एशियन गेम्स फाइनल में भारत Vs श्रीलंका:शेफाली वर्मा ने टूर्नामेंट में 140 रन बनाए; बारिश हुई तो गोल्ड इंडिया को मिलेगा
भारत और श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीमें एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल के लिए मंगलवार को आमने-सामने होंगी। फाइनल निस्शिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में सुबह 10:30 बजे से खेला जाएगा। भारत 2023 में श्रीलंका को हराकर हांगझोउ एशियन गेम्स का चैंपियन बना था। भारत ने क्वार्टर फाइनल में जापान को 8 विकेट और सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराया। वहीं श्रीलंका ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया को 86 रन और सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से मात दी। दोनों के बीच अब तक 32 टी-20 इंटरनेशनल हुए हैं। भारत ने 26 और श्रीलंका ने 5 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पिछले 7 टी-20 मैच जीते हैं। शेफाली के 140 रन, स्ट्राइक रेट 218.75 शेफाली वर्मा टूर्नामेंट में अब तक आउट नहीं हुई हैं। उन्होंने 64 गेंदों पर नाबाद 140 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 218.75 है। उन्होंने 9 चौके और 11 छक्के लगाए हैं। 100 से ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाजों में यह टूर्नामेंट का सबसे तेज स्ट्राइक रेट है। जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में शेफाली ने 15 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 51 गेंदों पर नाबाद 100 रन ठोके। यह उनका व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल में पहला शतक था। उनकी पारी से भारत ने 195/4 का स्कोर बनाया। बांग्लादेश 81 रन पर सिमट गया। भारत ने 114 रन से मैच जीता। शेफाली की हालिया फॉर्म भी मजबूत है। एशियन गेम्स से पहले उनके लगातार दो अर्धशतक थे। उनके पिछले चार टी-20 इंटरनेशनल स्कोर 64, 68, नाबाद 40 और नाबाद 100 हैं। यानी पिछले चार मैचों में तीन बार 60 से ज्यादा रन बनाए हैं। अट्टापट्टू 146 रन के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू 146 रन के साथ टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने दो मैचों में 63 और नाबाद 83 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ श्रीलंका के सामने 178 रन का लक्ष्य था। अट्टापट्टू ने 50 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए। टीम ने 17.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। यह एशियन गेम्स में श्रीलंका की सबसे बड़ी सफल रन-चेज रही। अट्टापट्टू गेंदबाजी में भी असरदार रही हैं। टूर्नामेंट में उनके गेंदबाजी आंकड़े 2/3 और 1/30 रहे हैं। भारत का टॉप ऑर्डर मजबूत, मिडिल ऑर्डर पर नजर भारत के लिए ओपनिंग सबसे मजबूत कड़ी है। शेफाली के साथ स्मृति मंधाना ने बांग्लादेश के खिलाफ 37 रन बनाए थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 40 रन की पारी खेली। नंबर-3 के बाद भारत को रन गति बनाए रखनी होगी। जी. कमालिनी और भारती फुलमाली को अब तक मिले मौकों का पूरा फायदा नहीं मिला है। शुरुआती विकेट गिरने पर मिडिल ऑर्डर दबाव में आ सकता है। ऋचा घोष तेजी से रन बनाने का विकल्प हैं। भारत की गेंदबाजी में स्पिन अहम होगी। दीप्ति शर्मा और एन. श्री चरणी ने टूर्नामेंट में विकेट निकाले हैं। श्रीलंका के लिए अट्टापट्टू के अलावा हसीनी परेरा और कविशा दिलहारी अहम होंगी। हसीनी ने पाकिस्तान के खिलाफ 26 गेंदों पर 42 रन बनाए। कविशा ने मलेशिया के खिलाफ 27 गेंदों पर नाबाद 44 रन की पारी खेली। बारिश हुई तो भारत को गोल्ड फाइनल में मौसम अहम हो सकता है। अगर बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता और रिजर्व डे का इस्तेमाल भी संभव नहीं होता, तो नियमों के मुताबिक ऊंची वरीयता वाली टीम को गोल्ड दिया जाएगा। उपलब्ध टूर्नामेंट जानकारी के अनुसार इस स्थिति में भारत को फायदा है। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता सीधे नॉकआउट फॉर्मेट में खेली जा रही है। आठ टीमों से शुरू हुए टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और गोल्ड मेडल मैच हो रहा है। पिच रिपोर्ट और वेदर रिपोर्ट फाइनल कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होगा। यह नया क्रिकेट मैदान है। इसे पहले बेसबॉल सुविधा के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था। मार्च 2026 में इसे क्रिकेट के लिए तैयार किया गया। यहां हाइब्रिड पिच लगाई गई है। मैदान की सबसे छोटी बाउंड्री करीब 65 मीटर है। अब तक यहां 11 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। 6 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। 5 मैच चेज करने वाली टीम ने जीते। पहली पारी का औसत स्कोर 135 और दूसरी पारी का 87 रहा है। मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 204/5 है। सबसे बड़ा सफल रन-चेज 178/2 का है। यह स्कोर श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। भारत भी इसी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ 195/4 बना चुका है। फाइनल के दिन मौसम भी नजर में रहेगा। निस्शिन और आइची-नागोया क्षेत्र में खराब मौसम का असर एशियन गेम्स के दूसरे इवेंट्स पर भी पड़ा है। टाइफून डुजुआन के असर से जापान के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। 21 सितंबर को खराब मौसम के कारण एक घुड़सवारी इवेंट भी स्थगित किया गया। 22 सितंबर के लिए अलग-अलग मौसम पूर्वानुमानों में बारिश की संभावना अलग है। एक पूर्वानुमान में यह करीब 20% है। दूसरे में 60% तक बारिश की संभावना है। तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस टूर्नामेंट में बारिश पहले ही नॉकआउट मैच का नतीजा तय कर चुकी है। चीन और बांग्लादेश का क्वार्टर फाइनल लगातार बारिश के कारण बिना गेंद फेंके रद्द हुआ था। रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश आगे बढ़ा। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 लगभग तय दोनों टीमों के सभी खिलाड़ी फिट हैं। दोनों ने सेमीफाइनल में अपनी मजबूत प्लेइंग-11 उतारी थी। ऐसे में फाइनल में बड़े बदलाव की संभावना कम है। भारत की संभावित टीम: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, एन. श्री चरणी, नंदनी शर्मा। श्रीलंका की संभावित टीम: इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसीनी परेरा, कविशा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), रश्मिका सेव्वंडी, मिथाली अयोध्या, चामुडी प्रभोदा, सुगंधिका कुमारी।
मेंस क्रिकेट में पहली बार भारत Vs जापान:डिप्लोमेटिक रिश्तों के 75 साल पूरे होने पर मुकाबला, एशियाड का हिस्सा नहीं, सानो में होगा टी-20
मेंस क्रिकेट में पहली बार भारत और जापान के बीच इंटरनेशनल मैच खेला जाएगा। एकमात्र टी-20 मुकाबला सुजुकी कप के नाम से जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर मंगलवार सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। जापान में भारत का यह पहला इंटरनेशनल मुकाबला भी है। भारत-जापान के डिप्लोमेटिक रिलेशन के 75 साल पूरे होने के मौके पर यह मैच आयोजित किया गया है। यह मुकाबला दोनों देशों के बीच खेलों के जरिए सहयोग बढ़ाने वाली ‘स्पोर्ट्स 75’ पहल की शुरुआत का हिस्सा है। एशियन गेम्स का मैच नहीं, भारत के लिए तैयारी का मौका यह मुकाबला एशियन गेम्स का हिस्सा नहीं है। गेम्स की मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता दो दिन बाद शुरू होगी। भारत टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 28 सितंबर को खेलेगा। भारत और जापान के बीच होने वाला यह टी-20 एशियन गेम्स के वेन्यू से करीब 400 किमी दूर सानो में खेला जाएगा। इसके बावजूद भारत के लिए जापान की परिस्थितियों को समझने का शुरुआती मौका होगा। भारत एशियन गेम्स का डिफेंडिंग चैंपियन है। 2023 के हांगझोउ गेम्स में उसने गोल्ड मेडल जीता था। BCCI की ऑफिशियल जर्सी में खेलेगी टीम इंडिया भारतीय टीम इस मुकाबले में एशियन गेम्स की किट नहीं पहनेगी। खिलाड़ी BCCI की ऑफिशियल जर्सी में उतरेंगे। कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे। ‘स्पोर्ट्स 75’ पहल का मकसद भारत और जापान के बीच खेलों में सहयोग और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना है। भारत के साथ इंटरनेशनल मैच खेलने वाला 23वां देश होगा जापान भारत 22 देशों के साथ इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुका है। अब जापान 23वां देश होगा। इस मामले में वेस्टइंडीज सबसे ऊपर है, जिसने 24 देशों के साथ इंटनरेशनल मुकाबले खेले हैं। एशिया में बांग्लादेश ने अब तक सबसे ज्यादा 23 देशों से मैच खेले हैं। ईशान-अभिषेक की बल्लेबाजी पर नजर जापान के कप्तान काडोवाकी पर उम्मीदें सानो में धीमी और स्पिन फ्रेंडली पिच सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर अब तक 39 मेंस टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 21 मैच जीते हैं। हालिया मैच में जापान और हांगकांग के बीच मुकाबला लो-स्कोरिंग रहा था। हांगकांग ने 96 रन का लक्ष्य आखिरी ओवर में हासिल किया था। रिपोर्ट के मुताबिक यहां की परिस्थितियां धीमी और स्पिन के अनुकूल रहने की उम्मीद है। मैच के समय तापमान करीब 31 डिग्री रह सकता है। बारिश मैच में सबसे बड़ी चिंता मैच से एक दिन पहले सानो में भारी बारिश हुई। इसके कारण भारतीय टीम का ट्रेनिंग सेशन भी रद्द करना पड़ा। 20 सितंबर को जापान और हांगकांग के बीच मुकाबला भी बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था। अब मैच के दिन ग्राउंड की ड्रेनेज व्यवस्था और मौसम पर नजर रहेगी। जापान के लिए सानो में बढ़ी दर्शक क्षमता भारत के खिलाफ मैच को देखते हुए सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड की क्षमता 500 से बढ़ाकर करीब 2,000 की गई है। यह मैच जापान में क्रिकेट को बढ़ावा देने की ICC की कोशिशों के लिहाज से भी अहम है। इसी साल जापान में टी-20 वर्ल्ड कप का क्वालिफायर खेला गया था। एशियन गेम्स के दौरान निशिन में एक और इंटरनेशनल ग्राउंड इस्तेमाल होगा। भारत के कप्तान श्रेयस को जापान की पिच की ज्यादा जानकारी नहीं श्रेयस अय्यर ने मैच से पहले कहा कि यह भारत का जापान के खिलाफ पहला मुकाबला है और उन्हें यहां की परिस्थितियों और विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने इसे रोमांचक मैच बताया। वॉशिंगटन सुंदर ने भी माना कि उन्हें जापानी खिलाड़ियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने कुछ खिलाड़ियों के वीडियो और रील्स देखने की बात कही। जापान के कप्तान काडोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा कि वह नतीजे की गारंटी नहीं दे सकते, लेकिन टीम पूरी कोशिश करेगी और भारत के खिलाफ मुकाबले की चुनौती के लिए तैयार है। भारत के हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण जापान दौरे पर भारतीय टीम के साथ वीवीएस लक्ष्मण हेड कोच की भूमिका में हैं। इससे पहले गौतम गंभीर के कार्यकाल में भारत ने तीन ऑलराउंडरों के साथ खेलने का विकल्प अपनाया था। लक्ष्मण ने जिम्बाब्वे दौरे पर चार विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ टीम उतारी थी। दोनों टीमों का अपडेटेड स्क्वॉड भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, विप्रज निगम। जापान: केंडेल काडोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिंज, बेंजामिन इटो-डेविस, एलेस्टर काडोवाकी-फ्लेमिंग, कोहेई कुबोटा, जेक कुसुडा-नायर्न, वातरू मियाउची (विकेटकीपर), रियो सकुरानो-थॉमस, एलेक्स शिराई-पैटमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया-स्लेटर, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, त्सुयोशी ताकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, मकोतो तानियामा, लचलान यामामोटो-लेक। ------------------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एशियाड में 100 मेडल भी नहीं जीतेगा भारत:नेशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, भारतीय ओलिंपिक संघ और टॉप्स की रिपोर्ट में दावा, 97 मेडल जीतेंगे भारतीय खिलाड़ी जापान में चल रहे एशियन गेम्स में 100 मेडल के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाएगा। इस बार करीब 97 मेडल मेडल जीतने की उम्मीद है। यह दावा नेशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन (NSA), इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) और साई की टारगेट ओलिंपिक पोडियम (टॉप्स) स्कीम की अंतरिक रिपोर्ट में किया गया है। पूरी खबर
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 








