DRI ने Operation Crystal Dagger के तहत 5 तस्करों को पकड़ा, 7.10 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने देश के अलग-अलग शहरों से चार नाइजीरियाई नागरिकों समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 8.64 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए हैं। डीआरआई के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि ऑपरेशन क्रिस्टल डैगर के तहत बरामद अवैध मादक पदार्थों की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 7.10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को नयी दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक ट्रेन में सवार एक भारतीय महिला के बैग में करीब 6.33 किलोग्राम क्रिस्टलीय ‘मेथैम्फेटामाइन’ मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। मेथैम्फेटामाइन की खेप के आपूर्ति करने वाले लोगों को पकड़ने के लिए डीआरआई और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) के संयुक्त दल ने ग्रेटर नोएडा में अभियान चलाया। डीआरआई अधिकारी के मुताबिक इस दल को देखकर चार नाइजीरियाई तस्करों ने खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने पीछा करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान इन तस्करों से 2.24 किलोग्राम क्रिस्टलीय मेथैम्फेटामाइन, 50 ग्राम कोकीन और 25 ग्राम गांजा बरामद किया गया। अधिकारी ने बताया, जांच में पता चला कि चारों नाइजीरियाई नागरिक भारत में अवैध तौर पर रह रहे हैं जिनमें एक महिला शामिल है। वे अपने गिरोह में भारतीय नागरिकों को शामिल करके मादक पदार्थों की तस्करी को अंजाम दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि गिरोह से जुड़े पांचों सदस्यों को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
Goa CM Pramod Sawant ने 46 Police वाहनों को हरी झंडी दिखाई, नए अफसरों को मिले नियुक्ति पत्र
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि आधुनिक पुलिस व्यवस्था के लिए प्रशिक्षित कर्मियों, तकनीक और भरोसेमंद परिवहन साधनों की जरूरत है। उन्होंने पुलिस बल के विभिन्न विभागों की त्वरित कार्रवाई और प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के लिए खरीदे गए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने राज्य में यातायात पुलिस, राजमार्ग गश्ती दल, जिला पुलिस थानों और राज्य पुलिस नियंत्रण कक्ष (एसपीसीआर) की गतिशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के लिए खरीदे गए 46 नए पी10 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सावंत ने कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से चयनित नवनियुक्त पुलिस उप निरीक्षकों (पीएसआई) को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। भर्ती प्रक्रिया को कंप्यूटर आधारित परीक्षा, वीडियोग्राफी और आरएफआईडी आधारित निगरानी जैसी तकनीक-सक्षम व्यवस्थाओं के जरिए पूरा किया गया था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक पुलिस व्यवस्था के लिए प्रशिक्षित कर्मियों, तकनीक और भरोसेमंद परिवहन साधनों की आवश्यकता है।
सावंत के पास गृह विभाग का भी कार्यभार है। उन्होंने कहा कि नए वाहन और नए अधिकारी गोवा में सड़क सुरक्षा, मौके पर त्वरित कार्रवाई, अपराध रोकथाम और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करेंगे। सावंत ने नवनियुक्त पुलिस उप निरीक्षकों (पीएसआई) और उनके परिवारों को बधाई दी तथा नए भर्ती हुए कर्मियों से साहस, अनुशासन, ईमानदारी और लोगों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के साथ राज्य की सेवा करने का आह्वान किया।
एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 10 नयी सेमी-लक्जरी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के शामिल होने से राज्य संचालित कदंबा परिवहन निगम लिमिटेड (केटीसीएल) के बेड़े में बढ़ोतरी होगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









