गुजरात में स्टूडेंट ने महिला टीचर को थप्पड़ मारा:देर से आने पर टोका था; बोला- मुझसे सवाल करने वाली तुम होती कौन हो
गुजरात के पंचमहल जिले में 12वीं के एक छात्र ने परीक्षा में देर से पहुंचने पर टोके जाने से नाराज होकर महिला टीचर को थप्पड़ मार दिया। घटना 24 जनवरी को शेरा कस्बे के एस.जे. डेव हाई स्कूल में हुई। मामले का CCTV फुटेज सामने आने के बाद विवाद बढ़ा और 3 फरवरी को FIR दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक, छात्र दूसरी प्रीलिम परीक्षा के लिए देर से पहुंचा था। महिला इन्विजिलेटर ने जब उससे देरी की वजह पूछी, तो छात्र भड़क गया। उसने कहा, “घर में मुझसे कोई कुछ नहीं पूछता, आप कौन होती हैं सवाल करने वाली।” इसके बाद उसने टीचर के गाल पर थप्पड़ मारा, धक्का दिया और क्लासरूम से भाग गया। यह पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली। पुलिस ने बताया कि उसी दिन आरोपी छात्र के पिता ने टीचर और स्कूल के प्रभारी प्रिंसिपल से माफी मांगी थी। हालांकि, 27 जनवरी को छात्र अपने पिता और 15–20 अन्य लोगों के साथ दोबारा स्कूल पहुंचा। आरोप है कि उसने टीचर को धमकाया और कहा कि वह कस्बे में अकेली रहती है, जिससे उसे नुकसान पहुंचाया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, छात्र का दावा है कि वह अपने साथियों के साथ टीचर और स्कूल स्टाफ से माफी मांगने गया था। पुलिस इंस्पेक्टर अंकुर चौधरी ने बताया कि घटना की कड़ी समझने के लिए पुलिस ने पूरे मामले का रिकंस्ट्रक्शन किया। आरोपी 18 वर्षीय छात्र मोहम्मद खान अंसारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां शुक्रवार को उसे जमानत मिल गई। मामले की आगे की जांच जारी है।
भास्कर अपडेट्स:भारत टैक्सी का एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के साथ एग्रीमेंट, एयरपोर्ट पर तय दरों वाली कैब सर्विस शुरू होगी
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने हाल ही में लॉन्च हुई देश की पहली सरकारी कैब सर्विस भारत टैक्सी के साथ एग्रीमेंट (MoU) साइन किया है। इसके तहत भारत टैक्सी देश के कई एयरपोर्ट्स पर कैब सेवाएं देगी। AAI के चेयरमैन विपिन कुमार ने MoU का आदान-प्रदान किया। इस समझौते का मकसद एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को सही किराया, तय दरों और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है। भारत टैक्सी, सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित एक ड्राइवर-ओनर्ड सेवा है, जिसमें टैक्सी चालक स्वयं कोऑपरेटिव के सदस्य होते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल से एयरपोर्ट पर कैब सेवाओं में पारदर्शिता, किराए की स्पष्टता और यात्री-अनुकूल अनुभव सुनिश्चित होगा। साथ ही, ड्राइवरों को भी संगठित प्लेटफॉर्म के जरिए स्थिर और सम्मानजनक रोजगार मिलेगा। AAI का कहना है कि यह साझेदारी यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ समावेशी परिवहन मॉडल को बढ़ावा देगी। आने वाले समय में इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से विभिन्न एयरपोर्ट्स पर लागू किया जाएगा।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 

















