काम दिलाने के बहाने चल रहा था देह व्यापार का खेल! ठाणे पुलिस ने 35 साल की एक्ट्रेस को बचाया
Thane Police Action Save Tv Actress: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से मनोरंजन जगत से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. बता दें कि पुलिस ने मानव तस्करी और देह व्यापार के एक कथित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 35 साल की एक महिला को बचाया है, जो हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी है. इस मामले में पुलिस ने 39 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके कथित पुरुष सहयोगी की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के निशाने पर कथित तौर पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी महिलाएं थीं. आरोप है कि महिलाओं को काम दिलाने का झांसा देकर देह व्यापार में धकेला जाता था. पुलिस ने एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से मिली सूचना के बाद कार्रवाई की.
NGO से मिली सूचना के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को 8 अक्टूबर को एक NGO से इस कथित रैकेट के बारे में जानकारी मिली थी. इसके बाद मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए जाल बिछाया गया. NGO की तरफ से मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में एक नकली ग्राहक भेजा गया. जानकारी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने होटल में छापेमारी की. इस दौरान तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया गया. उस पर महिलाओं को कथित तौर पर देह व्यापार में धकेलने और इसके बदले पैसे लेने का आरोप है. पुलिस ने मौके से 35 साल की एक महिला को भी बचाया, जो कथित तौर पर हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज में काम कर चुकी है. उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
रेस्क्यू फाउंडेशन में रखी गई पीड़िता
पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, रेस्क्यू की गई महिला को सुरक्षा और देखभाल के लिए मुंबई के रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा गया है. पुलिस ने महिला की पहचान या उसके पिछले प्रोजेक्ट्स से जुड़ी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. पुलिस का आरोप है कि गिरफ्तार महिला और उसका एक पुरुष सहयोगी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाते थे. इनमें खास तौर पर टीवी सीरियल, वेब सीरीज और फोटोशूट जैसे प्रोजेक्ट्स में काम करने वाली महिलाएं शामिल थीं. आरोप है कि काम के अवसर दिलाने के नाम पर महिलाओं को अपने जाल में फंसाया जाता था और फिर कथित तौर पर उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था. पुलिस अब ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कथित नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं.
आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 143 यानी मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला मूल रूप से छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली है और फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रह रही थी. इस मामले में एक पुरुष को भी कथित सहयोगी बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. जांच के दौरान पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित रैकेट कब से चल रहा था और इसके तार कहां-कहां तक जुड़े हुए हैं.
फरवरी 2026 में भी ठाणे में सामने आया था मामला
ये पहली बार नहीं है जब ठाणे में मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों के नाम वाले कथित सेक्स रैकेट का मामला सामने आया हो. इससे पहले फरवरी 2026 में ठाणे के वागले एस्टेट इलाके में भी पुलिस ने एक होटल में कार्रवाई की थी. उस मामले में एक हिंदी वेब सीरीज की एक्ट्रेस को कथित तौर पर सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 40 और 48 साल की दो महिलाओं को भी बचाया था. अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर ग्राहकों से बड़ी रकम वसूलती थी और टीवी कलाकारों और एक्ट्रेस की सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा करती थी.
ये भी पढ़ें: 'गाने के लिए पहले सोना पड़ेगा...', एक्ट्रेस से हुई काम के बदले भद्दी डिमांड, बुरी तरह भड़कीं हीरोइन
हर मिनट 4 महिलाओं को हो रहा ब्रेस्ट कैंसर, बचाव के लिए रोजमर्रा की इन आदतों में करें सुधार
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रेस्ट कैंसर आज दुनियाभर में महिलाओं की सेहत से जुड़ी एक बड़ी चिंता बन चुका है। हर मिनट 4 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का पता चलता है जबकि हर मिनट एक महिला की इस बीमारी से मौत हो जाती है। इस बीमारी के मामले लगातार लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। यही वजह है कि अक्टूबर को ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता महीने के रूप में मनाया जाता है, ताकि लोगों को इस बीमारी के जोखिम, बचाव और समय पर पहचान के महत्व के बारे में बताया जा सके।
इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की है। ब्रेस्ट कैंसर एक ऐसी बीमारी है, जिसमें स्तन की असामान्य कोशिकाएं तेजी से बढ़ने लगती हैं और धीरे-धीरे ट्यूमर का रूप ले सकती हैं। इसकी शुरुआत आमतौर पर दूध बनाने वाले लोब्यूल्स या दूध की नलिकाओं से होती है। अगर समय रहते बीमारी की पहचान और इलाज न हो, तो कैंसर आसपास के ऊतकों, लिम्फ नोड्स और शरीर के दूसरे अंगों तक फैल सकता है। ऐसी स्थिति में बीमारी गंभीर और जानलेवा हो सकती है।
हालांकि, अच्छी बात यह है कि अगर ब्रेस्ट कैंसर का शुरुआती चरण में पता चल जाए, तो इलाज के बेहतर नतीजे मिलने और मरीज के जीवित रहने की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए शरीर में होने वाले बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में दुनियाभर में अनुमानित 24 लाख महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का पता चला और करीब 6 लाख 94 हजार महिलाओं की मौत इस बीमारी के कारण हुई। ब्रेस्ट कैंसर दुनिया के लगभग हर देश में महिलाओं को प्रभावित करता है। उम्र बढ़ने के साथ इसका जोखिम भी बढ़ता जाता है। हालांकि, कम उम्र की महिलाओं में भी यह बीमारी हो सकती है।
संयुक्त राष्ट्र ने ब्रेस्ट कैंसर का जोखिम कम करने के लिए कुछ जरूरी आदतों पर ध्यान देने की सलाह दी है। सबसे पहले धूम्रपान से दूरी बनाने की सलाह दी गई है। धूम्रपान सेहत के लिए कई तरह से नुकसानदायक है। इससे कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इसलिए सिगरेट, बीड़ी और दूसरे तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाना बेहतर है। इसके साथ ही शराब का सेवन भी नहीं करना चाहिए।
रोजाना टहलना, योग करना, साइकिल चलाना या अपनी क्षमता के अनुसार व्यायाम करना सेहत के लिए फायदेमंद है। नियमित शारीरिक गतिविधि वजन को नियंत्रित रखने और ब्रेस्ट कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकती है।
स्तन में नई गांठ, स्तन के आकार या त्वचा में बदलाव, निप्पल का अंदर की ओर मुड़ना या निप्पल से असामान्य स्राव जैसे लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लें। हर गांठ कैंसर नहीं होती, लेकिन इसकी जांच कराना जरूरी है। किसी भी उम्र में ऐसे बदलावों को अनदेखा न करें।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation










