Hunkkaar Trailer: हुंकार का ट्रेलर जारी; ‘सैयारा’ की अनीत पड्ढा के साथ हुआ शोषण, बापजी के खिलाफ खोला मोर्चा
Hunkkaar Trailer: अनीत पड्ढा की नई वेब सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ का ट्रेलर जारी हो गया है। कहानी एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक आध्यात्मिक गुरु पर गंभीर आरोप लगाकर उसके खिलाफ आवाज उठाती है। इस लड़ाई में उसे परिवार, समाज और ताकतवर लोगों के दबाव का सामना करना पड़ता है।
बापजी पर लगाए गंभीर आरोप
ट्रेलर में अनीत पड्ढा मीनू रावत के किरदार में नजर आ रही हैं। कहानी की शुरुआत मीनू के पुलिस थाने पहुंचने से होती है, जहां वह बापजी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराती है। बापजी का किरदार रघुबीर यादव ने निभाया है। मीनू बापजी पर यौन शोषण का आरोप लगाती है। उसे पता है कि बापजी का समाज में काफी प्रभाव और दबदबा है, फिर भी वह पीछे हटने के बजाय उनके खिलाफ आवाज उठाने का फैसला करती है।
अपनों ने भी नहीं किया भरोसा
मीनू के लिए मुश्किलें शिकायत दर्ज कराने के बाद और बढ़ जाती हैं। कई लोग उसके आरोपों पर भरोसा नहीं करते और उसकी बात को झूठ मानने लगते हैं। यहां तक कि उसके पिता भी उसके फैसले और दावों पर सवाल उठाते हैं। मीनू का व्यवहार भी लोगों की सोच के मुताबिक नहीं है। वह चुप रहने या खुद को कमजोर दिखाने के बजाय खुलकर अपनी बात रखती है।
फातिमा करेंगी जांच
इस मामले की जांच की जिम्मेदारी एसीपी जसलीन सिंह को मिलती है। इस किरदार में फातिमा सना शेख नजर आएंगी। जसलीन मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश करती हैं और मीनू के आरोपों की जांच शुरू करती हैं। जांच के दौरान उन्हें बापजी के प्रभावशाली लोगों और उनके दबाव का सामना करना पड़ता है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि जैसे-जैसे मामला आगे बढ़ता है, जसलीन के लिए भी मुश्किलें बढ़ती जाती हैं।
मीनू के साथ खड़ा हुआ वकील
मोहम्मद जीशान अय्यूब कहानी में एक वकील की भूमिका निभा रहे हैं। वह मीनू की बात पर भरोसा करने वाले लोगों में शामिल हैं। ट्रेलर में उनका किरदार मीनू के पिता से कहता नजर आता है कि वह जानता है कि उनकी बेटी सच बोल रही है। वहीं राम कपूर बापजी के वकील की भूमिका निभा रहे हैं। अर्जुन माथुर एक पत्रकार का किरदार निभा रहे हैं, जो इस मामले को लगातार सामने लाता है और इसके असर को दिखाता है।
अनीत के करियर की खास कहानी
अनीत पड्ढा ने ‘सैयारा’ से पहले ही ‘हुंकार’ की शूटिंग पूरी कर ली थी। ‘सैयारा’ के बाद उन्हें बड़ी पहचान मिली और अब वह इस गंभीर कहानी में एक अलग तरह के किरदार के साथ नजर आने वाली हैं। अपने किरदार मीनू के बारे में अनीत ने कहा कि उसके साथ जो हुआ, वही उसकी पूरी पहचान नहीं है। वह इसके बाद क्या करती है, यही उसकी कहानी का अहम हिस्सा है। उनके मुताबिक, मीनू की सबसे बड़ी ताकत अपनी आवाज को दबने न देना है।
25 सितंबर से देख सकेंगे
‘हुंकार: द रोर’ में अनीत पड्ढा, फातिमा सना शेख, रघुबीर यादव, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अर्जुन माथुर और राम कपूर अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज 25 सितंबर से जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी।
यह भी पढ़े- लाल जोड़ा, घाट पर पूजा... 'छठी मैया' की आस्था में रमीं तमन्ना भाटिया, नए गाने ने मचाई धूम
Rohit Chandel: रोहित चन्देल को POCSO केस में मिली जमानत, करीब 2 महीने बाद जेल से आएंगे बाहर
Rohit Chandel: टीवी एक्टर रोहित चन्देल को POCSO केस में कोर्ट से राहत मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को उनकी जमानत मंजूर कर दी गई। जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद एक्टर के जल्द जेल से बाहर आने की उम्मीद है। Rohit करीब दो महीने से हिरासत में थे।
नाबालिग को-एक्ट्रेस की शिकायत पर केस
रोहित के खिलाफ जुलाई 2026 में एक नाबालिग को-एक्ट्रेस की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में एक्टर पर कथित तौर पर परेशान करने और पीछा करने जैसे आरोप लगाए गए थे। इसके बाद घाटकोपर पुलिस स्टेशन में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया और उन्हें हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद रोहित की तरफ से जमानत के लिए कोशिश की गई, लेकिन शुरुआती याचिकाओं पर उन्हें राहत नहीं मिली। अब सितंबर में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनके परिवार और करीबियों को राहत मिली है।
रिकॉर्ड में गलतियों का उठा था मुद्दा
इस केस में रोहित चन्देल की लीगल टीम ने पुलिस और मेडिकल दस्तावेजों में दर्ज कुछ जानकारियों पर सवाल उठाए थे। वकीलों का कहना था कि आधिकारिक रिकॉर्ड में एक्टर की कुछ जानकारी गलत दर्ज की गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस रिकॉर्ड में उनका पेशा एक्टर की जगह बिजनेसमैन लिखा गया था। वहीं, चार्जशीट में उनके धर्म की जानकारी भी गलत होने की बात सामने आई थी। मेडिकल रिकॉर्ड में उनकी वैवाहिक स्थिति शादीशुदा दर्ज थी, जबकि रोहित ने खुद को अविवाहित बताया था। रोहित के वकील ने दलील दी थी कि सरकारी दस्तावेजों में हुई इन गलतियों का असर उनके केस पर नहीं पड़ना चाहिए।
पहले दो बार नहीं मिली थी राहत
रोहित चन्देल की शुरुआती जमानत याचिका खारिज हो गई थी। इसके बाद उनकी दूसरी जमानत याचिका भी 22 जुलाई को खारिज कर दी गई थी। इस दौरान नाबालिग शिकायतकर्ता ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। अब करीब दो महीने बाद कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रोहित चन्देल की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
कौन हैं रोहित चन्देल?
रोहित महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शाहादा से हैं। एक्टिंग में आने से पहले उन्होंने साइंस की पढ़ाई की और क्रिकेट भी खेला। इसके बाद वह एक्टिंग में करियर बनाने के लिए मुंबई आ गए। रोहित ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें काम पाने के लिए करीब 90 बार रिजेक्शन का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें पहला कमर्शियल मिला और धीरे-धीरे टीवी इंडस्ट्री में पहचान बनाने लगे।
यह भी पढ़े- तारा सुतारिया के साथ पैपराजी ने की हद पार? एक्ट्रेस ने करीब आए कैमरे को हटाया; वीडियो वायरल
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi







