स्वस्थ लिवर के लिए आयुष मंत्रालय का सुझाव, अपनाएं आयुर्वेदिक डाइट और माइंडफुल ईटिंग
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। आज की तेज रफ्तार और अनियमित दिनचर्या से भरी जिंदगी में खुद को सेहतमंद रखना किसी चुनौती से कम नहीं। जंक फूड और सेहत के प्रति बढ़ती लापरवाही धीरे-धीरे शरीर के महत्वपूर्ण अंग लिवर को नुकसान पहुंचा रही है। लिवर की सेहत के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 19 अप्रैल को विश्व लिवर दिवस मनाया जाता है।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने विश्व लिवर दिवस के अवसर पर लोगों को लिवर स्वस्थ रखने के लिए आयुर्वेदिक डाइट और माइंडफुल ईटिंग अपनाने की सलाह दी है। मंत्रालय के अनुसार, सही खान-पान की आदतें अपनाकर हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।
एक्सपर्ट के अनुसार, आयुर्वेदिक सिद्धांतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी पीना और समय पर सोना भी लिवर को स्वस्थ रखने में सहायक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके हम लिवर संबंधी गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं।
आयुष मंत्रालय के अनुसार लिवर के लिए फायदेमंद आयुर्वेदिक चीजों में अदरक (आर्द्रक) और लहसुन (रसोना), पटोला के पत्ते और फल, पुनर्नवा या बोएरहाविया डिफ्यूसा शामिल हैं। आंवला, अनार, अंगूर, पपीता, संतरा और नींबू जैसे फल, माकोय (सोलेनम नाइग्रम) के पत्ते व शिगरू (मोरिंगा ओलीफेरा) के पत्ते भी शामिल हैं, जो लिवर की सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं।
हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, लिवर की समस्या वाले मरीजों को कुछ दिनों तक सीमित और हल्की डाइट पर रखना फायदेमंद होता है। माइंडफुल ईटिंग यानी भोजन करते समय ध्यान से और शांति से खाना भी लिवर की सेहत के लिए बहुत जरूरी है। इससे पाचन अच्छा होता है और शरीर पर बोझ नहीं पड़ता।
माइंडफुल ईटिंग लिए भोजन करते समय मोबाइल और टीवी बंद रखें। खाने को अच्छी तरह चबाकर खाएं। ताजे और घर के बने भोजन को प्राथमिकता दें। ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और प्रोसेस्ड फूड से बचें। साथ ही एक्सरसाइज को दिनचर्या में शामिल करें।
--आईएएनएस
एमटी/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
इजरायल-लेबनान सीजफायर: उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्रंप की मध्यस्थता को सराहा, स्थायी शांति पर जोर
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजरायल-लेबनान संघर्ष में घोषित दस दिन के युद्धविराम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ यह सीजफायर शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, मैं राष्ट्रपति ट्रंप की मध्यस्थता में हुई इजरायल और लेबनान के बीच दस दिन के सीजफायर की घोषणा का स्वागत करती हूं। यह एक राहत की बात है, क्योंकि इस संघर्ष में पहले ही बहुत ज्यादा जानें जा चुकी हैं।
प्रेसिडेंट उर्सुला ने आगे कहा, अब हमें सिर्फ एक अस्थायी युद्धविराम की नहीं, बल्कि स्थायी शांति के रास्ते की जरूरत है। यूरोप, लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के पूर्ण सम्मान की मांग करता रहेगा। हम, पर्याप्त मानवीय सहायता के जरिए लेबनान के लोगों का समर्थन करते रहेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद संघर्षविराम और स्थायी शांति की दिशा में बड़ी पहल का दावा किया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति बनी है।
ट्रंप ने कहा, दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है; यह मेरा 10वां प्रयास है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर बताया, अभी-अभी मेरी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए वे ईएसटी समय के अनुसार शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से दस दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) की शुरुआत करेंगे।
ट्रंप ने पोस्ट में कहा, 34 वर्षों में पहली बार, इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने यहां वाशिंगटन डीसी में हमारे महान विदेश मंत्री, मार्को रुबियो के साथ मुलाकात की। मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रुबियो को जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर, इजरायल और लेबनान के साथ काम करते हुए एक स्थायी शांति स्थापित करने का निर्देश दिया है। दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है, और यह मेरा 10वां प्रयास होगा। तो चलिए, इसे पूरा करके दिखाते हैं।
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने भी इजरायल-लेबनान में संघर्ष-विराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कामना की कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए, ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation


















