Harsh Sanghavi ने आणंद में Tiranga Yatra में लिया भाग, छात्रों और नेताओं संग निकाला पैदल मार्च
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले शुक्रवार को आणंद शहर में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ में हिस्सा लिया। संघवी ने स्थानीय भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और छात्रों के साथ शहर के विद्यानगर शास्त्री मैदान से टाउन हॉल तक मार्च किया। संघवी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत वल्लभ विद्यानगर, आणंद में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुआ।
तिरंगे के सम्मान और देश की एकता एवं अखंडता को प्रदर्शित करने वाली इस यात्रा में भाग लेकर देशभक्ति के इस गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।’’ केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल और संघवी की मौजूदगी में बृहस्पतिवार शाम सूरत में दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा मार्ग के दौरान विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों, छात्रों और पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं ने रंगारंग देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं और उत्साहपूर्वक प्रतिभागियों का स्वागत किया।
DRI ने Operation Crystal Dagger के तहत 5 तस्करों को पकड़ा, 7.10 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने देश के अलग-अलग शहरों से चार नाइजीरियाई नागरिकों समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 8.64 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए हैं। डीआरआई के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन क्रिस्टल डैगर के तहत बरामद अवैध मादक पदार्थों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 7.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को नयी दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक ट्रेन में सवार एक भारतीय महिला के बैग में करीब 6.33 किलोग्राम क्रिस्टलीय ‘मेथैम्फेटामाइन’ मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। मेथैम्फेटामाइन की खेप के आपूर्ति करने वाले लोगों को पकड़ने के लिए डीआरआई और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) के संयुक्त दल ने ग्रेटर नोएडा में अभियान चलाया। डीआरआई अधिकारी के मुताबिक इस दल को देखकर चार नाइजीरियाई तस्करों ने खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने पीछा करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान इन तस्करों से 2.24 किलोग्राम क्रिस्टलीय मेथैम्फेटामाइन, 50 ग्राम कोकीन और 25 ग्राम गांजा बरामद किया गया। अधिकारी ने बताया, जांच में पता चला कि चारों नाइजीरियाई नागरिक भारत में अवैध तौर पर रह रहे हैं जिनमें एक महिला शामिल है। वे अपने गिरोह में भारतीय नागरिकों को शामिल करके मादक पदार्थों की तस्करी को अंजाम दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि गिरोह से जुड़े पांचों सदस्यों को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









