सऊदी और हूती कर रहे एक-दूसरे के तेल ठिकानों पर हमले, ऑयल प्राइस को लेकर अमेरिका में चिंता क्यों?
उत्तराखंड में DM और SSP के साथ Pushkar Singh Dhami की मैराथन बैठक, अफसरों को दी चेतावनी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था और चुनाव संबंधी कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री आवास पर मंगलवार को करीब चार घंटे तक चली इस बैठक में हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में गृह सचिव, गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्त तथा दोनों पुलिस रेंज के पुलिस महानिरीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। धामी ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सड़कों का निरीक्षण करने और लंबित मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘मैं बहुत जल्द सड़क मार्ग से पूरे राज्य का व्यक्तिगत दौरा करूंगा। यदि कहीं क्षतिग्रस्त सड़कें मिलती हैं या मरम्मत कार्य में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी को जवाबदेह ठहराया जाएगा।’’ उन्होंने सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की स्थिति पर भी ध्यान देने तथा अधूरे कार्य एक नवंबर तक पूरे करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संज्ञेय अपराधों की प्राथमिकी नियमानुसार तत्काल दर्ज की जाए और उसके बाद त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने थानों और पुलिस चौकियों के प्रभारियों के कामकाज की नियमित समीक्षा करने तथा अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्त, शिकायतों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही के लिए जवाबदेही तय करने का भी निर्देश दिया।
इसके अलावा, शीतकालीन पर्यटन को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने मसूरी, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश समेत राज्य के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के लिए पहले से यातायात योजनाएं तैयार करने को कहा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








