नेहा कक्कड़@38, समोसे बेचते थे पिता:4 साल में जगराता गाया, 10*10 के कमरे में रहीं, वैन में सोईं, नशे में कंटेस्टेंट ने किया प्रपोज
6 जून 1988 नेहा कक्कड़ का जन्म ऋषिकेश के बेहद गरीब परिवार में हुआ। तीन भाई-बहनों में नेहा सबसे छोटी थीं। सोनू कक्कड़ (सिंगर) और टोनी कक्कड़ (सिंगर-कंपोजर) उनसे बड़े थे। पिता के पास गुजारे के लिए कोई पक्की नौकरी नहीं थी। वो पत्नी निती कक्कड़ और 3 बच्चों के साथ ऋषिकेश के एक 10 बाय 10 के किराए के कमरे में रहते थे। गरीबी का वो आलम था कि घर में किचन तक नहीं था। मां उसी कमरे में एक टेबल रखकर उस पर खाना पकातीं। उसी कमरे में सब उठते-बैठते, सोते, खेलते। नेहा महज 4 साल की थीं, जब पिता रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली शिफ्ट हो गए। वो एक छोटे से स्कूल के बाहर समोसे बेचने लगे। बड़ी बहन सोनू उसी स्कूल में पढ़ती थीं। स्कूल में पिता के काम के चलते उनका जमकर मजाक बनाया जाता था, जिससे वो काफी रोती थीं। परिवार का गुजारा मुश्किल होने लगा, तो पिता ने बड़ी बेटी सोनू कक्कड़ के साथ जगराते में गाना शुरू कर दिया। पिता को लिखने का शौक था, तो वो खुद जगराते के लिए गाने लिखा करते थे। समय के साथ भाई टोनी और फिर 4 साल की उम्र में नेहा ने भी पिता की आर्थिक मदद करने के लिए जगराते में गाना शुरू कर दिया। पूरा परिवार रिक्शे से जगराता करने जाता था। हर जगराते के उन्हें 500 रुपए तक मिलने लगे और घर के हालात भी बेहतर हो गए। समय के साथ पिता ने ट्रेवलिंग के लिए एक वैन ले ली। जब भी कभी रातभर जगराता होता, तो पिता वैन के पीछे वाली सीट खोलकर वहीं बच्चों के लिए गद्दे बिछा देते थे, जिससे बच्चों को आराम मिल सके। कभी चंद रुपयों के लिए अपना बचपन खोने वालीं नेहा कक्कड़ 38 साल की हो चुकी हैं और सिंगिंग स्टार हैं। नेहा के बर्थडे के खास मौके पर एक नजर उनकी जिंदगी की प्रेरणादायक कहानी पर- देखिए बचपन में जगराते से नेहा कक्कड़ की चुनिंदा तस्वीरें- इंडियन आइडल के एक एपिसोड में बचपन के दिनों को याद कर नेहा ने कहा था- मैंने 4 साल की उम्र में गाना शुरू किया। उस समय कोई टाइम लिमिट नहीं होती थी। जगराते कभी-कभी रात से शुरू होकर सुबह तक चलते थे और हम लगातार गाते थे। लोग हमारी तारीफ तक नहीं करते थे, कई बार तो ऐसा भी हुआ, जब हम रातभर गाने के चलते स्कूल नहीं जा सके। झगड़े में भाई की जांघ में मारा पैन नेहा कक्कड़, भले ही पढ़ाई से दूर रहीं, लेकिन शरारत में अव्वल थीं। सोनू उनसे बड़ी थीं, लेकिन टोनी से उम्र का फासला कम होने पर दोनों खूब झगड़ते थे। कपिल शर्मा शो में आए कक्कड़ भाई-बहनों ने बताया कि एक बहस के बाद नेहा ने भाई टोनी की जांघों पर पैन से ऐसा हमला किया कि आधा पैन उनकी जांघ में घुस गया था। 5 साल की उम्र में बड़ों को टक्कर देकर जीता म्यूजिक कॉम्पिटिशन नेहा कक्कड़ ने महज 5 साल की उम्र में ऋषिकेश में होने वाले एक म्यूजिकल कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया। उस कॉम्पिटिशन में कोई एज लिमिट नहीं थी, तो 5 साल की नेहा को 16-17 और उससे भी बड़े लोगों के साथ कंपीट करना पड़ा। नन्ही सी नेहा ने तब नई-नई आई फिल्म फूल और कांटे का गाना मैंने प्यार तुम्ही से किया है गाया था। नेहा ने अपनी मधुर आवाज से बड़ों को न सिर्फ कड़ी टक्कर दी, बल्कि वो कॉम्पिटिशन भी जीता। आगे वो शादियों और इवेंट में भी गाने लगीं। एक बार नेहा-सोनू को एक बड़े जागरण में गाने का मौका मिला, जिसमें उनसे ठीक पहले आशा भोसले ने परफॉर्मेंस दी थी। रिश्तेदार-पड़ोसियों ने बच्चों से गाना गंवाने पर दिए ताने समय के साथ नेहा-सोनू को भजन संध्या और जगराता के काफी काम मिलने लगे। वो दिल्ली, ऋषिकेश के अलावा भी चंडीगढ़ समेत नॉर्थ के कई शहरों में परफॉर्म करने जाती थीं, जिससे उनकी पढ़ाई ठीक तरह नहीं हो पाती थी। बच्चों की कमाई से ही एक समय घर चलने लगा, जिसके चलते आस-पड़ोस के लोग और रिश्तेदार उनके पेरेंट्स को काफी ताने देते थे। सोनू कक्कड़ को रियलिटी शो के बाद मिला था 'बाबू जी जरा धीरे चलो' गाना दिल्ली में गायिकी में मजबूत पकड़ बनाने के बाद बड़ी बहन सोनू कक्कड़ ने 2003 में मुंबई के सिंगिंग रियलिटी शो पॉपस्टार जीता। उस शो के जज संदीप चौटवा को सोनू की आवाज इतनी पसंद आई कि उन्होंने शो खत्म होते ही उन्हें ऑफिस बुलाकर, फिल्म ‘दम’ का गाना ‘बाबू जी जरा धीरे चलो…,’ ऑफर कर दिया। कम समय में ही सोनू ने म्यूजिक इंडस्ट्री में मजबूत पकड़ बनाते हुए कई हिट गाने दिए। 16 साल की उम्र में भाई के साथ पहुंचीं मुंबई सोनू की बढ़ती पॉपुलैरिटी के बीच ही नेहा कक्कड़ 16 साल की उम्र में भाई टोनी के साथ म्यूजिक में करियर बनाने के लिए मुंबई आ गईं। टोनी कक्कड़ को कंपोजिशन का शौक था, तो वो कंपोजर संदीप चौटवा के साथ बतौर लिरिसिस्ट काम सीखने लगे, वहीं नेहा कई सिंगिंग रियलिटी शोज में ऑडिशन दिया करती थीं। तब वो 11वीं क्लास में थीं। एक साल के लंबे संघर्ष के बाद उनका इंडियन आइडल सीजन 2 में सिलेक्शन हुआ। ऑडिशन में जज रहे सोनू निगम ने नेहा से कहा कि उनकी आवाज फंसी-फंसी लग रही है। हालांकि थोड़ी देर उन्हें परेशान करने के बाद वो गोल्डन वर्ल्ड कहे गए, ‘आप मुंबई आ रही हैं।’ शो में नेहा ने कहा था कि वो इंडियन आइडन-1 के विनर अभिजीत सावंत जितनी फेमस होना चाहती हैं। नेहा की जर्नी शानदार रही, लेकिन वो 10वें नंबर पर शो से बाहर हो गईं। हालांकि अब नेहा कक्कड़ हुनर और मेहनत की बदौलत खुद इंडियन आइडन की पसंदीदा जजेस में से एक हैं। इंडियन आइडल 2 के विजेता संदीप आचार्या रहे, जिनका 2013 में महज 29 साल की उम्र में पीलिया से निधन हो गया। इंडियन आइडन हारने के बावजूद नेहा ने हार नहीं मानी और खुद अपनी म्यूजिल एल्बम ‘नेहाः द रॉकस्टार’ रिलीज की। ये एल्बम हिट रही और आगे नेहा ने रोमियो जूलिएट म्यूजिक एल्बम बनाई, जिसे उनके भाई टोनी कक्कड़ ने कंपोज किया। एल्बम हिट होने के बाद नेहा को ‘मीराबाई नॉट आउट’ (2008) का गाना ‘हाय रामा’ मिला, जिसे उन्होंने सुखविंदर के साथ गाया। ए.आर.रहमान के गाने में हुईं फीचर, टीवी शो के गाने से मिली पहचान नेहा कक्कड़ ने सिंगिंग के अलाव एक्टिंग में भी हाथ आजमाया है। वो फिल्म ब्लू के टाइटल सॉन्ग के कोरस में दिखीं। इसके अलावा वो फिल्म इसी लाइफ में (2010) में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने कॉमेडी सर्कस के तानसेन में कपिल शर्मा और अली अजगर के साथ काम किया। वो कई कन्नड़ और तेलुगु गानों में भी नजर आई हैं। 2009 में नेहा कक्कड़ ने टीवी शो 'ना आना इस देश लाडो' के टाइटल सॉन्ग को आवाज दी, जिससे उन्हें काफी पहचान मिली थी। नेहा कक्कड़ ने कन्नड़ फिल्म ‘थमास्सू’ के गाने ‘नोडू बारे’ को आवाज दी, जिसके लिए उन्हें साउथ फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का नॉमिनेशन मिला था। दीपिका की फिल्म से नेहा को मिला बड़ा सिंगिंग ब्रेक नेहा कक्कड़ को 2012 की फिल्म कॉकटेल के गाने सेकेंड हैंड जवानी से बड़ा ब्रेक मिला। गाना हिट रहा और नेहा कक्कड़ ने इंडस्ट्री में पहचान बना ली और एक-एक कर कई हिट गाने दिए। कई विवादों के नाम रहा नेहा का सिंगिंग करियर- प्राग गाने पर अश्लीलता के आरोप- साल 2013 में नेहा कक्कड़ ने फिल्म प्राग के गाने बोतल खोल को आवाज दी। अश्लील और डबल मीनिंग लिरिक्स के चलते सेंसर बोर्ड ने इस पर आपत्ति जताई थी। ये गाना काफी विवादों में रहा था। मेलबर्न कॉन्सर्ट विवाद (2025)- ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक कॉन्सर्ट में नेहा कथित रूप से 2 घंटे की देरी से पहुंचीं। दर्शकों ने नाराजगी जताई और सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हुई। नेहा और उनके भाई टोनी कक्कड़ ने आयोजन की खराब व्यवस्थाओं को जिम्मेदार बताया, जबकि आयोजकों ने उल्टा नेहा की टीम पर गैर-पेशेवर व्यवहार के आरोप लगाए और मुआवजे की मांग की। 'कैंडी शॉप/लॉलीपॉप' गाने पर अश्लीलता का आरोप- नेहा और टोनी कक्कड़ के गाने "कैंडी शॉप" (लॉलीपॉप) के बोल और एक डांस स्टेप को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद हुआ। कई लोगों ने नेहा द्वारा किए गए डांस स्टेप्स को अश्लील बताया और भारतीय संस्कृति के खिलाफ माना। स्टेज परफॉर्मेंस में खुद पर पानी डालने का वीडियो- एक लाइव शो के दौरान नेहा का अपने ऊपर पानी डालकर परफॉर्म करने वाला वीडियो वायरल हुआ। इस पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया, कुछ लोगों ने इसे मनोरंजन माना, जबकि अन्य ने इसे अनावश्यक और भड़काऊ बताया। रियलिटी शो में भावुक होने पर ट्रोलिंग- नेहा सालों से सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडन की जज हैं। कई एपिसोड में नेहा भावुक होकर रोती दिखाई दीं। कुछ दर्शकों ने इसे वास्तविक भावना माना, जबकि कुछ ने इसे "ओवरड्रामेटिक" कहकर ट्रोल किया। रीमिक्स गानों को लेकर आलोचना- नेहा ने कई पुराने पॉपुलर गानों के रीमिक्स गाए हैं। जिनमें कांटा लगा, छम्मा छम्मा और टिप टिप बरसा पानी जैसे दर्जनों गाने शामिल हैं। रिमिक्स गानों पर नेहा की जमकर ट्रोलिंग होती है। 2022 में नेहा ने फाल्गुनी पाठक के गाने मैंने पायल है छनकाई गाया, जिस पर ऑरिजिनल सिंगर ने न सिर्फ इसकी जमकर आलोचना की, बल्कि इसे म्यूजिक के इतिहास के लिए हानिकारक कहा। रिलेशनशिप, ब्रेकअप, डिप्रेशन और शादी- नेशनल टेलीविजन में रिश्ता किया ऑफिशियल, फिर अचानक हुआ ब्रेकअप नेहा कक्कड़ साल 2014 से एक्टर हिमांश कोहली के साथ रिलेशनशिप में थीं। दोनों की मुलाकात फिल्म यारियां की शूटिंग के दौरान हुई। हिमांश फिल्म के हीरो थे और नेहा ने फिल्म के गाने आज ब्लू है पानी-पानी को आवाज दी थी। दोनों ने 2018 में रियलिटी शो इंडियन आइडल में नेशनल टेलीविजन पर रिश्ता ऑफिशियल किया और ये भी ऐलान किया कि वो जल्द ही शादी करेंगे। हालांकि 3 महीने बाद ही अचानक नेहा ने हिमांश से ब्रेकअप कर इसकी घोषणा सोशल मीडिया पर कर दी। ब्रेकअप के बाद डिप्रेशन में रहीं नेहा कक्कड़ ब्रेकअप के कुछ समय बाद नेहा कक्कड़ कई मौकों पर गाने सुनकर इंडियन आइडल के सेट पर रोती दिखीं। जनवरी 2019 में नेहा कक्कड़ ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम से डिप्रेशन की बात कबूली और कहा कि वो जिंदगी के सबसे मुश्किल समय से गुजर रही हैं और डिप्रेशन में हैं। उन्हें एंग्जाइटी की समस्या भी रही। नशे में किया था शो के कंटेस्टेंट रोहनप्रीत ने शादी के लिए प्रपोज नेहा कक्कड़ ने 2020 में रोहनप्रीत से शादी की थी। दरअसल, रोहनप्रीत, 2018 में सिंगिग रियलिटी शो राइजिंग स्टार के कंटेस्टेंट थे। वो शो के रनर-अप भी रहे। इसके बाद एक गाने की शूटिंग के समय रोहनप्रीत को नेहा पसंद आ गईं। उन्होंने नेहा की स्नैपचैट आइडी मांगी और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। एक दिन रोहनप्रीत ने हिम्मत कर उन्हें प्रपोज कर दिया, लेकिन नेहा ने ये कहते हुए साफ इनकार कर दिया कि वो किसी रिलेशनशिप में नहीं आना चाहतीं, उनका फोकस शादी की तरफ है। रोहन महज 25 साल के थे और वो शादी के लिए तैयार नहीं थे। आखिरकार, बात नहीं बनी। रोहनप्रीत से उनकी बातचीत बंद हो गई। फिर कुछ महीनों बाद एक दिन रोहनप्रीत ने नशे में नेहा को कॉल कर कहा कि वो उनके बिना नहीं रह सके। उन्हें जल्द ही शादी कर लेनी चाहिए। नेहा को लगा कि वो नशे में कुछ भी कह रहे हैं, अगले दिन भूल जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रोहन उनसे मिलने आए और फिर शादी का प्रस्ताव दिया। शादी को समझा गया पब्लिसिटी स्टंट नेहा की शादी की खबरों के बीच उनके गाने नेहू द व्याह अनाउंस हुआ। तब हर किसी का मानना था कि शादी की खबरें महज पब्लिसिटी स्टंट हैं। हालांकि सॉन्ग रिलीज के दिन ही नेहा कक्कड़ ने शादी कर ली। देखिए शादी की चुनिंदा तस्वीरें- गाने से उड़ी प्रेग्नेंसी की अफवाहें जैसे शादी से पहले नेहा ने गाना अनाउंस किया, ठीक वैसे ही शादी के चंद महीने बाद नेहा ने एक और गाना अनाउंस किया, जिसमें वो बेबी बंप के साथ नजर आई। हर किसी को लगा कि वो प्रेग्नेंट हैं, जिसके लिए एक और गाना बना है, हालांकि बाद में सिंगर ने साफ किया, ये गेटअप महज गाने के लिए है। बहन ने तोड़ा रिश्ता, जमकर हुआ विवाद अप्रैल 2025 में सोनू कक्कड़ ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट शेयर कर नेहा और टोनी से रिश्ता खत्म करने की घोषणा कर दी। इसके बाद से ही सोनू परिवार के सभी इवेंट से नदारद दिखीं। तलाक की खबरों से चर्चा में रहीं 2026 की शुरुआत में नेहा कक्कड़ ने भी पोस्ट शेयर कर कहा कि वो सभी रिश्तों से ब्रेक ले रही हैं। इसके बाद से ही उनके तलाक की खबरें सुर्खियों में आ गईं। चर्चा इतनी बढ़ी कि नेहा ने खुद इस पर सफाई देते हुए अपील की कि उनके बयान में पति और परिवार को न घसीटा जाए।
भारत-अफगानिस्तान में एकमात्र टेस्ट आज से:अफगान स्पिनर्स के सामने भारतीय बैटर्स का स्किल टेस्ट, अफ्रीका-न्यूजीलैंड ने क्लीन स्वीप किया था
भारतीय क्रिकेट टीम करीब 8 महीने बाद कोई टेस्ट मैच खेलेगी। टीम का मुकाबला शनिवार को अफगानिस्तान से होगा। यह मैच सुबह 9:30 बजे से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में अफगानी स्पिनर्स भारतीय बैटर्स का स्किल टेस्ट भी लेंगे। विराट कोहली, रोहित शर्मा और चेतेश्वर पुजारा के रिटायरमेंट के बाद से भारत का बैटिंग ऑर्डर नया है। इसमें केएल राहुल के अलावा, किसी ने भी 50 मैच नहीं खेले हैं। पिछली सीरीज में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। कोलकाता और गुवाहाटी की पिचों पर भारतीय बैटर्स स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते दिखे थे। गिल के सामने 2 सवाल? 1. नंबर-3 पर कौन उतरेगा? कप्तान शुभमन गिल को नंबर-3 के लिए बैटर तय करना होगा। क्योंकि, पुजारा के बाद टीम में इस पोजिशन के लिए कोई स्थायी बल्लेबाज नहीं है। टीम ने इस पोजिशन पर साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे बैटर्स को आजमाया है, लेकिन अब तक नंबर-3 पर कोई स्थायी बैटर नहीं मिला है। 2. जडेजा की जिम्मेदारी कौन संभालेगा? रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है। ऐसे में सवाल यह है कि उनकी जिम्मेदारी कौन संभालेगा। कप्तान के पास राजस्थान के मानव सुथार और विदर्भ के हर्ष दुबे जैसे ऑप्शंस हैं। सुथार अपनी ट्रेडिशनल लेफ्ट आर्म स्पिन से प्रभावित कर रहे हैं, जबकि दुबे गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं। भारत के पास 100% जीत का रिकॉर्ड भारत के नाम अफगानिस्तान के खिलाफ 100% जीत का रिकॉर्ड है। हालांकि, दोनों के बीच एक मैच ही खेला गया है। जोकि 2018 में बेंगलुरु के मैदान पर खेला गया था। यह अफगानिस्तान के करियर का पहला टेस्ट भी था। ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड की बात करें तो... गिल और राहुल फॉर्म में, सिराज टॉप विकेट टेकर भारतीय कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल अच्छे फॉर्म में हैं। गिल ने 1 जनवरी 2025 के बाद से अब तक 9 मैचों में 983 रन बनाए हैं। वहीं, राहुल के नाम 10 मैचों में 813 और यशस्वी जायसवाल के नाम 10 मैच में 745 रन हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा विकेट मोहम्मद सिराज ने झटके हैं। स्क्वॉड में शामिल कुलदीप यादव भी 20 विकेट ले चुके हैं। रहमत टॉप स्कोरर, राशिद को सबसे ज्यादा विकेट अफगानिस्तान ने एक जनवरी 2025 के बाद 2 मैच ही खेले हैं। इनमें सबसे ज्यादा रन रहमत शाह ने बनाए हैं। उन्होंने एक मैच की दो पारियों में 158 रन स्कोर किए हैं। जबकि राशिद खान 11 विकेट के साथ टॉप विकेट टेकर हैं। पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा मुल्लांपुर स्टेडियम न्यू चंडीगढ़ स्थित मुल्लांपुर का महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम पहली बार टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। यहां अब तक 2 वनडे और एक टी-20 मैच खेले गए हैं। मौसम भी मैच का अहम फैक्टर बन सकता है। यहां गर्मी प्लेयर्स की परीक्षा लेगी। ट्रेनिंग में कई प्लेयर्स को मेन ग्राउंड से नेट्स तक पहुंचने के लिए भी वाहनों का इस्तेमाल करना पड़ा। यहां अगले 5 दिन तक बारिश के आसार नहीं हैं। दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग-XI भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल/साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। अफगानिस्तान- हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अब्दुल मलिक, सेदीकुल्लाह अटल, रहमत शाह, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, अफसर जजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, कायस अहमद और बिलाल सामी।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 















.jpg)




