‘मेरे बयान को गलत समझा गया’:विक्रांत मैसी ने 'रिटायरमेंट पोस्ट' पर तोड़ी चुप्पी, बोले- मैं इमोशनल बर्नआउट से गुजर रहा था
एक्टर विक्रांत मैसी ने दिसंबर 2024 में फिल्मों से ब्रेक लेने के अपने ऐलान पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने बताया कि वह मेंटल और इमोशनल बर्नआउट से गुजर रहे थे और अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहते थे। रिटायरमेंट का उनका कोई इरादा नहीं था। टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में विक्रांत मैसी ने कहा कि आज भी उनसे लोग पूछते हैं कि उन्होंने “रिटायरमेंट” क्यों लिया। उन्होंने बताया कि उनका बयान गलत तरीके से समझ लिया गया। उनके मुताबिक, एक्टर्स का ब्रेक लेना अभी भी लोगों को अजीब लगता है, इसलिए ऐसा हुआ। उनका इरादा कभी भी हमेशा के लिए काम छोड़ने का नहीं था, बल्कि सिर्फ परिवार के साथ समय बिताने का था। उन्होंने कहा, “X (ट्विटर) पर शब्दों की लिमिट होती है। मैंने उन्हीं शब्दों में पूरी बात बताने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ लोगों तक नहीं पहुंच पाया। कई बातें गलत समझ ली गईं। मैं सिर्फ ब्रेक लेना चाहता था। उस वक्त मैं काफी ज्यादा थक चुका था।” ब्रेक के दौरान विक्रांत मैसी ने क्या किया ब्रेक के दौरान विक्रांत मैसी ने अपने काम पर दोबारा नजर डाली। उन्होंने अपनी सभी फिल्मों को देखा और समझने की कोशिश की कि वह खुद को कैसे बेहतर बना सकते हैं। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार को प्राथमिकता दी और खासतौर पर अपने छोटे बेटे के साथ ज्यादा वक्त बिताया, जिसे वह लगातार शूटिंग की वजह से मिस कर रहे थे। यह ब्रेक उनके लिए खुद को फिर से तरोताजा करने और फोकस लौटाने का समय था। विक्रांत ने कहा कि एक कलाकार सिर्फ लंबे शूटिंग शेड्यूल से नहीं थकता, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी पूरी तरह खुद को झोंक देता है। किसी किरदार को निभाने में कलाकार अपनी सारी एनर्जी लगा देता है, जिससे थकान होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि एक साल में चार फिल्मों की शूटिंग करना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने ‘12th फेल’, ‘साबरमती एक्सप्रेस’ और ‘सेक्टर 26’ का जिक्र करते हुए कहा कि वह इन फिल्मों के लिए आभारी हैं, लेकिन एक ही साल में इतनी फिल्में करना आसान नहीं होता। 7 महीने के ब्रेक में क्या बदला विक्रांत मैसी ने बताया कि इस ब्रेक के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उनकी हाल की फिल्मों में उनकी एक्टिंग में ज्यादा नया नहीं दिख रहा था। इसी वजह से उन्होंने खुद पर काम करने और नए सिरे से शुरुआत करने का फैसला किया। इसके साथ ही वह अपने बेटे के साथ ज्यादा समय बिताना चाहते थे। उन्होंने बताया कि उनके बेटे का जन्म उस समय हुआ था, जब वह लगातार काम कर रहे थे। बेटे के कई अहम पल उन्होंने सिर्फ वीडियो में देखे, जो उनकी पत्नी भेजती थीं। जब उनके बेटे ने पहली बार “पापा” कहा और वह वहां मौजूद नहीं थे, तो उन्हें बहुत अफसोस हुआ। यही अहसास उन्हें समझा गया कि काम हमेशा रहेगा, लेकिन ऐसे पल दोबारा नहीं आते। वर्क फ्रंट की बात करें तो विक्रांत के पास कई प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं। वह जल्द ही विशाल भारद्वाज की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म ‘ओ’ रोमियो’ में नजर आएंगे, जिसमें शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी भी हैं। यह फिल्म 13 फरवरी को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा वह ‘मुसाफिर कैफे’ नाम की वेब सीरीज में भी दिखाई देंगे, जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। खास बात यह है कि यह सीरीज विक्रांत के लिए बतौर प्रोड्यूसर डेब्यू भी है। इस सीरीज की स्ट्रीमिंग डेट अभी घोषित नहीं की गई है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
Samacharnama


















