सूर्या ने सैमसन के सम्मान में टोपी उतारी:जीत के बाद संजू घुटनों पर बैठे; भारतीय कप्तान ने धूल उड़ाकर बॉलिंग एंड चुना
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया। रविवार को वेस्टइंडीज के 195 रन के जवाब में भारत ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। लेकिन स्कोरकार्ड से ज्यादा याद रह गया वो पल, जब 97* रन बनाकर विजयी शॉट लगाने वाले संजू सैमसन घुटनों पर बैठ गए। सूर्या ने टोपी उतारकर अपने मैच विनर को सलाम किया और ईडन गार्डेन्स तालियों से गूंज उठा। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने धूल उड़ाकर बॉलिंग एंड चुना। पढ़िए IND Vs WI मैच के टॉप मोमेंट्स… 1. जीत के बाद सैमसन घुटनों पर बैठे और भगवान को शुक्रिया कहा संजू सैमसन ने 20वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। विनिंग शॉट लगाने के बाद उन्होंने हेलमेट निकालकर बाईं ओर फेंक दिया। इसके बाद वह घुटनों के बल बैठ गए, आसमान की ओर देखा और फिर हाथ जोड़कर अपने भगवान को शुक्रिया कहा। 2. सूर्या ने टोपी उतारकर सैमसन का सम्मान किया कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच जीतने के बाद शानदार पारी खेलने वाले संजू सैमसन का अनोखे तरीके से सम्मान किया। सैमसन ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को मैच जिताया। नाबाद पारी खेलने के बाद जब सैमसन डगआउट की ओर जा रहे थे, तब कप्तान सूर्या ने अपनी टोपी उतारी और सिर झुकाकर उनका सम्मान किया। 3. सूर्या ने धूल उड़ाकर बॉलिंग एंड तय किया भारतीय बॉलिंग शुरू होने से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एंड चुनने से पहले अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने दोनों एंड पर जाकर धूल उड़ाई और हवा का रुख पता किया। उसके बाद उन्होंने गेंदबाज अर्शदीप सिंह से बात की। इसके बाद सूर्या के बताए एंड से अर्शदीप ने पहला ओवर डाला। 4. मैथ्यू हेडेन ने बेल बजाकर मैच की शुरुआत की कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स पर रविवार को परंपरा के अनुसार बेल बजाकर भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच की शुरुआत हुई। इस बार ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी मैथ्यू हेडन ने बेल बजाई, जिसके बाद मैच शुरू हुआ। 5. वरुण का गलत थ्रो, चेज रन आउट से बचे तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने रोस्टन चेज को रन आउट करने का मौका गंवा दिया। अर्शदीप की गेंद को चेज ने प्वाइंट पर खेलकर सिंगल चुराने की कोशिश की और लगभग नॉन-स्ट्राइक पर पहुंच गए थे। लेकिन शाई होप ने रन लेने से मना कर दिया। वरुण ने गेंद विकेटकीपर के पास फेंकने की बजाय नॉन-स्ट्राइक एंड पर थ्रो कर दी। इस तरह चेज रन आउट होने से बच गए। 6. रोस्टन चेज का नो-लुक स्कूप वेस्टइंडीज की पारी के दौरान रोस्टन चेज ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर ऐसा इनोवेटिव शॉट खेला कि सब हैरान रह गए। चेज ने 5वें ओवर की चौथी गेंद पर गेंद की लाइन में आकर नो-लुक स्कूप शॉट खेला। गेंद बाउंड्री लाइन के बाहर चली गई और चेज को 4 रन मिले। 7. अभिषेक ने दो कैच छोड़े वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने दो कैच छोड़े। 5वें ओवर में रोस्टन चेज को जीवनदान मिला। जसप्रीत बुमराह ने चेज को स्लोअर बॉल डाली, जिस पर चेज ने जोर से बल्ला चलाया, लेकिन गेंद बल्ले का एज लेकर हवा में खड़ी हो गई। अभिषेक ने दोनों हाथों से कैच पकड़ा, लेकिन गेंद हाथ से छिटक गई। इसके बाद 19वें ओवर में अर्शदीप सिंह की तीसरी गेंद पर अभिषेक ने रोवमन पॉवेल का भी कैच छोड़ दिया। पॉवेल ने मिडविकेट की ओर फ्लिक शॉट खेला। अभिषेक डीप मिडविकेट से भागकर कैच करने आए, लेकिन गेंद फिर उनके हाथ से छिटक गई और पॉवेल को जीवनदान मिल गया। 8. सूर्या ने हवा में छलांग लगाकर कैच पकड़ा भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच में एक शानदार कैच पकड़ा। जसप्रीत बुमराह ने 12वें ओवर की 5वीं गेंद स्लोअर डाली। रोस्टन चेज गेंद को समझ नहीं पाए और गेंद बल्ले से लगकर सूर्या की ओर गई। सूर्या ने दाईं ओर दौड़ते हुए फुल स्ट्रेच छलांग लगाई और शानदार कैच पकड़ा। रोस्टन चेज 25 गेंद पर 40 रन बनाकर आउट हुए। 9. गुडाकेश ने सूर्या का कैच छोड़ा भारतीय पारी के 10वें ओवर में गुडाकेश मोती ने अपनी ही गेंद पर कैच पकड़ने का मौका गंवा दिया। ओवर की दूसरी गेंद पर मोती ने सूर्यकुमार यादव को मिडिल स्टंप पर फुल बॉल डाली। सूर्या ने आगे बढ़कर स्ट्रेट ड्राइव खेला, लेकिन गेंद मोती की ओर गई। उन्होंने दोनों हाथों से कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से लगकर छिटक गई। 10. हेटमायर ने तिलक का शानदार कैच पकड़ा शिमरोन हेटमायर ने मैच में ऐसा बेहतरीन कैच पकड़ा, जिसे देखकर बल्लेबाज भी हैरान रह गए। तिलक वर्मा ने 15वें ओवर में जेसन होल्डर की चौथी गेंद पर मिड ऑफ के ऊपर से शॉट खेला। लेकिन मिड ऑफ पर खड़े शिमरोन हेटमायर ने फुल स्ट्रेच छलांग लगाते हुए शानदार कैच पकड़ा। तिलक को लगा था कि उन्होंने मिड ऑफ क्लियर कर दिया है और गेंद 4 रन के लिए चली जाएगी, लेकिन जब उन्होंने देखा कि हेटमायर ने कैच पकड़ लिया है, तो वह हैरान रह गए। 11. होल्डर ने हार्दिक का कैच छोड़ा भारतीय पारी के 17वें ओवर में जेसन होल्डर ने हार्दिक पंड्या का आसान कैच छोड़ दिया। रोमारियो शेफर्ड की पहली गेंद पर हार्दिक ने एक्स्ट्रा कवर की ओर शॉट खेला। वहां खड़े होल्डर के हाथों में गेंद पहले उनकी कलाई से टकराई, फिर सीने से लगी और जमीन पर गिर गई।
संजू बोले-धोनी, कोहली और रोहित से मैच फिनिश करना सीखा:कोच गंभीर ने कहा- सैमसन वर्ल्ड क्लास प्लेयर, बुमराह ने हमेशा साथ दिया
भारत ने कोलकाता में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच बने। मुकाबले के बाद सैमसन ने कहा कि उन्होंने मैच फिनिश करना महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा से सीखा है। वहीं कोच गौतम गंभीर ने उन्हें वर्ल्ड क्लास प्लेयर बताया, जबकि जसप्रीत बुमराह की सराहना करते हुए सैमसन ने कहा कि बुमराह ने हमेशा टीम का साथ दिया है। विराट, रोहित और धोनी से सीखा मैच फिनिश करना सैमसन ने अपनी सफलता का श्रेय टीम के सीनियर खिलाड़ियों को दिया। उन्होंने कहा, मैं लंबे समय से इस फॉर्मेट में खेल रहा हूं। मेरे पास लगभग 12 साल का IPL अनुभव है और पिछले 10 साल से मैं राष्ट्रीय टीम के सेटअप का हिस्सा हूं। भले ही मैंने ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच (करीब 50-60) नहीं खेले हों, लेकिन डगआउट में बैठकर मैंने विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी जैसे दिग्गजों को करीब से देखा है। मैंने लगभग 100 मैच सिर्फ उन्हें ऑब्जर्व करने में बिताए हैं कि वे कैसे मैच फिनिश करते हैं और परिस्थितियों के अनुसार अपना खेल बदलते हैं। उतार-चढ़ाव भरा रहा करियर, खुद पर भी हुआ शक अपनी यात्रा को याद करते हुए संजू ने कहा, देश के लिए खेलने का सपना मैंने बचपन से देखा था। आज का दिन मेरे लिए बेहद खास है। मेरे करियर में कई उतार-चढ़ाव आए। कई बार खुद पर भी शक हुआ, लेकिन मैंने विश्वास बनाए रखा। भगवान का शुक्र है कि आज मुझे यह मौका मिला। यह मेरे जीवन के सबसे बड़े दिनों में से एक है। सूर्या बोले- सेमीफाइनल में पहुंचना टीम की मेहनत का नतीजा मैच के बाद सूर्यकुमार ने कहा, यह जीत हमारे लिए बहुत खास है। यह मुकाबला क्वार्टरफाइनल जैसा था। जिस तरह खिलाड़ियों ने दबाव में खेल दिखाया, वह काबिल-ए-तारीफ है। टूर्नामेंट की शुरुआत से हमने जैसा खेल दिखाया है, उसके दम पर हम सेमीफाइनल में पहुंचना डिजर्व करते थे। संजू को लेकर सूर्या बोले- अच्छे लोगों के साथ अच्छा ही होता है संजू सैमसन की मैच जिताऊ पारी पर कप्तान ने कहा, मैं हमेशा कहता हूं कि जो लोग इंतजार करते हैं और मेहनत करते हैं, उनके साथ अच्छा ही होता है। संजू जब टीम से बाहर थे, तब भी वह लगातार अपनी स्किल्स पर काम कर रहे थे। आज उन्हें उसी कड़ी मेहनत का फल मिला है। उन्होंने जिस तरह से पारी को संभाला, उसने मैच को हमारे पक्ष में मोड़ दिया। ओस को ध्यान में रखकर बनाई थी रणनीति भारतीय कप्तान ने बताया कि टीम ने 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय ओस के असर को ध्यान में रखते हुए रणनीति बनाई थी। उन्होंने कहा, हम जानते थे कि ओस के कारण गेंद बल्ले पर अच्छी आएगी और 200 रन का लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। इसलिए हमारी योजना मैच को आखिर तक ले जाने की थी। गेंदबाजों ने भी अपनी योजना के अनुसार अच्छा प्रदर्शन किया। वेस्टइंडीज के कप्तान बोले- हमने 15-20 रन कम बनाए हार के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने माना कि उनकी टीम उम्मीद के मुताबिक स्कोर नहीं खड़ा कर पाई। होप ने कहा, हम कुछ रन कम रह गए। इस मैदान पर, जहां रन आसानी से बनते हैं, वहां हमें आखिरी ओवरों में ज्यादा तेजी से रन बनाने चाहिए थे। संजू ने बेहतरीन पारी खेली, उसका श्रेय उन्हें जाता है। हालांकि हमारे स्पिनर्स अकील होसेन और गुडाकेश मोती ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन आज हम फिनिशिंग लाइन पार नहीं कर सके। संजू ने पारी को बहुत अच्छे से पेस किया कोच गौतम गंभीर ने संजू सैमसन की बल्लेबाजी पर बात करते हुए कहा, संजू एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं। उनके पास अनुभव है और उन्होंने इसे बखूबी दिखाया। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भी उन्होंने अपनी भूमिका निभाई थी। यहां उन्होंने अंधाधुंध बल्लेबाजी करने के बजाय अपनी पारी को बहुत समझदारी से आगे बढ़ाया। मुझे उम्मीद है कि वह यहां से अपने प्रदर्शन को और बेहतर करेंगे। ईशान किशन और संजू दो बेहतरीन विकल्प विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका पर गंभीर ने कहा कि टीम के पास संजू सैमसन और ईशान किशन के रूप में दो बहुत अच्छे खिलाड़ी मौजूद हैं। ये दोनों खिलाड़ी बेहतरीन बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं। इससे टीम को प्लेइंग-11 चुनने में काफी लचीलापन मिलता है। बुमराह हमारे ‘बैंकर’ हैं, हर मुश्किल में उनके पास जाते हैं गौतम गंभीर ने जीत का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा, सिर्फ संजू ने ही नहीं, बल्कि शिवम दुबे ने भी अंत में दो महत्वपूर्ण चौके लगाकर मैच हमारे पक्ष में रखा। जसप्रीत बुमराह हमारे लिए ‘बैंकर’ की तरह हैं। जब भी टीम को जरूरत होती है, हम उन्हीं के पास जाते हैं। इस पूरे रन चेज के दौरान हमें कभी नहीं लगा कि हम खेल से बाहर हैं। डेटा ओवररेटेड है, कप्तानी अनुभव से चलती है बल्लेबाजी कॉम्बिनेशन और गेंदबाजी बदलावों पर पूछे गए सवाल पर गंभीर ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा, डेटा को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी जाती है। मैदान पर चीजें अनुभव से समझी जाती हैं। कप्तान ही आखिरी फैसला लेता है और बड़े मैचों में सब कुछ आपकी मानसिक मजबूती पर निर्भर करता है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 























