Shivraj Singh Chouhan ने कांग्रेस की लोकतंत्र बचाओ यात्रा को बताया वंशवाद बचाओ नाटक
पणजी, दो अक्टूबर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस के ‘लोकतंत्र बचाओ’ अभियान पर निशाना साधते हुए इसे ‘‘वंशवाद बचाओ यात्रा’’ करार दिया और विपक्षी दल पर झूठ फैलाने तथा अराजकता पैदा करने का आरोप लगाया। उत्तरी गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में चौहान ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बचाव करते हुए कहा कि मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम नहीं होने चाहिए जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जिनके नाम एक से अधिक बार दर्ज हैं या जो देश के नागरिक नहीं हैं। चौहान ने कहा, ‘‘कांग्रेस आज से एक नया नाटक शुरू कर रही है -‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’।
यह ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ नहीं है। यह ‘वंशवाद बचाओ यात्रा’, ‘परिवार बचाओ यात्रा’ है।’’ भाजपा नेता की यह टिप्पणी कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा दो से आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च आयोजित करने की घोषणा के बीच आई है। गठबंधन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर चिंता जताई है।
चौहान ने कांग्रेस पर अराजकता और झूठ फैलाने तथा ‘‘विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने’’ का भी आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने आपातकाल को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी ने 50 से अधिक बार निर्वाचित सरकारों को बर्खास्त किया तथा मुख्यमंत्रियों को बार-बार बदला।
PM Modi ने flydubai के घायल कैप्टन Smit Machhar से बात कर सराहा अदम्य साहस
नयी दिल्ली, दो अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की और उनकी बहादुरी की सराहना की। कैप्टन स्मित ने इजराइल जा रहे फ्लाईदुबई के विमान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की अपने सह-पायलट की कोशिश को नाकाम कर दिया था। सरकारी सूत्रों के अनुसार, फोन पर हुई बातचीत के दौरान मच्छार ने इस घटना के अपने अनुभव और मुश्किल परिस्थिति में साहस जुटाने के बारे में प्रधानमंत्री को बताया।
सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पायलट के साहस की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने बृहस्पतिवार को कहा था कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद और अत्यंत संकट के क्षणों में भी मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए असाधारण धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। मोदी ने कहा था कि मच्छार एक ‘‘नायक’’ हैं और उनके पराक्रम ने सैकड़ों लोगों की जान बचाकर एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।
प्रधानमंत्री ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए यह भी कहा था कि फ्लाईदुबई विमान के पायलट ने अद्भुत धैर्य, सूझबूझ और बहादुरी दिखाई। उन्होंने कहा था, ‘‘जैसा कि इजराइल के प्रधानमंत्री (बेंजामिन नेतन्याहू) ने भी कहा कि इस भारतीय सपूत ने 9/11 जैसी भयानक साजिश को नाकाम कर दिया। स्मित की इस बहादुरी से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।’’ मोदी ने मच्छार की पत्नी और उनके माता-पिता से भी बात की और सैकड़ों लोगों की जान बचाने के उनके साहस को नमन किया।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने बुधवार को आपात संकेत भेजे थे। इसके बाद विमान 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से 17,000 फुट से अधिक नीचे आ गया। बाद में उसका मार्ग सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
विमान में 27 बच्चों समेत 174 यात्री सवार थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में पायलट खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की ‘गैली’ में पीठ के बल लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने पहले के बयान में कहा था कि एक इजराइली यात्री ने उन्हें बताया कि विमान तेजी से घूमने लगा और नीचे उतरने लगा।
इसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहा और दोनों ने मिलकर उस पायलट पर काबू पाया, जिसने विमान की प्रणाली को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के दौरान मच्छार पर चाकू से हमला किया था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










