उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने पर जोर, सीएम धामी से मिले भरत सिंह बिष्ट
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड महापरिषद, लखनऊ के प्रतिनिधि श्री भरत सिंह बिष्ट ने भेंट की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को उत्तराखंड महापरिषद से संबंधित कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया.
इस अवसर पर उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं, भाषा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई. उत्तराखंड से बाहर निवास कर रहे प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने तथा नई पीढ़ी तक प्रदेश की समृद्ध परंपराओं को पहुंचाने में सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों की भूमिका पर भी विचार-विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और आध्यात्मिक विरासत राज्य की विशिष्ट पहचान हैं. इनका संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है. राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है. मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों द्वारा अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के प्रयासों की महत्ता पर बल दिया.
पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, CM भगवंत मान ने जनता को समर्पित किए 154 नए आम आदमी क्लीनिक
पंजाब सरकार ने राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चब्बेवाल के गांव हरखोवाल में आयोजित एक जनसभा के दौरान, 154 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए. इसके साथ ही राज्य में इन क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,244 हो गई है. सरकार की इस पहल का उद्देश्य लोगों को उनके घरों के नजदीक सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल राजनीतिक नारों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर प्रदान करना है. नए क्लीनिकों के माध्यम से मरीजों को मुफ्त दवाइयां, चिकित्सकीय परामर्श और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है.
मुफ्त दवाइयां और जांच की सुविधा
मुख्यमंत्री के अनुसार, नए क्लीनिकों में 107 प्रकार की दवाइयां और 47 तरह के डायग्नोस्टिक टेस्ट मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे विशेष रूप से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें इलाज के खर्च के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
नए क्लीनिकों में से 36 अमृतसर, 26 पटियाला, 17 लुधियाना, 12 गुरदासपुर, 11 जालंधर और 10 मोहाली जिले में स्थापित किए गए हैं. शेष क्लीनिक अन्य जिलों में खोले गए हैं, जिससे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया गया है.
सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के मुताबिक, पहले से संचालित 1,090 आम आदमी क्लीनिकों में अब तक 6.48 करोड़ से अधिक ओपीडी दर्ज की गई हैं. इन केंद्रों पर मरीजों को मुफ्त दवाइयों और जांच सेवाओं का लाभ मिला है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं के प्रति लोगों की बढ़ती भागीदारी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विश्वास बढ़ने का संकेत है.
मुख्यमंत्री सेहत योजना से 10 लाख रुपये तक के इलाज का प्रावधान
पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य खर्च का बोझ कम करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सेहत योजना भी शुरू की है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना के तहत 54.20 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं. पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा देने का प्रावधान है.
इस योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी परिवार को जरूरी चिकित्सा सेवाओं से वंचित न रहना पड़े. सरकार के अनुसार, बड़ी संख्या में लाभार्थी इस योजना के तहत इलाज करा चुके हैं.
स्वास्थ्य विभाग में 5,388 युवाओं को रोजगार
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 5,388 युवाओं को रोजगार देने की जानकारी दी है. इनमें मेडिकल ऑफिसर, विशेषज्ञ डॉक्टर, नर्सें और मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर शामिल हैं. सरकार का कहना है कि चिकित्सा और पैरामेडिकल कर्मचारियों की नियुक्तियों से स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों का विस्तार, मुफ्त दवाइयां, जांच सेवाएं और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के प्रयासों का हिस्सा हैं. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, सांसद राज कुमार चब्बेवाल, विधायक ईशान चब्बेवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










