PM Narendra Modi रविवार को Chennai Metro और 13000 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को चेन्नई के दौरे में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उनके दौरे से पहले शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने उनके आवागमन वाले मार्गों पर यातायात में बदलाव किए हैं।
प्रधानमंत्री करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वह राजमार्ग, रेलवे, बंदरगाह, पेट्रोलियम और शिक्षा क्षेत्रों से जुड़ी अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। मेट्रो रेल गलियारे में 3.7 किलोमीटर लंबी विशिष्ट ‘डबल डेकर’ संरचना है।
इसमें चालक रहित परिचालन को सक्षम बनाने के लिए उन्नत सिग्नल प्रणाली भी लगाई गई है। इस परियोजना से यात्रियों का प्रतिदिन का यात्रा समय कम होने और चेन्नई के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों तथा शहर के केंद्र के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री तमिलनाडु में करीब 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
वह चेन्नई बंदरगाह, कामराजर बंदरगाह और वी.ओ. चिदंबरनार बंदरगाह से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा वह पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमकुडी और नमक्कल स्थित पांच अमृत स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सुधा गोपालकृष्णन ब्रेन सेंटर (एसजीबीसी) एक अग्रणी वैश्विक वैज्ञानिक पहल है।
इसके तहत भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक मानव जीवन के विभिन्न चरणों में 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों का कोशिकीय स्तर पर त्रिआयामी एटलस तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ‘सी-स्ट्रोक’ भी जारी करेंगे, जो मानव मस्तिष्क में ‘इस्कीमिक स्ट्रोक’ (मस्तिष्काघात) से संबंधित अपनी तरह का अनूठा एटलस है। इसमें ‘स्ट्रोक’ से प्रभावित मस्तिष्क के 1,000 से अधिक चिह्नित सूक्ष्म खंड शामिल हैं।
इससे दुनिया भर के शोधकर्ताओं को उपचार के नए लक्ष्यों की पहचान करने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री दिन में बाद में जयगोपाल गरोड़िया हिंदू विद्यालय मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में भी शामिल होंगे। वह चेन्नई मेट्रो में पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनामल्ली बाईपास स्टेशन तक जाएंगे और फिर वापस लौटेंगे।
दोपहर करीब 12.15 बजे वह यहां जलकंडेश्वरर मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद वह आईआईटी मद्रास स्थित ब्रेन सेंटर का दौरा करेंगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रधानमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे या उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इस अवसर पर वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
Delhi Police ने YouTuber Dhruv Rathee को हिरासत से छोड़ा, जंतर-मंतर जाने पर दोबारा कार्रवाई की चेतावनी
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार देर रात रिहा कर दिया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक सूत्र ने कहा, ‘‘अगर वह (राठी) निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद जंतर-मंतर जाने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें दोबारा हिरासत में लिया जा सकता है या उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।’’ राठी को शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था की अत्यधिक सख्ती के बीच की गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों से 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि प्रदर्शनकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने से रोका जा सके।
प्रदर्शन में शामिल होने की कोशिश कर रहे विपक्ष के कई नेताओं को भी हिरासत में लिया गया। इनमें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार शामिल हैं। कॉजपा के नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हवाई अड्डे से हिरासत में लेने के बाद एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों पर कथित हमलों के संबंध में कई प्राथमिकी दर्ज किए जाने की संभावना है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








