हरियाणा की 2 राज्यसभा सीटों पर फैसला आज:BJP का संजय पर दांव, कांग्रेस में देर रात तक 3 के नाम पर चर्चा, 1 राहुल गांधी ने सुझाया
हरियाणा की 9 अप्रैल को खाली हो रही दो राज्यसभा सीटों पर नॉमिनेशन का आज लास्ट डे है। इन राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है। भाजपा ने पूर्व सांसद संजय भाटिया पर दांव खेल दिया है, जबकि बुधवार की देर रात तक कांग्रेस में तीन नामों की चर्चा चल रही थी, जिनमें कर्मवीर सिंह बौद्ध, उदय भान और अशोक तंवर शामिल रहे। हालांकि, सूत्रों की माने तो कर्मवीर का नाम फाइनल कर दिया गया है। उसके पीछे तीन कारण गिनाए गए है। पहला वे अनुसूचित जाति से आते है, दूसरा वह हरियाणा विधानसभा के पूर्व सचिव भी रह चुके हैं और तीसरा व सबसे अहम ये कि बीते साल हरियाणा की राजनीति में भूचाल ला देने वाले आईपीएस वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में कथित आंदोलन के वे अगुवा बने हुए थे। सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्वयं उनके नाम का सुझाव दिया है। बताया यहां तक गया है कि हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह लीगल टीम के साथ कर्मवीर बौद्ध के नामांकन से जुड़े डॉक्यूमेंट को लेकर देर रात को काम करते रहे, ताकि गुरुवार को नामांकन कराया जा सके। कौन है कर्मवीर बौद्ध, जिनका नाम कांग्रेस में सबसे आगे… अब भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया के बारे में जानिए…. यहां समझिए हरियाणा राज्यसभा चुनाव का पूरा गणित…. किरण चौधरी और रामचंद्र जागड़ा का कार्यकाल हाे रहा पूरा राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा की खाली हो रही ये दोनों सीटें भाजपा के पास हैं। राज्यसभा सांसद राम चंद्र जांगड़ा मार्च 2020 में राज्यसभा सांसद बने थे। उनका कार्यकाल 10 अप्रैल 2020 से शुरू होकर 9 अप्रैल 2026 तक है। वे निर्विरोध चुने गए थे। वहीं, किरण चौधरी 27 अगस्त 2024 को राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध सांसद चुनी गई थीं। यह सीट दीपेंद्र हुड्डा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। दीपेंद्र ने रोहतक से सांसद बनने के बाद इस्तीफा दिया था। जीतने के लिए कम से कम 31 कोटा वोट चाहिए हरियाणा विधानसभा में कुल 90 वैध मत हैं, जिनमें भाजपा के 48, कांग्रेस के 37, निर्दलीय 3 और इनेलो के 2 वोट शामिल हैं। राज्यसभा की 2 सीटों के लिए चुनाव होने हैं, और जीत का कोटा निकालने का फॉर्मूला है: कुल वैध मत ÷ (रिक्त सीटें + 1) + 1, यानी (90 ÷ 3) + 1 = 31। इसका मतलब है कि किसी भी उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 31 कोटा वोट चाहिए। पहले राउंड में ये बन रही स्थिति पहले राउंड में, भाजपा और कांग्रेस 1-1 उम्मीदवार उतारती है, तो भाजपा अपने एक उम्मीदवार को 31 वोट देकर जिता सकती है, जिसके बाद उसके पास 17 वोट बचेंगे। वहीं, कांग्रेस अपने उम्मीदवार को 31 वोट देकर आसानी से जिता सकती है, जिसके बाद उसके पास 6 वोट बचेंगे। इस गणित के अनुसार, पहली सीट भाजपा और दूसरी सीट कांग्रेस की लगभग पक्की दिखती है। निर्दलीय के लिए ये बन रही स्थिति भाजपा के पास 17, कांग्रेस के पास 6, निर्दलीय 3 और इनेलो के पास 2 वोट शेष बचते हैं, जिनका कुल योग 28 होता है, जो कि जीत के लिए आवश्यक 31 के कोटे से कम है। यदि निर्दलीय (3) और इनेलो (2) भाजपा के साथ चले जाएं, तो भी भाजपा के पास केवल 22 वोट होंगे, जो कि 31 से कम हैं। अगर कांग्रेस के 6 वोट भी हथिया ले, तो भी कुल 28 वोट ही होंगे। इसलिए, भाजपा को दूसरी सीट जीतने के लिए 9 क्रॉस वोट चाहिए होंगे, जिससे उसके पास 17 + 3 + 2 + 9 = 31 वोट हो जाएंगे। एक-एक उम्मीदवार उतारा तो वोटिंग की जरूरत नहीं संवैधानिक मामलों के जानकार एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस अपना एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारती है, तो वोटिंग की जरूरत नहीं होगी। नाम वापसी के अंतिम दिन ही दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों को निर्विरोध घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि अगर भाजपा एक अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतारती है तो वोटिंग करानी पड़ेगी। हालांकि इसके लिए भाजपा को क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ेगी। -------------------------------- ये खबर भी पढ़ें... मनीषा केस में अगुवा रहे पूर्व सरपंच बोले-राज्यसभा चुनाव लड़ूंगा:3 विधायकों का समर्थन, 7 से जुटा लेने का दावा; हरियाणा में 2 सीटों पर होगा चुनाव हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। भारतीय चुनाव आयोग ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए आईएएस पंकज अग्रवाल को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है, जबकि असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी हरियाणा विधानसभा के डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को दी गई है। नामांकन 5 मार्च तक होगा। (पूरी खबर पढ़ें)
एलन ने सबसे तेज सेंचुरी लगाई:न्यूजीलैंड का फास्टेस्ट 150+ रनचेज, रबाडा के बोल्ड से बेल्स बाउंड्री के पास पहुंची
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 169 रन बनाए, लेकिन कीवी टीम ने 170 रन का लक्ष्य सिर्फ 12.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। फिन एलन ने 33 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली और टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक भी अपने नाम कर लिया। पढ़िए पहले सेमीफाइनल NZ vs SA के रिकॉर्ड्स और मोमेंट्स… 1. एलन ने सबसे तेज टी-20 वर्ल्ड कप सेंचुरी लगाई न्यूजीलैंड के फिन एलन ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी लगाई। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में 33 गेंदों में शतक बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2016 में 47 गेंदों में शतक लगाया था। एलन टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के लिए शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने। उनसे पहले ब्रेंडन मैकुलम ने 2012 में और ग्लेन फिलिप्स ने 2022 में यह उपलब्धि हासिल की थी। 2. एलन की टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी फिन एलन ने सेमीफाइनल में नाबाद 100 रन बनाकर टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों की सबसे बड़ी पारी खेली। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान के 96* रन का था। 3. एलन के नाम न्यूजीलैंड की सबसे तेज टी-20 वर्ल्ड कप फिफ्टी फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाकर न्यूजीलैंड के लिए टी-20 वर्ल्ड कप की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ग्लेन फिलिप्स के नाम था, जिन्होंने इसी वर्ल्ड कप में कनाडा के खिलाफ 22 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी। 4. न्यूजीलैंड का सबसे तेज 150+ रनचेज न्यूजीलैंड ने 150 से ज्यादा रन का लक्ष्य 43 गेंद बाकी रहते हासिल किया, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज सफल रनचेज है। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के नाम था, जिसने 2024 में ओमान के खिलाफ 41 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल किया था। अब मोमेंट्स… 1. सौरव गांगुली ट्रॉफी लेकर आए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। मैच शुरू होने से पहले भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी लेकर मैदान पर आए। 2. ग्लेन फिलिप्स से कैच छूटा दुनिया के सबसे शानदार फील्डर्स में शामिल ग्लेन फिलिप्स ने कैच छोड़ दिया। 10वें ओवर में रचिन रवींद्र की गेंद पर डेविड मिलर ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद बल्ले के मोटे हिस्से पर लगी और डीप एक्स्ट्रा कवर की ओर गई। फिलिप्स गेंद के नीचे पहुंच गए थे, लेकिन बॉल उनके हाथ से छिटक गई। खुद फिलिप्स को भी विश्वास नहीं हुआ कि उन्होंने कैच छोड़ दिया है। 4. ब्रेविस ने एक हाथ से नो-लुक सिक्स लगाया साउथ अफ्रीकी पारी के 10वें ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस ने एक अद्भुत शॉट खेला। रचिन रवींद्र ने ओवर की तीसरी गेंद लेग स्टंप पर फुल लेंथ डाली। ब्रेविस ने बॉटम हैंड की ताकत का इस्तेमाल किया और काउ कॉर्नर पर छक्का जड़ दिया। यह ब्रेविस का नो-लुक शॉट था। 5. टिम साइफर्ट का 11 रन पर कैच छूटा न्यूजीलैंड की पारी के दूसरे ओवर में टिम सइफर्ट का 11 रन पर कैच छूट गया। कगिसो रबाडा ने ओवर की दूसरी गेंद शॉर्ट डाली। सइफर्ट पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद ने अपर एज लिया और हवा में गई। विकेटकीपर डीकॉक पीछे की ओर लगभग 30 मीटर भागे और छलांग लगाकर गेंद पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह दूर रह गए। जबकि डेवाल्ड ब्रेविस गेंद से करीब 10 कदम की दूरी पर ही खड़े थे, लेकिन न उन्होंने कॉल किया और न ही कैच पकड़ने की कोशिश की। 6. रबाडा के बोल्ड पर गिल्ली बाउंड्री तक पहुंच गई कगिसो रबाडा ने 10वें ओवर की पहली गेंद पर न्यूजीलैंड की शतकीय ओपनिंग साझेदारी तोड़ी। सइफर्ट गुड लेंथ गेंद पर शॉट खेलने से चूक गए और गेंद सीधे मिडिल-लेग स्टंप से टकरा गई। इस दौरान गिल्ली स्टंप से काफी दूर जाकर गिरी। 7. एलन ने लगातार 5 बाउंड्री लगाकर जीत दिलाई फिन एलन ने 13वें ओवर में मार्को यान्सन की लगातार 5 गेंदों को सीमा रेखा के बाहर भेजकर अपना शतक पूरा किया। एलन ने पहली गेंद पर स्कूप लगाकर शॉर्ट फाइन लेग के ऊपर से चौका जड़ा। दूसरी गेंद लो फुल टॉस थी, जिसको फ्लिक कर स्क्वायर के पीछे चौका लगाया। तीसरी गेंद पुल लगाकर मिडविकेट पर छक्का जड़ा। चौथी गेंद स्लोअर थी, जिसे लॉन्ग-ऑन पर 6 रन के लिए भेजा। इसके बाद 5वीं गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया और न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचाया।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 















.jpg)








