स्लोवाक स्कूली बच्चों की प्रस्तुति के बाद PM मोदी बोले- 'युवाओं को योग अपनाते देखना बहुत अच्छा लगा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि वह और स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी स्लोवाक के स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष योग प्रदर्शन को देखकर बेहद प्रसन्न हुए. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले आयोजित इस प्रस्तुति ने दुनिया भर में योग के बढ़ते आकर्षण और उसकी व्यापक स्वीकार्यता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया.
सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का संदेश
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और मैं स्लोवाकिया के स्कूली बच्चों का खास योग प्रदर्शन देखकर बहुत खुश हुए. जैसे-जैसे दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के करीब आ रही है, युवाओं को योग अपनाते देखना बहुत अच्छा लग रहा है. यह देखकर भी खुशी हो रही है कि योग लोगों को सेहत की साझा कोशिश में साथ ला रहा है."
प्रेसिडेंशियल पैलेस में योग कैंप का आयोजन
इस बीच, सोमवार को स्लोवाकिया के प्रेसिडेंशियल पैलेस में एक योग कैंप भी लगाया गया. स्लोवाकिया के युवाओं ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी की मौजूदगी में योग किया.
विदेश मंत्रालय का आधिकारिक बयान
विदेश मंत्रालय ने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ मिलकर स्लोवाकिया के स्कूल के बच्चों का एक खास योग प्रस्तुति देखा. दोनों नेताओं ने भारत और स्लोवाकिया के बीच बढ़ते सांस्कृतिक जुड़ाव के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक तालमेल और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के तरीके के तौर पर योग की अपील पर भी ध्यान दिया.”
स्लोवाक स्कॉलर डॉ. रॉबर्ट गैफ्रिक से मुलाकात
एक अलग पोस्ट में, पीएम मोदी ने जाने-माने स्लोवाक स्कॉलर डॉ. रॉबर्ट गैफ्रिक के साथ अपनी बातचीत की जानकारी भी साझा कीं. डॉ. रॉबर्ट ने उपनिषदों का स्लोवाकिया की भाषा में अनुवाद करने में अहम भूमिका निभाई है.
पीएम मोदी ने कहा, "कल शाम ब्रातिस्लावा में, मैं डॉ. रॉबर्ट गैफ्रिक से मिला, जिन्होंने उपनिषदों का स्लोवाक में ट्रांसलेट करने के प्रयासों का नेतृत्व किया है. भारतीय इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिकता के लिए उनका जुनून तारीफ के काबिल है."
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का महत्व और इतिहास
योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक फायदों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 21 जून को दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता. यह आइडिया सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सितंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण के दौरान दिया था.
संयुक्त राष्ट्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जबरदस्त समर्थन के बाद 11 दिसंबर, 2014 को आधिकारिक तौर पर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया. यह उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है. इसे मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य, संतुलन और गहरे संबंध का प्रतीक माना जाता है.
स्रोत--आईएएनएस
डिस्कलेमर- हेडिंग, सबहेड और समरी को छोड़कर पूरी स्टोरी न्यूज एजेंसी IANS की है.
आंध्र प्रदेश और गूगल की साझेदारी, एआई-क्लाउड और डिजिटल गवर्नेंस के लिए बनेगी संयुक्त टास्क फोर्स
आंध्र प्रदेश सरकार और गूगल ने सोमवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल गवर्नेंस सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने और नई संभावनाओं को तलाशने के लिए एक विशेष संयुक्त टास्क फोर्स बनाने पर सहमति व्यक्त की.
मुख्यमंत्री नायडू और गूगल अध्यक्ष के बीच बैठक
यह निर्णय सिंगापुर की यात्रा के पहले दिन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और गूगल एशिया-पैसिफिक क्षेत्र के अध्यक्ष करण भाटिया के बीच हुई बैठक के दौरान लिया गया. दोनों पक्षों ने बातचीत के दौरान आंध्र प्रदेश को एआई, डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भारत के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के अवसरों पर चर्चा की.
डिजिटल गवर्नेंस और एआई तकनीकों का लाभ
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने गूगल को राज्य की डिजिटल गवर्नेंस पहलों में बड़ी भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया और सार्वजनिक सेवा वितरण को बेहतर बनाने के लिए एआई-आधारित तकनीकों का लाभ उठाने में गूगल क्लाउड से सहयोग मांगा.
क्लाउड तकनीकों और एआई स्किलिंग का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि आंध्र प्रदेश का लक्ष्य उन्नत क्लाउड तकनीकों और एआई-संचालित समाधानों के माध्यम से अपने रियल-टाइम गवर्नेंस इकोसिस्टम को मजबूत करना है. उन्होंने गूगल क्लाउड के साथ साझेदारी में एआई-स्किलिंग और क्लाउड-सर्टिफिकेशन कार्यक्रमों का विस्तार करने में रुचि व्यक्त की.
शैक्षणिक संस्थानों में इनोवेशन इकोसिस्टम
उन्होंने गूगल के प्रतिनिधियों को बताया कि राज्य विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग कॉलेजों में एआई और क्लाउड कंप्यूटिंग केंद्र स्थापित कर रहा है और एक मजबूत इनोवेशन इकोसिस्टम बनाने में गूगल का सहयोग मांगा.
संजीवनी परियोजना में सहयोग का आमंत्रण
चंद्रबाबू नायडू ने संजीवनी परियोजना के बारे में बात की, जिसका उद्देश्य डिजिटल तकनीकों के माध्यम से सुलभ और कुशल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है. उन्होंने गूगल को इस परियोजना में भागीदार बनने और अपनी तकनीकी विशेषज्ञता का योगदान करने के लिए आमंत्रित किया.
डेटा सेंटर्स के लिए ग्रीन एनर्जी पर जोर
मुख्यमंत्री ने ग्रीन एनर्जी विकास के प्रति आंध्र प्रदेश की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया और कहा कि राज्य डेटा सेंटर और अन्य ऊर्जा-गहन उद्योगों का समर्थन करने के लिए एक टिकाऊ ऊर्जा इकोसिस्टम बना रहा है. उन्होंने गूगल को नवीकरणीय ऊर्जा और ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में राज्य की महत्वपूर्ण प्रगति के बारे में जानकारी दी.
यूएन-हैबिटेट के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर चर्चा
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने यूएन-हैबिटेट की कार्यकारी निदेशक एनाक्लॉडिया रॉसबैक से भी मुलाकात की और संगठन को आंध्र प्रदेश में एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया. उन्होंने प्रस्तावित सुविधा के लिए भूमि आवंटित करने की राज्य सरकार की इच्छा व्यक्त की और यूएन-हैबिटेट के साथ व्यापक साझेदारी विकसित करने में रुचि दिखाई.
शहरी प्लानिंग और सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स
यूएन-हैबिटेट के प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. बातचीत में यूनिवर्सिटीज के बीच सहयोग, शहरी प्लानिंग में सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (एसडीजी) को शामिल करने, प्रोफेशनल नॉलेज-शेयरिंग नेटवर्क और सस्टेनेबल शहरी विकास की पहलों पर चर्चा हुई.
नगर पालिकाओं की आर्थिक स्थिति और स्लम अपग्रेडिंग
मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश के शहरी केंद्रों के सस्टेनेबल विकास के लिए यूएन-हैबिटेट से मदद मांगी. बैठक में 'पार्टिसिपेटरी स्लम अपग्रेडिंग प्रोग्राम' (पीएसयूपी) को लागू करने, तेजी से बढ़ रहे मध्यम आकार के शहरों के लिए शहरी प्लानिंग फ्रेमवर्क तैयार करने और नए तरीकों से नगर पालिकाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई.
यह भी पढ़ें - फिर महंगा होगा डीजल? 14 रुपये बढ़ी एक्सपोर्ट ड्यूटी, हवाई ईंधन पर भी 12.5 रुपये की बढ़ोतरी
बैठकों में वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों की उपस्थिति
नगर प्रशासन और शहरी विकास मंत्री पी. नारायण ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इन बैठकों में हिस्सा लिया.
स्रोत--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
डिस्कलेमर- हेडिंग, सबहेड और समरी को छोड़कर पूरी स्टोरी न्यूज एजेंसी IANS की है.
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
News Nation




















