PM मोदी के जन्मदिन पर 2.50 लाख दीयों से जगमगाएगा भोपाल, शहर से गांव तक 28 जगहों पर दीप प्रज्जवलन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के खास मौके पर भोपाल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत एक बेहद खूबसूरत अंदाज में होने जा रही है। गुरुवार की शाम आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत पूरे जिले में एक साथ लगभग ढाई लाख दीपक जलाए जाएंगे। इसके लिए शहर की 17 और ग्रामीण इलाकों की 11 प्रमुख जगहों को चुना गया है, जहां शाम ढलते ही रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा।
राजधानी के प्रमुख चौराहों, ऐतिहासिक स्मारकों, मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक परिसरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। ये दीये न सिर्फ शहर को रोशन करेंगे, बल्कि भोपाल के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक आस्था और आधुनिक पहचान को एक साथ जोड़कर सेवा और सकारात्मकता का माहौल बनाएंगे।
गांवों के मंदिर और तालाब भी होंगे रोशन
ग्रामीण इलाकों में भी इस आयोजन को लेकर अच्छी-खासी तैयारियां की गई हैं। चंदेरी के रामदेव बाबा मंदिर, अरेड़ी के अमृत सरोवर, ईमलिया के तालाब मंदिर और पाटनिया के हनुमान मंदिर में दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा ईंटखेड़ी सड़क, अमोनी, सिकंदराबाद, बगरोदा, बरखेड़ी बाजयाफ्त, बरखेड़ा बोन्दर और फंदा कलां के हरिहर मंदिर परिसर में भी लोग एक साथ जुटकर दीप प्रज्वलित करेंगे।
दीयों के जरिए सामाजिक सद्भाव का संदेश
इस सामूहिक आयोजन का मुख्य मकसद केवल जगमगाहट फैलाना नहीं, बल्कि लोगों के बीच सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। गांवों और कस्बों के तालाबों, मंदिरों और सामुदायिक परिसरों में जलने वाले ये दीप सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता की एक नई मिसाल पेश करेंगे।
17 सितंबर से महीने भर चलेंगे रक्तदान शिविर
दीयों की जगमगाहट के साथ ही भोपाल जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का व्यापक रक्तदान अभियान भी शुरू किया जा रहा है। इसके तहत जिला अस्पताल सहित शहर के 31 तय अस्पतालों और ब्लड सेंटरों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। कई सामाजिक संस्थाओं की मदद से अलग-अलग जगहों पर आउटडोर कैंप भी आयोजित होंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सेवा कार्य से जुड़ सकें।
रतलाम के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर बिखरी मिली शराब की बोतलें, जयपुर की नंबर प्लेट भी जब्त
रतलाम में 8 लेन हाईवे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सड़क के बीच अंग्रेजी शराब के क्वार्टर मिले। यह मामला मंगलवार देर रात को धामनोद टोल नाके से कुछ दूर का बताया जा रहा है। इन बोतलों पर चंडीगढ़ के लेबल हैं।
सबसे अजीब बात यह है कि सड़क के दोनों हिस्सों के बीच मिले इन शराब के क्वार्टर के ढक्कन सील नहीं हैं। यहां से कार के टूटे पार्ट्स भी मिले। इसी के साथ दो अलग अलग चार पहिया वाहनों की नंबर प्लेट भी मौके से बरामद की गई है।
बिखरी मिली शराब
ये घटना मंगलवार रात करीब 1 बजे की है। यहां औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस स्टाफ लेट नाइट पेट्रोलिंग ड्यूटी पर था। तभी शराब की बोतलों की सूचना मिली। जब एएसआई दिनेश कुमार मावी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो दोनों सड़क के बीच अवैध शराब के क्वार्टर बिखरे हुए थे।
तस्करी की आशंका
इस मामले को लेकर पुलिस कोई आशंका है कि शराब की तस्करी की जा रही थी। उसी दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ। ये अंदाज लगाया जा रहा है कि दुर्घटना होने की वजह से शराब सड़क के किनारे बिखर गई होगी और तस्कर इस मौके पर छोड़कर भाग निकले।
यहां से पुलिस ने 924 शराब के क्वार्टर जब्त किए। ये 166.32 बल्क लीटर शराब है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार 540 रुपए आंकी गई है। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब जांच पड़ताल की जा रही है।
कार के पार्ट्स भी मिले
रात के समय पुलिस ने मौके से अवैध शराब जब्त कर ली थी। इसके बाद बुधवार सुबह जब दोबारा जांच की गई तो मौके से कार के आगे के हिस्से के टूटे हुए पार्ट्स बरामद किए गए। दो नंबर प्लेट भी मिली है। चार पहिया वाहन की इन नंबर प्लेट्स में से एक नंबर जयपुर का बताया जा रहा है। मौके पर पहियों के निशान भी मिले हैं। पेड़ से कार टकराने के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सभी सबूतों के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
लैब भेजे सैंपल
पुलिस ने मौके से ऑल सीजन और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब के क्वार्टर बरामद किए हैं। इनके जहरीली होने की आशंका है। यही वजह है कि पुलिस ने शराब के सैंपल जांच के लिए लैब और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को भेज दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी भी खंगाले
सड़क किनारे इस तरह से अवैध शराब के क्वार्टर मिलने के बाद पुलिस ने हाईवे पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरा के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। इसमें एक सफेद कार नजर आई है। अब पुलिस ये पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस तरह से शराब घटनास्थल तक पहुंची होगी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News









