रकुल प्रीत-वाशु भगनानी के ठिकानों पर IT की रेड:12 जगहों पर आयकर विभाग की जांच जारी; टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग का शक
आयकर विभाग ने मुंबई में बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियो से जुड़ी 12 जगहों पर छापेमारी की है। TV9 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई सोमवार को टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और फंड में गड़बड़ी की शिकायत के बाद शुरू की गई। विभाग की टीमों ने एक साथ सभी ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों को शक है कि फिल्म प्रोजेक्ट्स, विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन और शूटिंग के नाम पर भारी रकम विदेश भेजी जा रही थी। विभाग फिलहाल वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रहा है। विदेशी लेनदेन के दस्तावेज जांच रही आयकर टीम आयकर विभाग की कई टीमें मुंबई में एक साथ दस्तावेजों, फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स और विदेशी लेनदेन की डिटेल्स की जांच कर रही हैं। विभाग को पिछले कुछ समय से जानकारी मिल रही थी कि फिल्मों की शूटिंग और विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन के बहाने बड़ी रकम विदेश भेजी जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, अभी जांच जारी है और रेवेन्यू टैक्स से जुड़ी गड़बड़ियों का आंकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग इस मामले में आधिकारिक बयान जारी कर सकता है। ड्रग्स केस में आया था रकुल के भाई का नाम रकुल प्रीत सिंह का परिवार पहले भी कानूनी विवादों में रह चुका है। दिसंबर 2025 में मुंबई पुलिस ने ड्रग्स केस में रकुल के भाई अमन प्रीत सिंह की तलाश शुरू की थी। ड्रग लॉ एनफोर्समेंट फोर्स और वेस्ट जोन पुलिस ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 43 ग्राम कोकीन और 11.5 ग्राम MDMA जब्त किया था। जांच के दौरान आरोप लगा था कि अमन प्रीत सिंह ने उन तस्करों से पांच बार नशीले पदार्थ खरीदे थे। इस मामले में अमन की गिरफ्तारी भी हुई थी। रकुल प्रीत का नाम भी ड्रग्स केस में आ चुका इससे पहले रकुल का नाम भी ड्रग्स केस में आ चुका है। सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस की जांच के दौरान ड्रग्स के इस्तेमाल को लेकर रिया चक्रवर्ती ने पूछताछ में सारा अली खान और रकुल प्रीत का नाम लिया था। रकुल ने उनके नाम का मीडिया कवरेज रोकने के लिए हाईकोर्ट का रुख भी किया था। रकुल के साथ दूसरा विवाद तब जुड़ा था, जब 2022 में ED ने टॉलीवुड ड्रग मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनसे पूछताछ की थी। रामायण में नजर आएंगी रकुल प्रीत सिंह एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह की शादी वाशु भगनानी के बेटे और प्रोड्यूसर जैकी भगनानी से हुई है। रकुल इन दिनों नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण पार्ट 1' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में वे शूर्पणखा का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के रोल में नजर आएंगे। यह फिल्म इस साल दिवाली पर 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होना तय है। वाशु भागनानी भी हाल ही विवाद में रहे वाशु भगनानी पूजा फिल्म्स नाम से प्रोडक्शन कंपनी चलाते हैं और वे पैनोरमा स्टूडियोज से भी जुड़े रहे हैं, जिसके बैनर तले 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी जैसी सुपरहिट फिल्में बनी हैं। वाशु भगनानी ने 'कुली नंबर 1' (1995), 'बड़े मियां छोटे मियां' (1998), 'रहना है तेरे दिल में' और 'मिशन रानीगंज' जैसी कई चर्चित फिल्में प्रोड्यूस की हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय से वे विवादों में रहे हैं। फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' (2024) के डायरेक्टर अली अब्बास जफर के साथ उनका पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसके अलावा फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' के गानों और सीन्स के राइट्स को लेकर भी उनका टिप्स फिल्म्स के साथ कॉपीराइट विवाद हुआ था। ये खबर भी पढ़ें पोस्टमार्टम में टूटी मिली थी सुशांत के पैर की हड्डी:डेडबॉडी में स्टन गन के निशान थे, बहन बोली- जोर-जबरदस्ती हुई थी, जानिए पूरा बयान सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक्टर के पोस्टमार्टम से जुड़ा बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम के समय सुशांत के पैर की हड्डी टूटी हुई, आंख के पास चोट के निशान थे और गले में स्टन गन के भी निशान बने हुए थे। पूरी खबर पढ़ें
जौहर विवाद पर बोलीं स्वरा भास्कर:मेरे नाम पर लोगों को नौकरी मिल रही; स्वरा के बयान पर शहजाद और सिवेत के बीच हाथापाई
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने फिल्म 'पद्मावत' के जौहर सीन पर दिए अपने विवादित बयान पर खुल कर बात की है। स्क्रीन को दिए एक इंटरव्यू में स्वरा ने इस पूरे विवाद को राजनीतिक आईटी सेल का प्रायोजित एजेंडा बताया है। स्वरा ने कहा कि कुछ लोग उनके नाम पर अपनी रोजी-रोटी चला रहे हैं। स्वरा अभी रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में नजर आ रही हैं। शो के हालिया प्रोमो में स्वरा के इसी विवादित बयान को लेकर कंटेस्टेंट शहजाद पूनावाला और सिवेत तोमर के बीच तीखी बहस हो गई, जो हाथापाई तक पहुंच गई। 'मेरे नाम पर हेडलाइन बनाकर नौकरी चला रहे लोग' इंटरव्यू में स्वरा भास्कर ने कहा कि यह करीब 10 साल पुराना विवाद है, जिसे बार-बार बिना वजह उछाला जा रहा है। साल 2018 में जब उन्होंने ओपन लेटर लिखा था, तब भी उन्हें काफी गालियां मिली थीं। अब सिर्फ एक सवाल का जवाब देने पर लोग फिर से वही पुरानी बातें पकड़कर बैठ गए हैं। स्वरा ने तंज कसते हुए कहा, "कुछ लोगों को मेरे नाम पर नौकरी मिल रही है। वे दिन भर एक पूरी टीम को सिर्फ मुझे ट्रोल करने की ट्रेनिंग देते हैं। अगर मेरे नाम का इस्तेमाल करके, झूठी खबरें फैलाकर और मुझे परेशान करके आपकी नौकरी चल रही है, तो इस दिवाली आपको मुझे थैंक यू नोट के साथ एक गिफ्ट हैम्पर जरूर भेजना चाहिए।" 'मैंने जौहर को कायरता नहीं कहा, बयानों को गलत दिखाया' अपने बयान पर सफाई देते हुए स्वरा ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा, मैंने यह कभी नहीं कहा कि जौहर करने वाली महिलाएं कायर थीं। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि अगर मैं खुद एक रेप सर्वाइवर होती और ऐसा महिमामंडन देखती, तो मुझे खुद पर कायर जैसा महसूस होता। मीडिया और ट्रोल्स ने इसे इस तरह दिखाया जैसे मैंने जोहर को कायरता कह दिया हो। स्वरा ने दावा किया कि राजनीतिक पार्टियों का आईटी सेल एक सोचे-समझे प्लान के तहत उनके बयानों को उछालकर अपना एजेंडा साधता है। 'राइज एंड फॉल' शो में स्वरा के बयान पर हाथापाई रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' की शुरुआत के साथ ही स्वरा के बयान पर लड़ाई देखने को मिला है। शो के प्रोमो में पूर्व भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला और सिवेत तोमर के बीच तीखी बहस दिखाई गई है। दरअसल सिवेत ने कहा कि वे एक राजपूत हैं, स्वरा ने राजपूत महिलाओं का अपमान किया है इसलिए जब तक स्वरा माफी नहीं मांगतीं, वे उनसे बात नहीं करेंगे। इसके बाद सिवेत स्वरा से बात करते और उनका पक्ष लेते देखे गए। पेंटहाउस टास्क के दौरान जब शहजाद ने सिवेत को अनफिट बताया, तो सिवेट ने उन पर निशाना साधा। इसके जवाब में शहजाद ने सिवेत से कहा कि उन्होंने पहले राजपूत महिलाओं और जोहर सीन पर स्वरा के बयान का विरोध किया था लेकिन अब वे स्वरा का ही पक्ष ले रहे हैं। बहस इतनी बढ़ गई कि सिवेत आक्रामक होकर शहजाद की तरफ झपटे और दोनों के बीच हाथा पाई हो गई। स्वरा ने बीच में आकर सिवेत को रोकने की कोशिश की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो में हिंसा करने के आरोप में सिवेत तोमर को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। क्या था 'पद्मावत' फिल्म और जोहर सीन से जुड़ा पुराना मामला? यह पूरा मामला साल 2018 में रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' से जुड़ा हुआ है। फिल्म में रानी पद्मावती (दीपिका पादुकोण) को 800 महिलाओं के साथ अलाउद्दीन खिलजी से खुद को बचाने के लिए जौहर (अग्निकुंड में कूदना) करते दिखाया गया था। इसके बाद स्वरा ने फिल्म के इस सीन के खिलाफ एक ओपन लेटर लिखा था। दिल्ली के इवेंट में दिए बयान पर फिर शुरू हुआ विवाद यह पूरा विवाद 31 अगस्त को दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 'वुमन, लाइफ, फ्रीडम' टॉक के दौरान शुरू हुआ था। इवेंट में स्वरा ने फिल्म के जौहर सीन का जिक्र करते हुए कहा की इससे रेप सर्वाइवर्स तक गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने आगे कहा 'क्या हम सर्वाइवर्स को यही बताना चाहते हैं कि वे जीने के लायक नहीं हैं, कि अगर आप सच में इज्जतदार और बहादुर महिला होतीं, तो आपने खुद को मार लिया होता? क्या हम यह कह रहे हैं कि रेप किसी महिला की जिंदगी का अंत है?' एक सीन में गर्भवती महिला का पेट दिखाया गया है जो जौहर करने जा रही है। स्वरा ने कहा था, "यह देखकर मुझे बहुत गुस्सा आया था और मैंने थियेटर में ही 'छी' कह दिया था। 5 दिन विचार करने के बाद मैंने डायरेक्टर संजय लीला भंसाली को ओपन लेटर लिखा था।" उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन पर ऐतिहासिक बलिदान का अपमान करने का आरोप लगाया था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 









