AAP का केंद्र पर हमला, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले हिरासत पर लगाया काला आपातकाल का आरोप
आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे कई लोगों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश में ‘काला आपातकाल’ लगाने का आरोप लगाया। आप विधायक गोपाल राय ने कहा कि सरकार ने केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए मेट्रो स्टेशन बंद किए और ट्रेन रद्द कीं। राय ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के बजाय केंद्र सरकार ने देश में काला आपातकाल लगा दिया है।
आज कुमार को बचाने के लिए आपने दिल्ली को छावनी में बदल दिया है। लेकिन याद रखिए, आप चाहे जितनी भी ताकत लगा लें, इस आंदोलन को दबाया नहीं जा सकेगा।’’ आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदर्शनकारी केवल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती से डर का माहौल बनता है। भारद्वाज ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आप ताकत के दम पर ‘जेन-जी’ को चुप नहीं करा सकते।
ये हमारे युवा हैं। इनसे बात कीजिए और इन्हें साथ लेकर चलिए। भाजपा सरकार दिखाना चाहती है कि हम डरे हुए हैं।
हम डरे हुए नहीं हैं। हम अहिंसा और भारत के संविधान में विश्वास करते हैं।’’ कॉकरोच जनता पार्टी ने कथित ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए शनिवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम तय किया है। एक परामर्श के अनुसार, सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार शाम छह बजे तक 45 स्टेशन बंद रखे हैं।
शुक्रवार को ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि वह अपने परिवार के साथ कॉजपा के प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने युवाओं से भी इसमें शामिल होने की अपील की थी।
Dhruv Rathee को हिरासत में लेने के विरोध में कॉजपा ने जंतर-मंतर 2.0 का किया ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने यूट्यूबर एवं कार्यकर्ता ध्रुव राठी को शनिवार को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की और अपने ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन की शुरुआत करने की घोषणा की। संगठन ने राठी और जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल पहुंचने की कोशिश के दौरान हिरासत में लिए गए सैकड़ों अन्य युवाओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। कॉजपा ने एक बयान में इस हिरासत को ‘‘मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ लोकतांत्रिक असंतोष को कुचलने के लिए सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में चलाए जा रहे व्यापक दमनकारी अभियान’’ का हिस्सा बताया।
संगठन ने कहा, ‘‘कॉजपा राठी और हिरासत में लिए गए सैकड़ों अन्य नागरिकों तथा छात्र कार्यकर्ताओं की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग करती है।’’ कॉजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जंतर-मंतर 2.0 की शुरुआत हो चुकी है। ज्ञानेश कुमार, वोटों की चोरी में मदद करने का आपका दौर अब खत्म हो गया है।’’ यह संगठन ऑनलाइन माध्यम से उभरा था और कुछ सप्ताह पहले तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से जुड़े घटनाक्रम में इसकी अहम भूमिका रही थी। कॉजपा ने प्रदर्शनकारियों के लिए 12 सूत्रीय दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इनमें शांतिपूर्ण व्यवहार करने, उकसावे से बचने और कानून के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया है। दिशा-निर्देशों में कहा गया है, ‘‘हर समय शांति बनाए रखें। किसी भी तरह के उकसावे के बावजूद हिंसा, टकराव, धमकी या डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों।’’ प्रदर्शनकारियों से सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने, पथराव और आगजनी से दूर रहने तथा अवरोधक लांघने की कोशिश नहीं करने को कहा गया है।
आंदोलनकारियों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे अपने साथ लाठियां, पत्थर या ज्वलनशील पदार्थ न रखें और एंबुलेंस, दमकल वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता खुला रखें। संगठन ने प्रदर्शनकारियों को सांप्रदायिक गाली-गलौज, घृणा फैलाने वाली और अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, पत्रकारों या आम लोगों पर व्यक्तिगत हमले करने के प्रति आगाह किया है। कॉजपा ने उनसे ऐसे अपुष्ट दावों, भ्रामक वीडियो या अफवाहों को प्रसारित नहीं करने का भी आग्रह किया, जिनसे दहशत या शत्रुता फैल सकती है।
कॉजपा ने कहा, ‘‘कानूनी निर्देशों का पालन करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। पुलिस से बातचीत करते समय शांत रहें और शारीरिक रूप से विरोध न करें। यदि हिरासत में लिया जाता है, तो उसका कारण पूछें और कानूनी सहायता लें।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








