PM Narendra Modi के जन्मदिन पर Vadnagar और वाराणसी के बीच शुरू हुई 10 राज्यों की सेवा यात्रा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मस्थान को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी से जोड़ेगी और इस दौरान विभिन्न पड़ाव पर फिल्म दिखाने से लेकर कई अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मोदी के 76वें जन्मदिन पर वाराणसी में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, चौधरी ने कहा कि यह यात्रा दोनों दिशाओं में होगी, जिसमें 500 प्रतिभागी वाराणसी से वडनगर तक गंगा जल लेकर जाएंगे और उतने ही लोग गुजरात से वाराणसी तक पवित्र जल लाएंगे। उन्होंने कहा,“आज हम प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर और उनकी कर्मभूमि वाराणसी को जोड़ने वाली अभूतपूर्व वडनगर-वाराणसी ‘सेवा यात्रा’ का शुभारंभ कर रहे हैं।
यह यात्रा काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक 10 विभिन्न मार्गों के माध्यम से दोनों दिशाओं में चलेगी।” उन्होंने बताया कि 250 मोटरसाइकिलों पर सवार 500 प्रतिभागी गंगाजल लेकर काशी से वडनगर जाएंगे, जबकि 250 अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार 500 प्रतिभागी गुजरात की नदियों का पवित्र जल लेकर वडनगर से काशी आएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों जगहों के बीच पवित्र जल का आदान-प्रदान होगा और यह भारत की सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता का प्रतीक होगा।’’ वाराणसी में आयोजित इस कार्यक्रम में चौधरी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद थे। चौधरी के अनुसार, वाराणसी और वडनगर की ओर जाने वाली ये यात्राएं 10 राज्यों और 393 जिलों (जिनमें उत्तर प्रदेश के 50 जिले शामिल हैं) से होकर गुजरेंगी और 1,159 गांवों को कवर करेंगी।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान हर दिन 60 से 80 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह बड़े पैमाने पर जमीनी स्तर तक लोगों से जुड़ सकेगी। चौधरी ने कहा, ‘‘यह ‘नया भारत’ इस यात्रा का स्वागत फूलों की मालाओं से नहीं, बल्कि स्वच्छता से करेगा।’’ उन्होंने इस अभियान में सेवा-भाव के साथ लोगों की भागीदारी पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पेड़ लगाने, पानी बचाने, नशा छोड़ने और प्लास्टिक-मुक्त भारत बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करेगी और यात्रा के दौरान अलग-अलग पड़ावों पर लोगों को इसके लिए शपथ भी दिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘यात्रा के दौरान लोगों को पेड़ लगाने, पानी बचाने, नशा छोड़ने और प्लास्टिक-मुक्त भारत बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।’’ चौधरी ने बताया कि हर पड़ाव पर 15 मिनट की वृत्तचित्र फिल्म दिखाई जाएगी, स्थानीय नेताओं के साथ बातचीत होगी और सफाई कर्मचारियों तथा सफाई अभियानों से जुड़ी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह यात्रा सिर्फ़ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं के नेतृत्व में विकसित भारत बनाने का एक संकल्प है।’’ उन्होंने बताया कि यह यात्रा सात अक्टूबर को वडनगर के बाबा हरकेश्वर महादेव मंदिर में जल चढ़ाने और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ को औपचारिक रूप से जल अर्पित करने के साथ संपन्न होगी। चौधरी ने कहा कि यह पहल मोदी के जन्मदिन और मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी लगातार जन सेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री की एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता से देश के नेता बनने की यात्रा को जन-सेवा और राष्ट्र-सेवा का उदाहरण बताया। उन्होंने वाराणसी के साथ मोदी के जुड़ाव का भी ज़िक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री ने शहर के विकास में योगदान दिया है। चौधरी ने कहा, ‘‘एक साधारण कार्यकर्ता से देश के प्रधान सेवक बनने तक का उनका सफ़र असाधारण रहा है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है।
उन्होंने वाराणसी-वडनगर के जुड़ाव को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की व्यापक भावना का हिस्सा बताया और यात्रा में शामिल होने वाले 500 सेवा यात्रियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
PM Modi के जन्मदिन पर MP Dy CM Rajendra Shukla ने रीवा में किया रक्तदान
मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रीवा में आयोजित एक स्वैच्छिक शिविर में रक्तदान किया और स्वस्थ व पात्र नागरिकों से इस कार्य में शामिल होने का आग्रह किया। मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा शुरू किए गए एक महीने के राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां के कृष्ण राज कपूर सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। शुक्ला ने रक्तदान करके अभियान का उद्घाटन किया।
भाजपा नेता ने कहा कि मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देश भर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, रक्तदान एक महान कार्य है और मानवता की सेवा करने का एक महत्वपूर्ण तरीका है। दुर्घटनाओं में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित रोगियों के इलाज के लिए रक्त की आवश्यकता होती है।
उन्होंने स्वस्थ और पात्र नागरिकों से रक्तदान करने और जरूरतमंदों का जीवन बचाने में योगदान देने का आग्रह किया। शुक्ला ने कहा कि 18 से 65 वर्ष की आयु के स्वस्थ लोग जो पात्रता मानदंडों को पूरा करते हैं, वे चिकित्सा जांच के बाद रक्तदान कर सकते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान के बाद उन्हें आंतरिक खुशी महसूस हुई और उन्होंने नागरिकों से इस सेवा पहल में भाग लेने का आग्रह किया।
शिविर में रीवा के संभागीय आयुक्त शैलेंद्र सिंह, अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी रक्तदान किया। अधिकारियों ने बताया कि पात्र और इच्छुक नागरिक रीवा जिले के मंगवां, जावा, सिरमौर, सेमरिया, गंगेव और गोविंदगढ़ कस्बों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और त्योंथर के सिविल अस्पताल में आयोजित शिविरों में रक्तदान कर सकते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi







