पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की रणभेरी बजते ही राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। इस बीच, टेनिस जगत के दिग्गज और ओलंपिक पदक विजेता लिएंडर पेस की भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय सचिव नितिन नवीन से हुई मुलाक़ात ने राज्य की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे दिया है। खेल के मैदान पर 'सर्विस' करने वाले पेस क्या अब बंगाल की राजनीति में भाजपा के लिए 'एस' (Ace) साबित होंगे? यह सवाल गलियारों में गूँज रहा है।
मुलाक़ात के मायने: दिग्गज खिलाड़ी और कद्दावर नेता
मंगलवार को कोलकाता में हुई इस हाई-प्रोफाइल मुलाक़ात ने उस समय सबका ध्यान खींचा जब नितिन नवीन के साथ पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे। हालांकि इस बैठक को औपचारिक बताया जा रहा है, लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु पेस की आगामी चुनावों में संभावित राजनीतिक भूमिका ही थी।
पिछला राजनीतिक जुड़ाव और अचानक आया बदलाव
पेस की इस नई पहल ने इसलिए सबका ध्यान खींचा है, क्योंकि उनका पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़ाव रहा है। वह 2021 में गोवा में ममता बनर्जी की मौजूदगी में TMC में शामिल हुए थे। ज़ोरदार स्वागत के बावजूद, उन्हें बाद में पार्टी की 69-सदस्यीय राज्य समिति में शामिल नहीं किया गया और धीरे-धीरे वह सक्रिय राजनीति से दूर होते चले गए।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान पहले ही हो चुका है। ऐसे में, पेस की BJP के वरिष्ठ नेताओं से हुई मुलाक़ात ने इस चर्चा को फिर से तेज़ कर दिया है कि क्या वह इस अहम चुनावी मुक़ाबले से पहले पाला बदलने की तैयारी कर रहे हैं।
बंगाल में BJP की चुनावी रणनीति पर ज़ोर
अपने दो-दिवसीय कोलकाता दौरे के दौरान, नितिन नवीन ने BJP के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई रणनीतिक बैठकों की अध्यक्षता की। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन बैठकों का मुख्य ज़ोर चुनाव प्रचार की योजना को मज़बूत करने, डिजिटल माध्यमों से लोगों से जुड़ाव बढ़ाने और ज़मीनी स्तर पर पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों को और पुख़्ता करने पर रहा, क्योंकि पार्टी चुनावों की तैयारियों को अब और तेज़ कर रही है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों ने इसे एक नया "चक्रव्यूह" बताया है—यह एक बहु-स्तरीय चुनावी रणनीति है, जिसका मुख्य केंद्र बिंदु बूथ प्रबंधन, चुनावी माहौल (नैरेटिव) तैयार करना और सूक्ष्म स्तर पर लोगों को लामबंद करना है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव
पार्टी द्वारा संगठनात्मक परामर्श और चुनाव प्रचार की योजनाओं को तेज़ किए जाने के साथ ही, नितिन नवीन के बंगाल दौरे से BJP की चुनावी तैयारियों को और गति मिलने तथा राज्य में राजनीतिक मुक़ाबले के और भी ज़्यादा गरमाने की उम्मीद है। यहाँ यह ध्यान रखना ज़रूरी है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाने का कार्यक्रम तय है। विधानसभा की सभी 294 सीटों के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती की जाएगी और चुनाव परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।
Continue reading on the app
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए अब एक दिलचस्प मोड़ सामने आया है। खबरों के मुताबिक पाकिस्तान खुद को एक मध्यस्थ के तौर पर पेश कर रहा है और मुमकिन है कि इस हफ्ते के आखिर में इस्लामाबाद में दोनों मुल्कों के बीच आमने-सामने बातचीत भी हो। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच होने वाली मध्यस्थता के क्या मायने हैं? साथ ही इस पर भारत का क्या रुख है? मेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कल ही ईरान युद्ध में हाफ सीज फायर का प्रस्ताव दिया था। लेकिन यह सिर्फ 48 घंटे में टूट गया। एक्सपर्ट इसे ट्रंप और नेतन्याहू का डबल गेम बता रहे हैं। अब इसे पाकिस्तान में पीस टॉक के तहत सुलझाने की बात चल रही है। इजराइली रिपोर्टर बराक रेविड ने सोशल मीडिया पर एक इजराइयली अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि इस मीटिंग में अमेरिकी डेलीगेशन की कमान उपराष्ट्रपति जे डी वेंस संभाल सकते हैं। उनके साथ शांति मिशन के लिए खासदूत स्टीव बिटकॉफ और जेरेड कुशनर भी शामिल हो सकते हैं। जो ट्रंप के बेहद करीबी हैं। विटक ट्रंप के खास दोस्त हैं और कुशनर उनके दामाद हैं। वहीं ईरान की तरफ से संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर घालीबा डेलीगेशन की अगुवाई कर सकते हैं। इस पूरे मामले में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का बयान भी काफी अहम है। उन्होंने हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजिशियान से बात की और इलाके में अमन कायम करने में मदद का भरोसा दिया। अमेरिकी एक्सपर्ट माइकल कुगलमैन का कहना है कि पाकिस्तान का इस तरह मध्यस्थ बनना कोई हैरानी की बात नहीं है। पिछले एक साल में पाकिस्तान और ईरान के रिश्तों में काफी गर्मजशी आई है।
मेजबानी को लेकर पाकिस्तान तैयार
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए सार्थक और निर्णायक वार्ता की मेजबानी को लेकर उनका देश तैयार है। यह घोषणा मीडिया की उन खबरों के बाद आई है जिनमें कहा गया है कि पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के लिए पाकिस्तान, मिस्र और तुर्किये परोक्ष रूप से प्रयास कर रहे हैं। शरीफ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, पाकिस्तान पश्चिम एशिया में युद्ध को समाप्त करने के लिए जारी संवाद प्रयासों का स्वागत करता है और उनका पूरी तरह से समर्थन करता है, जो क्षेत्र और उससे परे शांति और स्थिरता के हित में है। शरीफ ने पोस्ट में कहा कि अमेरिका और ईरान की सहमति होने पर पाकिस्तान संघर्ष के व्यापक समाधान के लिए सार्थक और निर्णायक वार्ता की मेजबानी करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए तैयार है तथा इसे अपने लिए सम्मान की बात मानता है। कुछ घंटों बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शरीफ की पोस्ट को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा किया। इससे पहले, विदेश कार्यालय ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अटकलों से बचने और अमेरिकी एवं ईरानी प्रतिनिधियों के बीच वार्ता स्थल के बारे में आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करने का आग्रह किया था। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, पाकिस्तान अपनी नीति के अनुरूप, पश्चिम एशिया और फारस की खाड़ी में जारी संघर्ष के समाधान के लिए राजनयिक माध्यमों और प्रयासों के प्रति प्रतिबद्ध है।
भारत में क्यों नहीं हुई मध्यस्थता
अब अगर भारत की बात करें तो भारत का रुख हमेशा से साफ रहा है। भारत चाहता है कि इलाके में जंग ना हो और अमन चैन बना रहे। लेकिन भारत किसी भी सूरत में पाकिस्तान की तरह किसी भी पक्ष का मोहरा बनने को तैयार नहीं है। उसकी दोस्ती ईरान और इजराइल दोनों के साथ कायम है और यही उसकी संतुलित विदेश नीति की पहचान भी है। कुल मिलाकर सियासत का यह खेल अभी दिलचस्प मोड़ पर है। अब देखना यह होगा कि पाकिस्तान इस मौके को अपने हक में कैसे इस्तेमाल करता है और क्या वाकई यह कोशिश इलाके में अमन ला पाएगी या फिर यह सिर्फ एक और सियासी चाल साबित होगी।
चार सप्ताह से चला आ रहा युद्ध
युद्ध के चौथे सप्ताह में प्रवेश करने के साथ ही विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने इस्लामाबाद को वार्ता के संभावित स्थल के रूप में बताया है। ब्रिटेन के अखबार ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ के अनुसार, पाकिस्तान के रक्षा बलों के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की और अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभाने का अनुरोध किया। सोमवार को ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घोषणा की थी कि अमेरिका ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमलों को पांच दिनों के लिए स्थगित कर देगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने पिछले कुछ दिनों में ईरान के साथ बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत की है। ‘सीएनएन’ के अनुसार, अमेरिका ने ईरान को 15 मांगों की एक सूची भेजी है, जिसमें पाकिस्तान के माध्यम से अपनी अपेक्षाओं का ब्यौरा दिया गया है। सूत्रों के हवाले से ‘सीएनएन’ की खबर में कहा गया, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (आईएसआई) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक उन अधिकारियों में शामिल हैं जो अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर के संपर्क में हैं।
Continue reading on the app