ईशा कोप्पिकर बोलीं- बप्पा ने कई इच्छाएं पूरी नहीं कीं:अब समझ आता है, शायद मेरे जीवन के लक्ष्य के लिए जरूरी था
गणेश चतुर्थी 2026 के मौके पर अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर के घर भी गणपति बप्पा विराजे। इस दौरान उन्होंने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। ईशा ने गणपति की तैयारियों, बचपन की यादों से लेकर बप्पा से अपनी आस्था और अध्यात्म को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने घर पर साउथ इंडियन टेंपल की थीम पर डेकोरेशन कराया है। डेढ़ महीने पहले शुरू कर दी थीं तैयारियां ईशा ने बताया कि वह पिछले दो साल से गणपति के डेकोरेशन में फूलों पर ज्यादा फोकस कर रही थीं, लेकिन इस बार कुछ अलग करने का मन था। उन्होंने साउथ के मंदिरों की तर्ज पर गोल्डन थीम वाला डेकोरेशन कराया है। ईशा ने बताया कि इस बार उनके घर टिटवाला के गणपति विराजे हैं। पिछले साल उन्होंने दगड़ूशेठ के गणपति की स्थापना की थी। वह हर साल बप्पा के डेकोरेशन में कुछ बदलाव करने की कोशिश करती हैं। ईशा के मुताबिक, इस बार उन्होंने जुलाई के आखिर में ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। उन्होंने कहा कि जब किसी से बहुत प्यार होता है तो उसके लिए किए जाने वाले काम में मेहनत महसूस नहीं होती, सब कुछ अपने आप और बिना किसी दबाव के हो जाता है। बचपन में बप्पा के लिए पढ़ाई तक भूल जाती थीं ईशा ने अपने बचपन की गणपति की यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनकी कॉलोनी में सार्वजनिक गणपति बैठते थे और पूरे 10 दिन तक उत्सव का माहौल रहता था। ईशा ने कहा कि बप्पा के लिए करीब दो महीने पहले से तैयारियां शुरू हो जाती थीं। नाटक, डांस शो और दूसरे कार्यक्रमों की रिहर्सल चलती रहती थीं। उस दौरान पढ़ाई पीछे छूट जाती थी। उन्होंने बताया कि स्कूल से आने के बाद बैग फेंककर सीधे गणपति की तैयारियों में निकल जाती थीं। घरवाले भी इस दौरान ज्यादा रोक-टोक नहीं करते थे। ईशा ने कहा कि बप्पा के विसर्जन के बाद घर और आसपास का माहौल एकदम खाली-खाली लगता था। उनके मुताबिक, बप्पा के चले जाने के बाद वह बेहद खालीपन महसूस करती थीं। पहले डेढ़ दिन रखते थे बप्पा, अब तीन दिन का किया उत्सव ईशा ने बताया कि पहले वह घर में डेढ़ दिन के लिए गणपति बप्पा की स्थापना करती थीं, लेकिन अब उन्होंने यह अवधि तीन दिन कर दी है। उन्होंने कहा कि डेढ़ दिन में लोगों के लिए अलग-अलग घरों में जाकर बप्पा के दर्शन करना मुश्किल हो जाता था। इसलिए उन्होंने तीन दिन तक बप्पा को घर में रखने का फैसला किया। ईशा ने बताया कि उनके स्टाफ के लोग भी गणेशोत्सव की तैयारियों में उनकी काफी मदद करते हैं। बप्पा से अपनी आस्था के बारे में बात करते हुए ईशा ने बताया कि पहले वह अपनी इच्छाओं की एक पूरी लिस्ट बनाकर मंदिर जाती थीं। वह लालबागचा राजा या सिद्धिविनायक के दर्शन करने पहुंचती थीं। ईशा ने कहा कि अब स्थिति बदल गई है। जैसे ही वह बप्पा के सामने जाती हैं, वह सब कुछ भूल जाती हैं। उन्होंने कहा कि बप्पा के प्रति इतना प्यार है कि उन्हें देखते ही आंखों में आंसू आ जाते हैं और फिर वह सिर्फ प्रणाम करके लौट आती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस होता है कि बप्पा हमेशा उनके आसपास हैं और उनका साथ दे रहे हैं। ईशा बोलीं- बप्पा ने कई चीजें नहीं दीं, अब समझ आता है क्यों ईशा ने कहा कि जिंदगी के अलग-अलग दौर में हमारी जरूरतें और इच्छाएं बदलती रहती हैं। जो चीज 10 साल पहले जरूरी थी, जरूरी नहीं कि आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो। उन्होंने बताया कि उन्होंने जिंदगी में बप्पा से बहुत कुछ मांगा, लेकिन कई चीजें उन्हें नहीं मिलीं। हालांकि, अब वह समझती हैं कि इसके पीछे भी कोई वजह थी। ईशा के मुताबिक, अगर बप्पा उनकी हर इच्छा पूरी कर देते तो शायद वह अपने जीवन के असली लक्ष्य से भटक जातीं। उन्होंने कहा कि भगवान को पता होता है कि हमें जिंदगी में क्या बनना है और किस रास्ते पर जाना है। ईशा बोलीं- बचपन से ही अध्यात्म से जुड़ना चाहिए ईशा अध्यात्म को लेकर भी काफी सीरियस नजर आईं। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को बचपन से ही अध्यात्म के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान के बारे में सिर्फ बुढ़ापे में सोचना सही नहीं है। जितनी कम उम्र में इंसान अपने अध्यात्म और भीतर की आवाज को समझना शुरू करेगा, उतना बेहतर होगा। बेटी रियाना ने बप्पा से मांगा पढ़ाई में अच्छा करने का आशीर्वाद बातचीत के दौरान ईशा की बेटी रियाना भी उनके साथ मौजूद थीं। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने बप्पा से क्या मांगा, तो उन्होंने पढ़ाई में अच्छा करने की इच्छा जताई। ईशा ने बताया कि रियाना पढ़ाई के साथ-साथ स्पोर्ट्स में भी काफी एक्टिव हैं। वह 100 और 200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेती हैं और स्कूल की ओर से इंटर-स्कूल प्रतियोगिताओं में भी भाग लेती हैं। ईशा ने बताया कि रियाना ने बप्पा से अपनी पढ़ाई और खेल दोनों के लिए अच्छा करने की प्रार्थना की है।
भारत-अफगानिस्तान दूसरा टी-20 आज:चोटिल वरुण की जगह रवि बिश्नोई को मिल सकता है मौका; सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे
भारत-अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी-20 मैच आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरु होगा। तीन मैचों की सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है। भारत ने पहला मैच 7 विकेट से जीता था। इस मैच में भारतीय टीम के प्लेइंग-11 में एक बदलाव तय है। मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को मौका मिल सकता है। सबसे बड़ा सवाल- सूर्यवंशी आज खेलेंगे या नहीं? भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती वैभव सूर्यवंशी के प्लेइंग-11 में सिलेक्शन को लेकर है। सूर्यवंशी ने मैच से पहले सूर्यवंशी ने नेट सेशन में काफी पसीना बहाया है। पहले मैच में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ओपनिंग करते उतरे थे। अभिषेक ने 32 गेंद पर 82 रन की पारी खेली, जबकि सैमसन सिर्फ 10 रन बना सके। हालांकि इसके बावजूद टीम इंडिया इसी ओपनिंग कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतर सकती है। अफगानिस्तान को भारत के खिलाफ पहली जीत का इंतजार भारत इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक अफगानिस्तान से एक भी मैच नहीं हारा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 10 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 9 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा है। ईशान किशन ने इस साल टी-20 में 854 रन बनाए ईशान किशन साल 2026 में भारत के सबसे सफल टी-20 बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 24 मैचों में 173.57 की स्ट्राइक रेट से 854 रन बनाए हैं। इस दौरान 103 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने इस साल 20 मुकाबलों में 28 विकेट हासिल किए हैं। वे टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। 51 रन देकर 5 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है। राशिद 200 टी-20 विकेट लेने से 7 विकेट दूर राशिद खान टी-20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने से 7 विकेट दूर हैं। उनके नाम 193 विकेट हैं। वे ऐसा करना वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बनेंगे। उनका साथ अजमतुल्लाह उमरजई देंगे, जो इस साल 7 मैचों में 12 विकेट चटका चुके हैं। अफगानिस्तान को उनके कप्तान इब्राहिम जादरान से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वे इस साल 8 मैचों में 318 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं। पिच रिपोर्ट और वेदर अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के मुफीद मानी जाती है। छोटी बाउंड्री के कारण ज्यादा चौके-छक्के लगने की उम्मीद है। मैच बढ़ने के साथ स्पिनरों को भी थोड़ी मदद मिल सकती है। दिल्ली में शाम के समय मौसम साफ रहने की उम्मीद है। तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मैच में बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-11 भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितिश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह। अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), गुलबदीन नायब, सेदीकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी/नवीन-उल-हक।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 








