ रही है और भारत को इसका फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है.
विश्लेषकों ने आगे कहा कि घरेलू मोर्चे पर भी कई मजबूत संकेत दिखाई दे रहे हैं. बैंकिंग क्षेत्र में 17.94 प्रतिशत की क्रेडिट ग्रोथ और अक्टूबर में रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह ने यह संकेत दिया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत गति से आगे बढ़ रही है. बाजार में यह भी चर्चा है कि आगामी केंद्रीय बजट में लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन्स (एलटीसीजी) टैक्स व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जा सकते हैं. कुछ विश्लेषकों का मानना है कि बाजार इन संभावनाओं को पहले से कीमतों में शामिल करना शुरू कर चुका है.
औसत से ऊपर निकला निफ्टी का आरएसआई
तकनीकी विश्लेषण के लिहाज से निफ्टी का आरएसआई (आरएसआई) 53.50 पर पहुंच गया है, जो उसकी औसत रीडिंग 45.97 से ऊपर है और बाजार की मजबूती को दर्शाता है. पुट-कॉल रेशियो (पीसीआर) 1.24 पर है, जो डेरिवेटिव्स बाजार में सकारात्मक रुझान का संकेत देता है. निफ्टी के लिए 22,900 से 23,000 का स्तर प्रमुख समर्थन (सपोर्ट) क्षेत्र माना जा रहा है, जबकि 23,200 से 23,250 का दायरा निकटतम प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) क्षेत्र है. विशेषज्ञों का कहना है कि यदि सूचकांक 50-दिवसीय ईएमए के ऊपर टिकता है तो तेजी को और मजबूती मिल सकती है.
जानें क्या है वैश्विक बाजारों का हाल?
वैश्विक बाजारों में एशियाई शेयरों में कमजोरी देखने को मिली. वहीं कच्चे तेल की कीमतों में नरमी जारी रही. ब्रेंट क्रूड करीब 3 प्रतिशत गिरकर 109.97 डॉलर प्रति बैरल और अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) लगभग 3 प्रतिशत टूटकर 100.81 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखाई दिया.
उधर, शुक्रवार को वॉल स्ट्रीट नकारात्मक दायरे में बंद हुआ था. इनटेल और अमेजन के उम्मीद से कमजोर नतीजों और एआई पर भारी निवेश को लेकर बढ़ती चिंताओं के कारण नैस्डैक में 5 जून के बाद की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट दर्ज की गई थी. इसके बावजूद भारतीय बाजारों ने घरेलू मजबूती के दम पर सकारात्मक शुरुआत की है.
स्रोत- आईएएनएस
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation











