हिट एंड रन से दहला जयपुर, तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार युवती को कुचला; CCTV में कैद वारदात
NIA ने ISIS से जुड़ी बायो-टेरर साज़िश में 3 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की; सार्वजनिक जगहों पर ज़हर फैलाने की थी साजिश
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन ISIS से जुड़े एक कथित बायो-टेरर मॉड्यूल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की है. एजेंसी के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर बड़े पैमाने पर ज़हर फैलाकर आम नागरिकों को निशाना बनाने की साज़िश रच रहे थे.
NIA ने दाखिल किया आरोप पत्र
मुख्य आरोपी डॉ. सैयद अहमद मोहिउद्दीन, निवासी हैदराबाद, और उसके दो सहयोगी आज़ाद तथा मोहम्मद सुहेल (दोनों उत्तर प्रदेश निवासी) के खिलाफ अहमदाबाद स्थित NIA विशेष अदालत में UAPA, BNS और Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत आरोपपत्र दाखिल किया गया.
जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी ISIS के विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे. आरोप है कि ये लोग युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर भर्ती करने, अवैध हथियार जुटाने और जैविक आतंकवाद के जरिए दहशत फैलाने की योजना में शामिल थे.
घातक जैविक पदार्थ का इस्तेमाल की कोशिश
NIA जांच में सामने आया कि आरोपी रिसिन (Ricin) जैसे घातक जैविक पदार्थ का इस्तेमाल करना चाहते थे. यह अत्यंत विषैला पदार्थ अरंडी के बीजों से प्राप्त होता है और Chemical Weapons Convention की अनुसूची-1 में सूचीबद्ध है.
यह मामला मूल रूप से गुजरात ATS ने दर्ज किया था. नवंबर 2025 में डॉ. मोहिउद्दीन को एक टोल प्लाज़ा से गिरफ्तार किया गया था. उसकी कार से अवैध हथियार, 4 लीटर अरंडी तेल और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई थी. ATS की कार्रवाई के आधार पर उसी दिन दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया.
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आज़ाद और सुहेल ने राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित एक डेड-ड्रॉप साइट से नकदी और प्रतिबंधित हथियारों के पार्सल उठाकर गुजरात के छतरल में पहुंचाए थे, जहां से मुख्य आरोपी को उन्हें प्राप्त करना था.
जनवरी 2026 में NIA ने हाथ में ली जांच
NIA ने जनवरी 2026 में जांच अपने हाथ में लेने के बाद पाया कि मोहिउद्दीन को दक्षिण एशिया में ISIS का बड़ा पद दिलाने का लालच दिया गया था. उसने कथित तौर पर हैदराबाद स्थित अपने घर को एक गुप्त लैब में बदल दिया था, जहां वह अरंडी के बीजों से रिसिन तैयार करने की कोशिश कर रहा था.
एजेंसी के अनुसार, मोहम्मद सुहेल इस मॉड्यूल में भर्ती, पैसों के लेनदेन, हथियारों की ढुलाई, रेकी और हैंडलर्स से संपर्क बनाए रखने जैसे कामों में अहम भूमिका निभा रहा था. NIA ने कहा कि केस RC-01/2026/NIA/AMD में जांच अभी जारी है और एजेंसी इस पूरे आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य हैंडलर्स व सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें - यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में आग लगने के बाद इंडिगो की फ्लाइट को कराया गया खाली, सभी यात्री सुरक्षित
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation




















