Ramayana Song: रामायण का पहला गाना ‘Jai Jai Ram’ रिलीज, राम-सीता की शादी से भरत मिलाप तक दिखे खास पल
Ramayana Song Jai Jai Ram: रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर Ramayana: Part 1 का पहला गाना ‘Jai Jai Ram’ रिलीज हो गया है। गणेश चतुर्थी के मौके पर आए इस गाने में भगवान राम की जिंदगी के कई खास और भावुक पल देखने को मिलते हैं। गाने में राम-सीता की शादी से लेकर भरत मिलाप तक की झलक दिखाई गई है।
राम-सीता की शादी का सीन
गाने की शुरुआत भगवान राम और माता सीता की शादी से होती है। रणबीर कपूर और साई पल्लवी इन किरदारों में नजर आ रहे हैं। शादी के दौरान का भव्य माहौल और लोगों की आस्था स्क्रीन पर दिखाई देती है। इसके बाद राम और सीता के अयोध्या पहुंचने का सीन आता है। यहां दोनों का फूलों की बारिश के साथ स्वागत किया जाता है। इन दृश्यों में फिल्म की भव्यता के साथ भक्ति का माहौल भी देखने को मिलता है।
भरत मिलाप ने छुआ दिल
‘Jai Jai Ram’ में राम की जिंदगी के कई भावुक पल भी दिखाए गए हैं। एक सीन में वह अपने पिता राजा दशरथ की देखभाल करते नजर आते हैं। इसके अलावा दशरथ की मृत्यु के बाद राम द्वारा उनकी अस्थियों का विसर्जन करने का दृश्य भी गाने का हिस्सा है। वहीं, राम और उनके छोटे भाई भरत के मिलन यानी भरत मिलाप की झलक भी दिखाई गई है।
अरिजीत-श्रेया की आवाज
गाने को एआर रहमान ने कंपोज किया है और इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं, अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने इसे अपनी आवाज दी है। गाने में भगवान राम के नाम का जाप बार-बार सुनाई देता है। रहमान के संगीत और दोनों सिंगर्स की आवाज इसे भक्ति के साथ-साथ भावुक एहसास भी देती है।
मेकर्स ने बताया खास क्यों है गाना
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि ‘Jai Jai Ram’ के जरिए रामायण की भक्ति और भावनाओं को दिखाने की कोशिश की गई है। उनके मुताबिक भगवान राम लोगों के लिए मुश्किल समय में ताकत और सही रास्ते की उम्मीद हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गणेश चतुर्थी के दिन गाना रिलीज करना जानबूझकर चुना गया, क्योंकि भारतीय परंपरा में शुभ काम की शुरुआत भगवान गणेश का आशीर्वाद लेकर की जाती है।
कुमार विश्वास ने रखे आसान बोल
कुमार विश्वास ने बताया कि उन्होंने गाने के बोल को आसान और सीधा रखने की कोशिश की। उनके अनुसार ‘Jai Jai Ram’ केवल तीन शब्द हैं, लेकिन इनमें एक पूरी प्रार्थना का भाव है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य भगवान राम को शब्दों में समझाना नहीं था, बल्कि भक्त और भगवान के बीच के रिश्ते को गीत के जरिए महसूस कराना था।
ट्रेलर को मिले थे 1 अरब व्यूज
गाने से पहले Ramayana के ट्रेलर को भी दुनियाभर में अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। मेकर्स के मुताबिक, ट्रेलर ने रिलीज के छह दिनों के अंदर अलग-अलग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 1 अरब से ज्यादा व्यूज हासिल किए थे।
दिवाली 2026 में आएगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी Ramayana: Part 1 में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में नजर आएंगे। फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, विवेक ओबेरॉय, सौरभ सचदेवा और शीबा चड्ढा भी अहम भूमिकाओं में हैं।
यह भी पढ़े- ₹2 करोड़ की 'हनुमान अंश' ने कमाए ₹200 करोड़, 'मिर्जापुर' और 'हैवान' भी पड़ी फीकी
Saif Ali Khan: एक साल बाद भी नहीं भूल पाए सैफ अली खान वो खौफनाक रात, बोले- आज भी चाकू देखते ही सहम जाता हूं
Saif Ali Khan: सैफ अली खान के साथ जनवरी 2025 में हुई चाकू से हमले की घटना का असर आज भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। एक्टर ने बताया कि वह काम पर लौट चुके हैं, लेकिन चाकू देखते ही उन्हें उस रात की घटना याद आ जाती है।
चाकू देखते ही हो जाता हूं अलर्ट
एक इंटरव्यू में सैफ ने हमले के बाद खुद को और परिवार को संभालने के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि परिवार ने इस मुश्किल दौर से जल्दी बाहर आने की कोशिश की, लेकिन उनके लिए इसका असर अब भी बाकी है। सैफ ने बताया कि “अगर मुझे चाकू दिखता है तो मैं रिएक्ट कर जाता हूं।” उन्होंने माना कि वह अभी तक इस घटना से 100 प्रतिशत बाहर नहीं आ पाए हैं।
बोले- चाकू नहीं टूटता तो...
सैफ ने उस रात को याद करते हुए कहा कि उन्हें अपनी जान बचने पर आज भी यकीन नहीं होता। उनके मुताबिक हमले के दौरान चाकू का टूट जाना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी। एक्टर ने कहा कि अगर हमलावर के पास ज्यादा मजबूत चाकू होता तो शायद वह जिंदा नहीं बचते। उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं, लेकिन उनकी जान बच गई। सैफ ने खुद को बेहद खुशकिस्मत बताया।
मौत से ज्यादा लकवे का डर था
हमले के बाद अस्पताल में बिताए वक्त को याद करते हुए सैफ ने बताया कि उस समय उनके मन में जिंदगी को लेकर कई विचार आ रहे थे। उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्हें मौत से उतना डर नहीं लगा। वह अपनी जिंदगी को याद कर रहे थे और सोच रहे थे कि उन्होंने काफी अच्छी जिंदगी जी है। अगर अंत आ भी जाता तो वह उसे स्वीकार कर सकते थे। लेकिन एक चीज ने उन्हें सबसे ज्यादा डराया। सैफ ने कहा कि उन्हें इस बात का डर था कि कहीं वह हमले में बच तो जाएं, लेकिन उन्हें लकवा न मार जाए।
घर में घुसकर किया था हमला
सैफ पर हमला 16 जनवरी 2025 की रात उनके बांद्रा स्थित घर में हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फायर एस्केप के रास्ते घर में दाखिल हुआ था। घर में उसने सबसे पहले जेह की देखभाल करने वाली नर्स एलियामा फिलिप का सामना किया। आरोप है कि आरोपी ने उससे पैसे मांगे और करीब 1 करोड़ रुपए की मांग की। नर्स के शोर मचाने के बाद सैफ और करीना कपूर खान वहां पहुंचे, जिसके बाद सैफ पर हमला हुआ।
6 जगह चाकू के घाव
हमले में सैफ को चाकू के छह घाव लगे थे। उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी और चाकू का करीब 2.5 इंच का हिस्सा उनकी रीढ़ में फंस गया था। सैफ को तुरंत लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी इमरजेंसी सर्जरी हुई। हाथ और गर्दन पर लगी चोटों का भी इलाज किया गया। करीब पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
अब कोर्ट में चल रहा केस
इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। उस पर घर में घुसने, लूट और गंभीर चोट पहुंचाने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। मामला अब ट्रायल की ओर बढ़ चुका है। मुंबई की सेशंस कोर्ट ने आरोपी को गुनाह कबूल करने की अनुमति नहीं दी है। कोर्ट ने सबूत दर्ज करने के लिए 24 सितंबर की तारीख तय की है। आरोपी ने पहले खुद को निर्दोष बताया था, लेकिन बाद में उसने गुनाह कबूल करने की इच्छा जताई। उसके वकील ने भी कहा था कि आरोपी अपने किए पर पछता रहा है।
यह भी पढ़े- सानिया मिर्जा-साइना नेहवाल पर Mary Kom को कमेंट करना पड़ा भारी, ट्रोलिंग के बाद टीम ने मांगी माफी
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi








