Responsive Scrollable Menu

राजस्थान: करौली में पुलिस और आमजन ने लगाई फिटनेस की दौड़, खिलाड़ी भी हुए शामिल

करौली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के करौली में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला मुख्यालय पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से मुंशी ‌त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम तक आयोजित दौड़ में पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ खिलाड़ी, शहरवासी तथा सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने के साथ फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा।

मैराथन में पुलिस और आमजन ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने महाविद्यालय से दौड़ शुरू कर मुंशी ‌त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम तक का सफर पूरा किया। रास्ते में युवाओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।

एएसपी रामकुमार कस्वां ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में मैराथन दौड़ और खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को फिट रखने के साथ आमजन को भी स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि करौली में आयोजित मैराथन में पुलिसकर्मियों के साथ आमजन और खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इस तरह के आयोजन से पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद और विश्वास का माहौल बनता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में डीएसपी किशोर भदौरिया, पुलिस अधिकारी, जवान, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने भी दौड़ में भाग लेकर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

--आईएएनएस

डीसीएच/

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Continue reading on the app

Aaj Ka Mausam: बारिश-आंधी का डबल अटैक! दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में IMD का अलर्ट, 4 अक्टूबर तक रहेगा असर

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. ठंड के आने से पहले बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग (IMD) ने 30 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 16 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. किसानों को भी फसलों को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी तैयारी करने को कहा गया है.

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली

IMD के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के आसपास तेज हवाओं का प्रभाव बना हुआ है. वहीं उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक वायुमंडलीय परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसमी परिस्थितियों के कारण कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल, पंजाब, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, असम, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 30 सितंबर को बारिश के साथ आंधी आने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है.

उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है. बिजनौर, महाराजगंज, आगरा, बहराइच, मेरठ, सिद्धार्थनगर, सहारनपुर, गोरखपुर, अलीगढ़ और मथुरा में मौसम खराब रहने की संभावना है. इन इलाकों में हवा की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजधानी लखनऊ में 30 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

ये भी पढ़ें: Breaking News Today Live Updates: असम के गोलपारा में सुबह-सुबह आया भूकंप, 2.8 की तीव्रता से कांपी धरती

बिहार के कई जिलों में बारिश का अनुमान

बिहार में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। अररिया, भोजपुर, गया, वैशाली, मुंगेर, पूर्णिया, किशनगंज, पटना, जहानाबाद और सहरसा समेत कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. राज्य में 1 अक्टूबर तक बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है.

मध्य प्रदेश में भी बारिश के साथ तेज हवाएं

मध्य प्रदेश के उज्जैन, विदिशा, इंदौर, भोपाल, नीमच, मुरैना, श्योपुर, आगर मालवा और धार में बारिश और आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. भोपाल में 30 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 

उत्तराखंड और हिमाचल में बिगड़ा मौसम

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, मंडी और चंबा में बारिश का अलर्ट है. वहीं उत्तराखंड के देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में भी बारिश हो सकती है. खराब मौसम के कारण केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत चारधाम यात्रा भी प्रभावित हुई है.

पूर्वोत्तर राज्यों में 4 अक्टूबर तक बारिश

पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और मिजोरम में अगले कुछ दिनों तक बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 29 और 30 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों में 4 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

ये भी पढे़ं: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, लश्कर का शीर्ष आतंकी ढेर

महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश के आसार

महाराष्ट्र और गोवा के कोंकण क्षेत्र में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर आंधी के साथ करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।मराठवाड़ा में 30 सितंबर को बारिश होने का अनुमान है. वहीं गुजरात में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ में भी बारिश के आसार हैं. 

दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर

आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 4 अक्टूबर तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. केरल और तेलंगाना में 2 और 3 अक्टूबर के आसपास बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से आंधी, बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी advisories का पालन करने की अपील की है.

Continue reading on the app

  Sports

IND vs WI, 2nd ODI Highlights: भारत के वनडे इतिहास का सबसे बड़ा रनचेज, शुभमन गिल की डबल सेंचुरी से वेस्टइंडीज तहस-नहस

शुभमन गिल और रोहित शर्मा की दमदार शतकीय पारी से भारत ने दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2-0 से सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है. Wed, 30 Sep 2026 22:12:53 +0530

  Videos
See all

News Ki Pathshala | PAK की नींद उड़ाने वाली बड़ी खबर! #ytshorts #shorts #trandingshorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-30T16:44:17+00:00

News Ki Pathshala | नशे के खिलाफ अमित शाह का बड़ा ऐलान! #ytshorts #shorts #trandingshorts #tmktech #vivo #v29pro
2026-09-30T16:45:19+00:00
Editor Choice
See all
Photo Gallery
See all
World News
See all
Top publishers