Delhi में 3.5 लाख की लूट का पुलिस ने किया खुलासा, पीड़ित का कर्मचारी समेत 4 लोग गिरफ्तार
उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक व्यक्ति से बंदूक के बल पर साढ़े तीन लाख रुपये की लूट के मामले में पीड़ित के ही एक कर्मचारी समेत चार लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर दो अगस्त को शेरपुर चौक के पास बंदूक के बल पर पीड़ित से लगभग 3.50 लाख रुपये से भरा बैग और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रवि सिंह जादोन अपनी दुकान के कर्मचारी मोहित के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी काले स्कूटर पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने उन्हें रोका और नकद से भरा बैग लेकर भाग गए। दयालपुर थाने में मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच शुरू की गई। उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला।
आरोपियों की पहचान अज़ान (19), शहजाद उर्फ फाइटर (20), और 17 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले एक परिचित व्यक्ति के जरिए उनकी कथित तौर पर मोहित (23) से मुलाकात कराई गई थी। उन्होंने बताया कि मोहित ने ही पीड़ित की ‘लाइव लोकेशन’ आरोपियों के साथ साझा की और नकद रखे बैग की पहचान की।
पुलिस ने बताया कि 15,000 रुपये नकद और कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और बाकी नकदी बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
JPSC परीक्षा धांधली: Jharkhand के 7 आरोपियों पर CID ने मारे छापे
अपराध अन्वेषण ब्यूरो (सीआईडी) ने बृहस्पतिवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तामील कराने के लिए राज्य में कई स्थानों पर छापेमारी की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, वांछित आरोपियों में रांची जिले के आदित्य पांडे व पवन कुमार सिंह, पलामू जिले के रविशंकर कुमार व संतोष कुमार सिंह, बोकारो के सनंद प्रकाश, हजारीबाग के ललू कुमार यादव और गिरिडीह के सौरव कुमार पांडे शामिल हैं।
सीआईडी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “आरोपियों की तलाश में राज्य में कई स्थानों पर छापे मारे गए। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।” बयान के अनुसार, सीआईडी द्वारा गठित एक टीम ने जांच के दौरान मिले ओएमआर की कार्बन प्रतियों का मिलान और बारीकी से जांच शुरू की ताकि मामले में साक्ष्य जुटाए जा सकें। सीआईडी ने इस मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते भी शामिल हैं।
जांच एजेंसी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi




