Parenting Tips: पार्क हो या मार्केट, बाहर जाते ही बच्चा करता है जिद? पेरेंट्स अपनाएं ये 9 तरीके
Parenting Tips: बच्चों का घर से बाहर निकलते ही रोना, जिद करना या छोटी-सी बात पर गुस्सा हो जाना कई माता-पिता के लिए परेशानी की वजह बन जाता है। खासकर जब बच्चा बाजार, पार्क या किसी रिश्तेदार के घर जाने पर अचानक अपनी बात मनवाने के लिए रोने लगे, तो स्थिति संभालना मुश्किल हो सकता है।
ऐसे समय में बच्चे को डांटने या तुरंत चुप कराने के बजाय पहले यह समझना जरूरी है कि वह किस वजह से परेशान है। अगर आपका बच्चा भी बाहर जाते समय बार-बार tantrum करता है, तो रोजमर्रा में ये 9 आसान तरीके आजमाए जा सकते हैं।
1. बाहर जाने से पहले बच्चे को तैयार करें
अगर बच्चे को पहले से पता हो कि कहां जाना है और वहां क्या करना है, तो उसके लिए बदलाव को समझना आसान हो सकता है। निकलने से पहले उसे सरल शब्दों में बता दें कि आप कहां जा रहे हैं और कितनी देर रहेंगे।
2. बच्चे को छोटी-छोटी पसंद चुनने दें
हर बात पर सिर्फ ‘हां’ या ‘नहीं’ कहने के बजाय बच्चे को दो छोटे विकल्प दें। जैसे, “नीली टी-शर्ट पहनोगे या पीली?” इससे बच्चे को अपनी पसंद रखने का मौका मिलता है और वह खुद को थोड़ा ज्यादा कॉन्फिडेंट महसूस कर सकता है।
3. भूख लगने से पहले दें कुछ खाने को
अगर बच्चा भूखा है, तो उसका चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। बाहर निकलते समय उम्र के हिसाब से कोई हेल्दी स्नैक और पानी साथ रखें। इससे भूख की वजह से होने वाली परेशानी को कम करने में मदद मिल सकती है।
4. नींद और थकान का रखें ध्यान
कई बार बच्चा इसलिए भी बाहर जाकर परेशान होने लगता है क्योंकि वह बहुत थका हुआ होता है। अगर बच्चे की नींद पूरी नहीं हुई है, तो संभव हो तो बाहर जाने का समय बदलें या उसे पहले आराम करने दें।
5. पहले से तय कर लें कुछ नियम
बाहर निकलने से पहले बच्चे को बता दें कि वहां क्या करना है और क्या नहीं। नियम बहुत ज्यादा न रखें और उन्हें आसान भाषा में समझाएं। इससे बच्चे को स्थिति समझने में आसानी होती है।
6. हर जिद पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें
बच्चा रो रहा हो तो माता-पिता का तुरंत गुस्सा करना स्थिति को और मुश्किल बना सकता है। अगर बच्चा सुरक्षित है, तो पहले खुद शांत रहने की कोशिश करें और उसे कुछ समय दें।
7. ध्यान दूसरी तरफ ले जाने की कोशिश करें
छोटे बच्चों का ध्यान जल्दी दूसरी चीजों पर जा सकता है। ऐसे में कोई खेल, खिलौना, गाना या आसपास की कोई दिलचस्प चीज दिखाकर उसका ध्यान दूसरी तरफ किया जा सकता है।
8. बच्चे की बात सुनें
हर बार बच्चे की मांग पूरी करना जरूरी नहीं है, लेकिन उसकी बात सुनना जरूरी है। शांत होकर पूछें कि उसे क्या चाहिए या किस बात से परेशानी हो रही है। इससे बच्चा अपनी भावना शब्दों में बताना धीरे-धीरे सीख सकता है।
9. मारने या चोट पहुंचाने पर साफ सीमा तय करें
रोना और जिद करना एक बात है, लेकिन किसी को मारना, काटना, लात मारना या चीजें फेंकना अलग व्यवहार है। ऐसे समय पर माता-पिता को शांत रहते हुए स्पष्ट करना चाहिए कि किसी को चोट पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है।
बच्चे के tantrum पर माता-पिता खुद भी रहें शांत
बच्चे के रोने या चिल्लाने के दौरान माता-पिता का गुस्सा बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन उस समय खुद को शांत रखना जरूरी है। बच्चे की उम्र और स्वभाव के हिसाब से अलग-अलग तरीके काम कर सकते हैं, इसलिए हर बच्चे पर एक ही तरीका असर करे, यह जरूरी नहीं है।
नोट: छोटे बच्चों में tantrums सामान्य विकास का हिस्सा हो सकते हैं। लेकिन अगर बच्चे का व्यवहार बहुत ज्यादा आक्रामक हो, खुद को या दूसरों को चोट पहुंचाने लगे या माता-पिता को लगातार चिंता हो, तो बाल रोग विशेषज्ञ या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।
यह भी पढ़ें: रात में बार-बार पेशाब के लिए उठते हैं? इन 7 वजहों को न करें नजरअंदाज
Aloo Suji Bites: आलू और सूजी से बनाएं क्रिस्पी बाइट्स, मिनटों में होंगे तैयार; शाम की चाय का है परपेक्ट स्नैक
Aloo Suji Bites: शाम की चाय के साथ अगर कुछ ऐसा खाने का मन हो जो स्वादिष्ट होने के साथ जल्दी भी तैयार हो जाए, तो आलू और सूजी से बने क्रिस्पी बाइट्स ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। घर में मौजूद आलू और सूजी से तैयार होने वाला यह स्नैक बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम होता है।
इसकी खासियत यह है कि इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा तैयारी करनी पड़ती है और न ही किसी खास तरह की सामग्री की जरूरत होती है। मसालों के साथ आलू और सूजी का मिश्रण तैयार करके छोटे-छोटे बाइट्स का आकार दिया जाता है और इन्हें सुनहरा व क्रिस्पी होने तक पकाया जाता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक इसे शाम के स्नैक के तौर पर पसंद किया जा सकता है।
क्रिस्पी बाइट्स बनाने के लिए सामग्री
- आलू - 3 से 4 उबले हुए
- सूजी - 1 कप
- प्याज - 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च - 1 से 2 बारीक कटी हुई
- हरा धनिया - 2 बड़े चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - 1/2 चम्मच
- चाट मसाला - 1/2 चम्मच
- जीरा - 1/2 चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- तेल - आवश्यकतानुसार
ऐसे तैयार करें आलू-सूजी के क्रिस्पी बाइट्स
सबसे पहले उबले हुए आलू को छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें सूजी, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, जीरा और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
अब मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसे गूंथ लें। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा पतला न हो। इसे कुछ मिनट के लिए रख दें, ताकि सूजी नमी सोखकर अच्छी तरह सेट हो जाए। अगर मिश्रण बहुत नरम लगे तो इसमें थोड़ी सूजी और मिलाई जा सकती है।
मिश्रण तैयार होने के बाद हाथों पर हल्का तेल लगाएं और इसकी छोटी-छोटी लोइयां बनाकर बाइट्स का आकार दें। आप इन्हें गोल, चपटा या अपनी पसंद के किसी छोटे आकार में तैयार कर सकते हैं।
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल पर्याप्त गर्म होने पर बाइट्स को धीरे-धीरे कड़ाही में डालें। इन्हें मध्यम आंच पर पलट-पलटकर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेंकें। बहुत तेज आंच पर पकाने से बाहर की परत जल्दी ब्राउन हो सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से नहीं पक पाएगा।
जब बाइट्स अच्छी तरह सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। इन्हें हरी चटनी, टमाटर सॉस या दही की डिप के साथ गरमागरम परोस सकते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
Banana Peels Uses: केले के छिलकों को न समझें बेकार, इन 5 कामों में आएंगे बेहद काम
High Blood Pressure: 5 खराब आदतें कम उम्र में ही बना सकती हैं बीपी का मरीज, भूलकर भी न करें ये गलती
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi










