झारखंड में JPSC परीक्षा विवाद: BJP सांसदों ने सीबीआई जांच की मांग की
भाजपा सांसदों ने शुक्रवार को झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग की और झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार पर छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने का आरोप लगाया। भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर ‘‘दोहरा मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाया। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की खबरों को लेकर राज्य में छात्र पिछले पांच दिनों से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने इन परीक्षाओं का संचालन उन कंपनियों को सौंपा है, जिन्हें काली सूची में डाल दिया गया है। ऐसी कंपनियां हमारे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं।’’ यह दावा करते हुए कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दल परीक्षा संबंधी मुद्दों पर चुनिंदा तरीके से बात करते हैं, अन्नपूर्णा देवी ने कहा, ‘‘वे दिल्ली में छात्रों की चिंताओं के बारे में बात करते हैं, लेकिन क्या झारखंड देश का हिस्सा नहीं है? वे झारखंड के युवाओं या उनके भविष्य के बारे में नहीं बोलते, क्योंकि उनकी सरकार वहां सत्ता में है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज यहां बैठे हम सभी सांसद झारखंड के मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से जवाबदेही की मांग करते हैं।
जब से झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन सरकार सत्ता में आई है, हर परीक्षा में अनियमितताएं और गड़बड़ी हुई है।’’ झारखंड के मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘झारखंड के युवा पिछले पांच दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं... उन्हें (राहुल गांधी) झारखंड के युवाओं के बारे में भी बोलना चाहिए और संसद में उनकी चिंताओं को उठाना चाहिए।’’ भाजपा सांसद संजय सेठ ने कहा कि झारखंड में लाखों युवा भारी बारिश के बावजूद धरना दे रहे हैं और कथित परीक्षा अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया, ‘‘जेपीएससी और एसएससी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोप लगे हैं। यह भारत में पहली बार हुआ है, जहां आरोपों के मुताबिक, पूरे होटल को बुक किया गया था, ताकि उत्तर पुस्तिकाएं वहां भरी जा सकें।’’ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि इस मामले में चल रही जांच ‘‘महज लीपापोती’’ है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘सीआईडी जांच शुरू की गई है और जेपीएससी अध्यक्ष ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव की पत्नी खुद आयोग की सदस्य हैं और उन्होंने अभी तक इस्तीफा नहीं दिया है। यही कारण है कि सत्तारूढ़ दल इस मामले को दबाना चाहता है।’’ दुबे ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यदि आपमें नैतिक साहस है, तो अभी जाएं।
नीट की पुनर्परीक्षा पहले ही ठीक से आयोजित की जा चुकी है... फिर भी, हमने छात्रों की चिंताओं को सुना। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया, और हमने कहा है कि मुआवजा दिया जाएगा।’’ भाजपा नेता आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में बार-बार अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने सवाल किया, ‘‘कांग्रेस झारखंड में इन मुद्दों पर चुप क्यों रहती है।
Kochi और अलप्पुझा में 94 ग्राम MDMA जब्त, आबकारी टीम ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
केरल के कोच्चि और अलप्पुझा में आबकारी अधिकारियों ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 94 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलप्पुझा निवासी मोहम्मद शफी और सरिता के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा एमडीएमए के भंडारण और बिक्री किए जाने की सूचना मिलने के बाद एर्णाकुलम आबकारी टीम ने बृहस्पतिवार को यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले कोच्चि के एक होटल के कमरे की तलाशी ली गई, जहां मोहम्मद शफी ठहरा हुआ था। तलाशी के दौरान वहां से करीब 69 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ और शफी को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आबकारी अधिकारियों को पता चला कि सरिता भी शफी के साथ होटल के कमरे में रह रही थी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई और उसे एर्णाकुलम से गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर आबकारी टीम ने अलप्पुझा में सरिता के घर की भी तलाशी ली, जहां से करीब 25 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बेंगलुरु से करीब 120 ग्राम एमडीएमए लाकर कोच्चि में किराए के कमरों से इसकी बिक्री करते थे। टीम ने मादक पदार्थों की बिक्री से अर्जित होने वाली संभावित नकदी भी जब्त की है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अब बेंगलुरु स्थित मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ताओं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान पर केंद्रित है।
इसके साथ यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपियों ने कोच्चि और अलप्पुझा में अन्य लोगों को भी एमडीएमए की आपूर्ति की थी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi



















