दून यूनिवर्सिटी में छात्रों से रूबरू हुए सीएम धामी, AI से लेकर रोजगार और देहरादून के ट्रैफिक जाम तक सवालों के दिए जवाब
देहरादून। दून यूनिवर्सिटी में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छात्रों के सवालों से रूबरू हुए। मौका दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम का था, जहां छात्रों ने पलायन और रोजगार से लेकर AI के दौर में नौकरियों के भविष्य और देहरादून के ट्रैफिक जाम तक पर मुख्यमंत्री से सवाल किए। सीएम धामी ने युवाओं से बदलती तकनीक के हिसाब से अपने कौशल को विकसित करने और खुद को ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने यूनिवर्सिटी के लिए कई घोषणाएं भी कीं।
पलायन और रोजगार पर छात्रों ने पूछा सवाल
उत्तराखंड से पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। स्वरोजगार, पर्यटन, उद्योग, फिल्म और सौर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं के जरिए युवाओं के लिए रोजगार के विकल्प तैयार किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के जरिए भी स्थानीय स्तर पर कमाई के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार का युवा विकास का विजन केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है। होम स्टे, ऑर्गेनिक फार्मिंग, पर्यटन और स्थानीय कारोबार के जरिए भी युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने पर काम किया जा रहा है।
AI के दौर में नौकरियों का क्या होगा?
छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तेजी से बदल रही तकनीक के बीच रोजगार की संभावनाओं को लेकर भी सवाल किया। सीएम धामी ने कहा कि तकनीक बदलने के साथ नौकरियों का स्वरूप भी बदल रहा है और नए अवसर सामने आ रहे हैं। ऐसे में युवाओं को नई तकनीक सीखते हुए अपने कौशल को लगातार अपडेट करना होगा।
उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा में AI, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड में साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी बनाई जा रही है।
देहरादून के ट्रैफिक जाम पर भी हुआ सवाल
युवा संवाद में देहरादून की ट्रैफिक समस्या भी उठी। सीएम धामी ने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन प्रोजेक्ट के जरिए शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने की कोशिश होगी।
दून यूनिवर्सिटी को मिलेंगी 2 इलेक्ट्रिक बसें
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने दून यूनिवर्सिटी को लेकर कई घोषणाएं कीं। यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जाएगी। केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा।
इसके साथ ही स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाइनीज और जापानी भाषा के विभागों को मजबूत किया जाएगा और इनके लिए जरूरी पद बनाए जाएंगे। कम्युनिटी रेडियो के संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद भी बनाए जाएंगे।
नई लैब और केंद्रीय पुस्तकालय का लोकार्पण
सीएम धामी ने दून यूनिवर्सिटी में 11.20 करोड़ रुपये की लागत से बने बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये की लागत से बने केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 FM की भी शुरुआत की गई।
UPSC, NDA और CDS के इंटरव्यू की तैयारी के लिए 50 हजार तक मदद
युवाओं से बातचीत के दौरान सीएम धामी ने प्रतियोगी परीक्षाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं की लिखित परीक्षा पास करने वाले उत्तराखंड के युवाओं को इंटरव्यू की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। सीएम ने युवाओं से बड़े लक्ष्य तय करने, नई तकनीक के साथ खुद को तैयार करने और विश्वविद्यालय में मिलने वाले अवसरों का पूरा फायदा उठाने की अपील की।
तिरंगे के रंग में रंगा ग्वालियर, पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, बच्चों ने कागज पर उकेरे देशभक्ति के चित्र
देश में इस समय आजादी की वर्षगांठ यानि स्वतंत्रता दिवस की धूम है, प्रदेश सरकार के निर्देश पर इस समय हर घर तिरंगा अभियान भी चल रहा है, गांव गांव , शहर शहर लोगों पर देशभक्ति का रंग चढ़ा हुआ है, ग्वालियर में भी आज ऐसा ही कुछ दिखाई दिया, एक ओर पुलिस ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली तो वहीं दूसरी ओर बच्चों में कागज पर देशभक्ति के चित्र उकेरे।
09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक देशभर में ’‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रदेश में आयोजन हो रहे हैं, इसी क्रम में आज ग्वालियर पुलिस ने एक भव्य ’’तिरंगा यात्रा’’ निकाली, तिरंगा यात्रा का नेतृत्व एसपी धर्मवीर सिंह ने किया वे भी बाइक पर सवार होकर देशभक्ति का संदेश देते दिखाई दिए, राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश देती इस यात्रा में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साह के साथ शामिल हुए।
फ्लैग प्वाइंट कटोरा ताल थीम रोड से हुआ शुभारंभ
तिरंगा यात्रा फ्लैग प्वाइंट कटोरा ताल से प्रारंभ होकर इंदरगंज होते हुए महाराजबाड़ा, सराफा, गश्त का ताजिया, इंदरगंज, नदीगेट, पड़ाव, तानसेन तिराहा, बारादरी, हुरावली, डीबी सिटी, सचिन तेंदुलकर मार्ग, वीसी बंगला, राजमाता चौराहा होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। शहरवासियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। तिरंगों से सजी सड़कों और देशभक्ति के नारों से ग्वालियर का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
चिड़ियाघर में बच्चों ने कागज पर उकेरे देशभक्ति के चित्र
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहरभर में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज गुरुवार को गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में बच्चों के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शहर के करीब 30 प्राथमिक, मिडिल और हाई स्कूल के लगभग 80 से 90 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने देशभक्ति के रंगों से ओत-प्रोत होकर तिरंगे और राष्ट्रप्रेम से प्रेरित सुंदर चित्र बनाए। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और उन्हें राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के महत्व के प्रति जागरूक करना है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Mp Breaking News








