ईरानी नागरिकों के लिए नेपाल ने वीज़ा-ऑन-अराइवल सुविधा रोकी
काठमांडू, 13 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच नेपाल सरकार ने ईरानी नागरिकों के लिए वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा रोकने का फैसला किया है। नेपाल के आव्रजन विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विभाग के महानिदेशक रामचंद्र तिवारी ने आईएएनएस से कहा कि यह कदम क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण ईरानी नागरिकों की संभावित बढ़ती आवाजाही को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष प्रभावित अन्य देशों के लिए भी इसी तरह की नीतियां अपनाई जाती रही हैं।
तिवारी ने बताया कि विभाग की सिफारिश पर नेपाल के गृह मंत्रालय ने ईरानी नागरिकों को वीजा-ऑन-अराइवल सुविधा बंद करने का निर्णय लिया है। यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है, क्योंकि खुली सीमा के कारण ईरानी नागरिकों के भारत के रास्ते नेपाल में प्रवेश की आशंका भी जताई गई है।
नई व्यवस्था के तहत अब आधिकारिक और कूटनीतिक पासपोर्ट धारकों को छोड़कर सभी ईरानी नागरिकों को नेपाल आने से पहले विदेश में स्थित नेपाली दूतावास या कूटनीतिक मिशन से वीज़ा लेना अनिवार्य होगा। इस फैसले के साथ नेपाल में वीज़ा-ऑन-अराइवल की सुविधा से वंचित देशों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।
इन देशों और क्षेत्रों में नाइजीरिया, घाना, जिम्बाब्वे, स्वाज़ीलैंड, कैमरून, सोमालिया, लाइबेरिया, इथियोपिया, इराक, फिलिस्तीन, अफगानिस्तान और सीरिया शामिल हैं।
नेपाल सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि शरणार्थी दर्जे वाले यात्रा दस्तावेज़ लेकर आने वाले व्यक्तियों को भी देश में प्रवेश से पहले किसी नेपाली कूटनीतिक मिशन से वीज़ा प्राप्त करना होगा।
दरअसल, नेपाल को आशंका है कि विदेशी नागरिक देश में आकर शरणार्थी दर्जा लेने की कोशिश कर सकते हैं। पहले भी म्यांमार की सेना के अभियान के कारण सैकड़ों रोहिंग्या शरणार्थी नेपाल पहुंचे थे। इसके अलावा, 1990 के दशक की शुरुआत से नेपाल ने दो दशकों तक एक लाख से अधिक भूटानी शरणार्थियों को शरण दी थी, जिन्हें बाद में कई पश्चिमी देशों में पुनर्वासित किया गया।
जब तिवारी से पूछा गया कि क्या यह फैसला अमेरिका की सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखकर लिया गया है, तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से ईरानी नागरिकों को लेकर किसी संभावित खतरे के संबंध में नेपाल को कोई आधिकारिक कूटनीतिक सूचना नहीं मिली है।
--आईएएनएस
डीएससी
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
अपने दुश्मनों पर हम जरा भी रहम नहीं करेंगे, ईरान की सैन्य क्षमता लगभग खत्म: अमेरिकी युद्ध सचिव
नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को लेकर बड़ा दावा किया। अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान की हवाई सुरक्षा, वायु सेना और नौसेना लगभग निष्क्रिय हो चुकी हैं, जबकि मिसाइलों और ड्रोन की क्षमता में भारी गिरावट आई है।
अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ईरान की सैन्य क्षमताओं को अभूतपूर्व गति से नष्ट कर रहा है। ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना हमारा मुख्य मिशन है।
हेगसेथ ने यह भी कहा कि यह लड़ाई कभी बराबरी की नहीं थी। सारे पत्ते राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाथ में हैं। इस संघर्ष की गति, रफ्तार और समय सब वही तय करेंगे।
युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका ईरान के कट्टरपंथी शासन की सेना को इस तरह से तबाह कर रहा है, जैसा दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा गया। पहले कभी कोई आधुनिक और सक्षम सेना इतनी तेजी से नष्ट नहीं हुई और न ही इतनी जल्दी युद्ध के लिए पूरी तरह से बेकार हुई। पूरी तरह से तबाह।
पीट हेगसेथ ने कहा, हमने कहा था कि यह कोई बराबरी की लड़ाई नहीं होगी और यह सचमुच वैसी नहीं रही।
पीट हेगसेथ ने कहा कि अब ईरान के पास कोई हवाई सुरक्षा नहीं है। ईरान के पास कोई वायु सेना नहीं है। ईरान के पास कोई नौसेना नहीं है।
उनकी मिसाइलें, उनके मिसाइल लॉन्चर और ड्रोन या तो नष्ट किए जा रहे हैं या आसमान में ही मार गिराए जा रहे हैं। उनकी मिसाइलों की संख्या में 90 प्रतिशत की कमी आई है।
उनके वन-वे अटैक ड्रोन की संख्या में 95 प्रतिशत की कमी आई है और जैसा कि पूरी दुनिया देख रही है, वे होर्मुज जलडमरूमध्य में घोर हताशा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
पीट हेगसेथ ने कहा, हम उनकी सभी महत्वपूर्ण सैन्य क्षमताओं को हराने, नष्ट करने और निष्क्रिय करने की योजना पर काम कर रहे हैं। वह भी ऐसी गति से जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी।”
युद्ध सचिव ने कहा, “ईरान का नेतृत्व भी कोई बेहतर हालत में नहीं है। वे हताश हैं और छिपे हुए हैं। वे भूमिगत हो गए हैं, डर के मारे दुबके हुए हैं। हम जानते हैं कि उनका नया तथाकथित नेता घायल है और संभवतः उसका चेहरा भी बिगड़ गया है।
पीट हेगसेथ ने कहा, कल उनकी ओर से एक बयान जारी किया गया था, जो असल में काफी कमजोर था। उसमें न तो कोई आवाज थी और न ही कोई वीडियो। वह केवल एक लिखित बयान था।”
पीट हेगसेथ ने कहा, बहुत जल्द ईरान की सभी रक्षा कंपनियां नष्ट हो जाएंगी। वे आपस में ठीक से बातचीत भी नहीं कर पा रहे, तालमेल बिठाना तो दूर की बात है। वे पूरी तरह से भ्रमित हैं और यह बात हम अच्छी तरह जानते हैं।
पीट हेगसेथ ने कहा कि हमारा जवाब साफ है, हम अपना दबाव बनाए रखेंगे। हम उन्हें पीछे धकेलते रहेंगे। हम लगातार आगे बढ़ते रहेंगे। हम उन्हें कोई रियायत नहीं देंगे। अपने दुश्मनों पर हम जरा भी रहम नहीं करेंगे।
--आईएएनएस
एवाई/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation

















.jpg)



