Sensex 1,247 अंक टूटा, Nifty पांच महीने के निचले स्तर पर बंद
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी बॉण्ड पर बढ़ते प्रतिफल के बीच घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को चौतरफा बिकवाली से सेंसेक्स 1,247 अंक से अधिक टूटकर तीन महीने से अधिक के निचले स्तर पर बंद हुआ। वित्तीय, धातु, वाहन और पेट्रोलियम शेयरों में भारी गिरावट से बाजार धारणा कमजोर हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,247.71 अंक यानी 1.67 प्रतिशत गिरकर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ।
यह सेंसेक्स का आठ जून के बाद सबसे निचला बंद स्तर है। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,264.33 अंक फिसलकर 73,563.92 अंक तक आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 383.70 अंक यानी 1.64 प्रतिशत गिरकर 23,063.10 अंक पर बंद हुआ।
यह पांच महीने से अधिक का निचला स्तर है। निफ्टी के 50 में से 47 शेयर गिरावट में रहे। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक 5.47 प्रतिशत की गिरावट आई।
एक्सिस बैंक 4.67 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 4.06 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) 2.78 प्रतिशत, ट्रेंट 2.75 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.31 प्रतिशत टूटे। हालांकि, एनटीपीसी का शेयर अपरिवर्तित रहा। विश्लेषकों के मुताबिक, भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) द्वारा बीमा वितरण व्यवस्था में बदलाव के प्रस्ताव के बाद वित्तीय शेयरों में भारी बिकवाली हुई।
प्रस्ताव में प्रबंधन खर्च की सीमा कम करने और कमीशन पर नियंत्रण कड़ा करने की बात कही गई है। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि इन प्रस्तावों से बीमा कंपनियों और संबंधित वित्तीय मध्यस्थों की आय तथा वितरण कारोबार पर असर को लेकर चिंता बढ़ी है। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी बॉण्ड पर बढ़ते प्रतिफल और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने भी बाजार धारणा कमजोर की।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.36 प्रतिशत बढ़कर 105.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिका के 10 साल के ट्रेजरी बॉण्ड पर प्रतिफल बढ़कर करीब 5.11 प्रतिशत हो गया, जबकि 30 साल के बॉण्ड पर प्रतिफल 2004 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। व्यापक बाजार में मझोली कंपनियों का बीएसई मिडकैप सिलेक्ट सूचकांक 3.12 प्रतिशत और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सिलेक्ट सूचकांक 1.19 प्रतिशत गिरा।
बीएसई के सभी क्षेत्रवार सूचकांक गिरावट में रहे। मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक 2.81 प्रतिशत, आवासीय वित्त 2.56 प्रतिशत, वित्तीय सेवा 2.33 प्रतिशत, बीमा सूचकांक 2.20 प्रतिशत गिर गया। बीमा कंपनियों में से मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज 9.81 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस 6.13 प्रतिशत, न्यू इंडिया एश्योरेंस 5.36 प्रतिशत, निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस 4.98 प्रतिशत और आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस 4.23 प्रतिशत गिर गए।
पीबी फिनटेक का शेयर 35.98 प्रतिशत और टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस का शेयर 20 प्रतिशत तक टूट गया। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,884 शेयर गिरावट में रहे, जबकि 1,473 शेयर बढ़त में और 216 अपरिवर्तित रहे। इस बीच, एनएसई का शेयर बृहस्पतिवार को सूचीबद्ध होने के बाद करीब दो प्रतिशत बढ़कर 1,818 रुपये पर बंद हुआ।
इस भाव पर एनएसई का बाजार मूल्यांकन 4.49 लाख करोड़ रुपये रहा। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बढ़ते बॉण्ड प्रतिफल और कच्चे तेल में फिर तेजी आने से बाजार पर दबाव आया। इससे वैश्विक व्यापक आर्थिक जोखिम बढ़ने का संकेत मिला।
मुद्रास्फीति और आर्थिक वृद्धि को लेकर बनी अनिश्चितताओं के बीच ब्याज दरों की दिशा को लेकर चिंता बढ़ने से निवेशकों का रुख भी अधिक सतर्क हो गया।’’ एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की बढ़त में रहा, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी गिरावट में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,617.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। बुधवार को सेंसेक्स 299.17 अंक बढ़कर 74,828.25 अंक और निफ्टी 117.80 अंक चढ़कर 23,446.80 अंक पर बंद हुआ था।
Govinda: गोविंदा की जिंदगी में चल रही उथल-पुथल, अनुपम खेर ने किया कॉल; तलाक और डेटिंग की रूमर्स के बीच दी बड़ी सलाह
Anupam Kher on Govinda: अभिनेता गोविंदा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ उनके रिश्ते की अफवाहों से लेकर पत्नी सुनीता आहूजा के साथ तलाक की चर्चाओं तक, अभिनेता की निजी जिंदगी में उथल-पुथल मची है। गोविंदा के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके एक्टर अनुम खेर ने इन विवादों पर अपनी राय रखी है।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अनुपम खेर ने गोविंदा के साथ अपने रिश्ते और उनके करियर पर बात की। उन्होंने गोविंदा को सलाह देते हुए भी कहा की वह जरूर अपनी वापसी करेंगे।
‘गोविंदा बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं’
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अनुपम खेर ने फरीदून शहरयार से कहा, "मुझे गोविंदा बहुत पसंद हैं। मुझे लगता है कि जिन बेहतरीन एक्टर्स के साथ मैंने काम किया है, उनमें से वह एक हैं। मैंने उनके साथ 10-12 फिल्में की हैं। इम्प्रोवाइज़ेशन, एक्टिंग और डांस – इन मामलों में कोई भी उनका मुकाबला नहीं कर सकता। लेकिन आपको अपनी पर्सनल ज़िंदगी या अपनी आदतों को अपनी पूरी ज़िंदगी पर हावी नहीं होने देना चाहिए।"
‘निजी जिंदगी को पूरी जिंदगी पर हावी न होने दें’
गोविंदा की मौजूदा परिस्थितियों पर बात करते हुए अनुपम खेर ने कहा- "मैं उनके बारे में कोई राय देने वाला कोई नहीं हूं। वे अपनी ज़िंदगी को बेहतर समझते हैं और उसे संभाल सकते हैं। मैंने उन्हें एक बार फोन किया था और उन्होंने कहा कि वे मुझे वापस फोन करेंगे। मैं उनसे कहना चाहता था कि यह मुश्किल समय भी गुजर जाएगा। हर किसी की ज़िंदगी में दुख-तकलीफें आती हैं। मुझे नहीं लगता कि समस्या यह है कि उन्हें खुद को मार्केट करना नहीं आता।"
"...मुझे लगता है कि वे अपने आस-पास के माहौल और अपनी ज़िंदगी की वजह से उलझ गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक हार नहीं मानी है, इसलिए उम्मीद है। मैं प्रार्थना करता हूं कि वे वापसी करें और अभी जितना काम कर रहे हैं, उससे कहीं ज़्यादा काम करें।"
कोमल रानी के साथ रिश्ते को लेकर चर्चा में गोविंदा
गोविंदा इन दिनों कोमल रानी स्वर्णकार के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। दोनों आगामी फिल्म ‘रूपा’ में साथ नजर आने वाले हैं। इसी वजह से दोनों के बीच रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया में अटकलें भी चल रही हैं।
हालांकि, दोनों के रिश्ते को लेकर सामने आई चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुनीता आहूजा ने किया था शादी का दावा
अगस्त में सुनीता आहूजा ने राखी सावंत के साथ बातचीत के दौरान गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते को लेकर बात की थी। सुनीता ने दावा किया था कि दोनों शादी करने की योजना बना रहे हैं।
हालांकि, गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन दावों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि गोविंदा के दूसरी शादी करने का कोई सवाल ही नहीं है और अभिनेता अभी भी सुनीता आहूजा के पति हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi
Haribhoomi








.jpg)
