चेन्नई प्लेऑफ से बाहर होने वाली तीसरी टीम:गुजरात का क्वालिफायर-1 खेलना लगभग पक्का; सुदर्शन टॉप स्कोरर बने
IPL 2026 में लीग स्टेज के अब सिर्फ 4 मैच बचे हैं। गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हरा दिया। इसके साथ ही चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली मुंबई और लखनऊ के बाद तीसरी टीम बन गई है। उसके 14 मैच में 6 जीत के साथ 12 पॉइंट्स हैं। दूसरी ओर गुजरात ने जीत के साथ टेबल में दूसरे नंबर पर अपनी पोजिशन मजबूत कर ली है। उसके 14 मैच में 9 जीत के साथ 18 अंक है। टॉप-2 में जाने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद को आज के मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स को बहुत बड़े मार्जिन से हराना होगा। पॉइंट्स टेबल की मौजूदा स्थिति… सभी टीमों का समीकरण बेंगलुरु टॉप पर कायम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 पॉइंट्स और +1.065 नेट रनरेट के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। टीम पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और उसका क्वालिफायर-1 खेलना लगभग तय माना जा रहा है। RCB का आखिरी लीग मैच आज सनराइजर्स हैदराबाद से है। गुजरात की टॉप-2 में जगह मजबूत चेन्नई पर जीत के साथ गुजरात टाइटंस के 13 मैचों में 16 पॉइंट्स हो गए हैं। टीम +0.400 के मजबूत नेट रनरेट के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बरकरार है। इस बड़ी जीत से गुजरात ने टॉप-2 में फिनिश कर क्वालिफायर-1 खेलने की अपनी उम्मीदों को बेहद मजबूत कर लिया है। दूसरी ओर सनराइजर्स हैदराबाद के 13 मैच में 8 जीत के साथ 16 अंक है। बेंगुलरु के खिलाफ आखिरी मुकाबला जीतकर वह 18 अंक तक पहुंच सकती है, लेकिन उसका नेट रन रेट बेंगलुरु और गुजरात से काफी पीछे है। क्वालिफायर-1 खेलने के लिए उसे रिकॉर्ड जीत दर्ज करनी होगी। पंजाब और कोलकाता की उम्मीदें बरकरार पंजाब किंग्स (13 अंक) और कोलकाता नाइट राइडर्स (13 अंक) के साथ पांचवें और छठे स्थान पर मौजूद हैं। चेन्नई के बाहर होने से इन दोनों टीमों की प्लेऑफ की रेस और दिलचस्प हो गई है। दोनों टीमों को अपने आखिरी मैचों में न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि राजस्थान रॉयल्स की हार की दुआ भी करनी होगी। राजस्थान रॉयल्स जीती तो प्लेऑफ खेलेगी राजस्थान 13 मैचों में 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। उसके लिए प्लेऑफ का समीकरण सीधा है। उसे 24 मई को होने वाले अपने आखिरी लीग मैच में जीत दर्ज करनी है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत उसे सीधे प्लेऑफ में पहुंचा देगी। दिल्ली के चांस काफी कम दिल्ली कैपिटल्स 13 मैच में 12 पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर है। टीम का नेट रनरेट (-0.871) काफी खराब है। दिल्ली को कोलकाता के खिलाफ जीत के साथ राजस्थान, पंजाब की बहुत बड़ी हार की उम्मीद करनी होगी। मुंबई, चेन्नई और लखनऊ बाहर मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। चेन्नई अपने सभी 14 मैच खेल चुकी है। मुंबई और लखनऊ के 13-13 मैच में बराबर 8 अंक है। मुंबई पॉइंट्स टेबल में नौवें, जबकि लखनऊ सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। मुंबई 24 मई को राजस्थान से अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी, जबकि लखनऊ 23 मई को पंजाब के खिलाफ खेलेगी। टूर्नामेंट के टॉप प्लेयर्स… साई सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप गुजरात के ओपनर साई सुदर्शन इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनके 14 मैचों में 638 रन हो गए हैं। दूसरे नंबर पर गुजरात के ही कप्तान शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 13 मैच में 616 रन है। तीसरे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने 13 मैच में 579 रन बनाए हैं। भुवनेश्वर कुमार के पास पर्पल कैप गेंदबाजी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 24 विकेट के साथ पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा चेन्नई के खिलाफ मैच में 3 विकेट चटकाए। अब वे 14 मैच में 24 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर है। चेन्नई के अंशुल कम्बोज 14 मैच में 21 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।
IPL में आज हैदराबाद vs बेंगलुरु:RCB जीती तो नंबर वन पोजीशन पक्की; क्वालीफायर-1 के लिए सनराइजर्स को चाहिए बड़ी जीत
IPL 2026 में शुक्रवार को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी। मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमों की नजरें पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में फिनिश करने पर होंगी। RCB फिलहाल 18 पॉइंट्स और +1.065 के सबसे बेहतर नेट रन रेट (NRR) के साथ टॉप पर है। शुक्रवार को जीत मिलने पर बेंगलुरु की नंबर-1 पोजीशन पक्की हो जाएगी और उसे फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद 13 मैचों में 16 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है। उसके पॉइंट्स गुजरात टाइटंस के बराबर हैं, लेकिन कम नेट रन रेट के कारण वह पीछे है। हैदराबाद का नेट रन रेट +0.350 और गुजरात का +0.400 है। टॉप-2 में पहुंचने के लिए हैदराबाद को RCB को बड़े अंतर से हराना होगा। IPL में दोनों टीमें 27वीं बार भिड़ेंगी IPL में दोनों टीमें 26 बार भिड़ चुकी हैं। SRH ने 13 और RCB ने 12 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ेंगी। 28 मार्च को बेंगलुरु में खेले गए मैच में RCB ने SRH को 6 विकेट से हराया था। सनराइजर्स की विस्फोटक बल्लेबाजी, लेकिन इनकंसिस्टेंसी कमजोरी इस मैच में RCB का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा रहा है, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन में उतार-चढ़ाव से गुजरी है। टीम ने लगातार पांच मैच जीतकर शानदार लय पकड़ी थी, लेकिन पिछले चार मुकाबलों में से दो हारे हैं। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की मौजूदगी में हैदराबाद के पास टूर्नामेंट की सबसे विस्फोटक बैटिंग लाइन-अप है, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस कर सकती है। बल्लेबाजों की इनकंसिस्टेंसी ने अहम मौकों पर हैदराबाद को नुकसान पहुंचाया है। पिछले कुछ मैचों में बैटिंग फेलियर टीम की हार का मुख्य कारण रहा है। नॉकआउट स्टेज से पहले टीम इन कमजोरियों को दूर करना चाहेगी। हेनरिक क्लासेन 155.80 की स्ट्राइक रेट से 555 रन बनाकर टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। पैट कमिंस की कप्तानी और मलिंगा का असर हैदराबाद के लिए सबसे बड़ी राहत कप्तान पैट कमिंस की चोट के बाद वापसी रही है। लौटने के बाद कमिंस ने टीम की गेंदबाजी को फिर व्यवस्थित किया और उनकी कप्तानी में टीम मजबूती हुई है। श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा इस सीजन में हैदराबाद के लिए बड़ी खोज साबित हुए हैं। उन्होंने दबाव में किफायती गेंदबाजी के साथ लगातार विकेट भी लिए हैं। ईशान मलिंगा 17 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर हैं। रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB फिर दावेदार डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में इस सीजन भी शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर लगातार दूसरे सीजन खुद को खिताब का मजबूत दावेदार साबित किया है। विराट कोहली ने इस सीजन में 13 मैचों में 542 रन बनाए हैं। वह टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। देवदत्त पडिक्कल ने भी उनका अच्छा साथ निभाया है। भुवनेश्वर-हेजलवुड की जोड़ी का कहर RCB की सफलता में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की जोड़ी की अहम भूमिका रही है। भुवनेश्वर अपनी स्विंग गेंदबाजी से बल्लेबाजों को लगातार परेशान कर रहे हैं। वहीं, हेजलवुड ने मिडिल और डेथ ओवर्स में अहम मौकों पर विकेट लेकर विरोधी टीमों पर दबाव बनाया है। ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने अपनी सटीक स्पिन और वेरिएशन्स से बल्लेबाजों को बांधे रखा है। लेग स्पिनर सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने भी गेंद से अच्छा योगदान दिया है। भुवनेश्वर कुमार 24 विकेट लेकर इस सीजन के टॉप विकेट टेकर हैं। पिच राजीव गांधी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। सपाट पिच और छोटी बाउंड्री के कारण यहां बड़े शॉट्स लगाना आसान होता है। इसलिए यहां अक्सर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि, स्पिनर्स भी उपयोगी साबित होते हैं। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-12 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम, जोश हेजलवुड, जैकब डफी। सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे।





















/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)

