Dhruv Rathee को हिरासत में लेने के विरोध में कॉजपा ने जंतर-मंतर 2.0 का किया ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) ने यूट्यूबर एवं कार्यकर्ता ध्रुव राठी को शनिवार को गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की और अपने ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन की शुरुआत करने की घोषणा की। संगठन ने राठी और जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थल पहुंचने की कोशिश के दौरान हिरासत में लिए गए सैकड़ों अन्य युवाओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। कॉजपा ने एक बयान में इस हिरासत को ‘‘मतदाता सूची में गड़बड़ी के खिलाफ लोकतांत्रिक असंतोष को कुचलने के लिए सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में चलाए जा रहे व्यापक दमनकारी अभियान’’ का हिस्सा बताया।
संगठन ने कहा, ‘‘कॉजपा राठी और हिरासत में लिए गए सैकड़ों अन्य नागरिकों तथा छात्र कार्यकर्ताओं की तत्काल और बिना शर्त रिहाई की मांग करती है।’’ कॉजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जंतर-मंतर 2.0 की शुरुआत हो चुकी है। ज्ञानेश कुमार, वोटों की चोरी में मदद करने का आपका दौर अब खत्म हो गया है।’’ यह संगठन ऑनलाइन माध्यम से उभरा था और कुछ सप्ताह पहले तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से जुड़े घटनाक्रम में इसकी अहम भूमिका रही थी। कॉजपा ने प्रदर्शनकारियों के लिए 12 सूत्रीय दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इनमें शांतिपूर्ण व्यवहार करने, उकसावे से बचने और कानून के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया है। दिशा-निर्देशों में कहा गया है, ‘‘हर समय शांति बनाए रखें। किसी भी तरह के उकसावे के बावजूद हिंसा, टकराव, धमकी या डराने-धमकाने जैसी गतिविधियों में शामिल न हों।’’ प्रदर्शनकारियों से सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने, पथराव और आगजनी से दूर रहने तथा अवरोधक लांघने की कोशिश नहीं करने को कहा गया है।
आंदोलनकारियों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे अपने साथ लाठियां, पत्थर या ज्वलनशील पदार्थ न रखें और एंबुलेंस, दमकल वाहनों तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए रास्ता खुला रखें। संगठन ने प्रदर्शनकारियों को सांप्रदायिक गाली-गलौज, घृणा फैलाने वाली और अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, पत्रकारों या आम लोगों पर व्यक्तिगत हमले करने के प्रति आगाह किया है। कॉजपा ने उनसे ऐसे अपुष्ट दावों, भ्रामक वीडियो या अफवाहों को प्रसारित नहीं करने का भी आग्रह किया, जिनसे दहशत या शत्रुता फैल सकती है।
कॉजपा ने कहा, ‘‘कानूनी निर्देशों का पालन करें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। पुलिस से बातचीत करते समय शांत रहें और शारीरिक रूप से विरोध न करें। यदि हिरासत में लिया जाता है, तो उसका कारण पूछें और कानूनी सहायता लें।
CJP Protest at Jantar Mantar | 'मोदी ने हार स्वीकार कर ली है..., जंतर-मंतर के प्रस्तावित प्रदर्शन से बोले कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले सियासी पारा चढ़ गया है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली आ रहे कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि दिल्ली में लगाई गई भारी पाबंदियों और सुरक्षा व्यवस्था को देखकर साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी ने "हार स्वीकार कर ली है।"
प्रदर्शन में शामिल होने के वास्ते दीपके शनिवार सुबह छह बजकर 50 मिनट पर मध्य मुंबई के वर्ली स्थित ‘फोर सीजन्स होटल’ से मुंबई हवाई अड्डे के लिए रवाना हुए। दीपके ने मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान भरने से कुछ ही समय पहले ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि दिल्ली को बंद करना और समर्थकों पर कार्रवाई करना ‘‘ताकत के संकेत नहीं हैं’’, बल्कि उस नेता की घबराहट को दर्शाते हैं जो अपनी ही जनता से डरा हुआ है। हवाई अड्डे पर दीपके ने कहा कि दिल्ली में कई रेलगाड़ियों को रद्द किए जाने समेत कड़ी पाबंदियां लगाए जाने के बीच सरकार “डरी हुई” है।
इसे भी पढ़ें: Delhi में Jantar Mantar प्रदर्शन से पहले Abhijeet Dipke का दावा, PM मोदी डरे हुए हैं
उन्होंने बाद में एक्स पर लिखा, ‘‘हमारा प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी ने हार स्वीकार कर ली है। दीपके ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई और राष्ट्रीय राजधानी में पाबंदियां ताकत का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि एक ऐसे नेता को दर्शाती हैं जो अपने ही लोगों से भयभीत है। इस बीच, दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इसे भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले बोले Abhijit Deepke, पाबंदियों से साफ है सरकार डरी हुई है
राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 25,000 जवानों को तैनात किया गया है। दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन पर प्रवेश और निकास को लेकर पाबंदियां लगाई गई हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं, रेलवे स्टेशन, बस टर्मिनल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









