Prashant Kishor बांकीपुर उपचुनाव में आगे, पांचवें दौर की मतगणना के बाद बढ़त
पटना, तीन अगस्त बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के पांचवें दौर के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज कुमार से 2,319 मतों के अंतर से आगे हैं। निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, कुल 31 दौर की मतगणना में से पांच दौर पूरे हो चुके हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक, प्रशांत किशोर को 8,971 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 6,652 मत प्राप्त हुए हैं।
प्रशांत किशोर 2,319 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 1,534 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर हैं। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हुई।
सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पहली बार चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर भाजपा से यह सीट छीनने में सफल होते हैं या नहीं। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जनता का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ये शुरुआती रुझान हैं।
कुछ और दौर की मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हमें उम्मीद है कि जनादेश राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में होगा, क्योंकि हमने सभी जातियों, धर्मों और समुदायों के लोगों के विकास के लिए काम किया है।’’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण इस सीट के रिक्त होने के बाद यह उपचुनाव जरूरी हो गया है। भाजपा ने इस सीट से अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के नितिन नवीन से 50,000 से अधिक मतों के अंतर से पराजित हुई थीं। उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था जो पिछले विधानसभा चुनाव में हुए 41.45 प्रतिशत मतदान की तुलना में सात प्रतिशत से अधिक कम रहा।
मतगणना शुरू होने से पहले राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस बीच, पटना में मिठाई की कई दुकानों पर भाजपा कार्यकर्ता लड्डू तैयार करवाते दिखे गए। उनका दावा है कि नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है।
Droupadi Murmu ओडिशा दौरा: कटक और गंजाम में विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा
भुवनेश्वर, तीन अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर आज दोपहर ओडिशा पहुंचेंगी। इस दौरान वह कटक और गंजाम जिलों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के अनुसार, वह सोमवार अपराह्न करीब दो बजकर 10 मिनट पर बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी और वहां से वह कटक जिले के दामापाड़ा जाएंगी, जहां जगद्गुरु कृपालु महाराज विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद वह भुवनेश्वर लौटेंगी और लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगी। मुर्मू के दौरे के मद्देनजर राज्य की राजधानी में अपराह्न दो बजकर 10 मिनट से दो बजकर 45 मिनट तक एयरपोर्ट स्क्वायर से हॉस्पिटल स्क्वायर तथा एजी स्क्वायर होते हुए लोक सेवा भवन तक के मार्ग पर यातायात प्रतिबंध भी लगाया गया है।
मंगलवार को राष्ट्रपति सुबह करीब नौ बजे भुवनेश्वर से गंजाम जिले के ब्रह्मपुर तक विशेष ट्रेन से यात्रा करेंगी। एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति की ट्रेन यात्रा के दौरान सुरक्षा घेरा उपलब्ध कराया जाएगा और इस दौरान उसी रेल पटरी पर किसी अन्य ट्रेन का संचालन नहीं होगा। राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए भुवनेश्वर और ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
वहां बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ता और यात्रियों के सामान की गहन जांच की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर करीब 15 प्लाटून पुलिस बल के अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान भी तैनात किए गए हैं। ब्रह्मपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू सनाखेमुंडी ब्लॉक में तप्तापानी गर्म जलस्रोत के निकट स्थित मां कांधुनी देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी।
इसके बाद वह गोलाबंधा स्थित आर्मी एडी कॉलेज में रात्रि विश्राम करेंगी। पांच अगस्त को वह विशेष ट्रेन से भुवनेश्वर लौटेंगी और वहां से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से नयी दिल्ली रवाना होंगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा बारिश की संभावना के पूर्वानुमान को देखते हुए राष्ट्रपति की रेल यात्रा की व्यवस्था की गई है।’’ एक अधिकारी ने बताया कि ओडिशा पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर ‘ब्लू बुक’ प्रोटोकॉल के अनुरूप भुवनेश्वर, कटक और गंजाम में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
उन्होंने बताया कि भुवनेश्वर और कटक में करीब 40 प्लाटून पुलिस बल और लगभग 150 पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की निगरानी के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रपति के पूरे दौरे के दौरान कमांडो उनके साथ रहेंगे।
गंजाम के जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे से जुड़े सभी कार्यक्रम स्थलों को ‘उड़ान निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को राष्ट्रपति के मंदिर के दर्शन करने के दौरान राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उनके साथ मौजूद रह सकते हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi















.jpg)





