Rupee vs Dollar: डॉलर के मुकाबले रुपया ऑलटाइम लो पर, पहली बार 96 का स्तर किया पार
Rupee vs Dollar: भारतीय रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले इतिहास के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया पहली बार 96 प्रति डॉलर के अहम स्तर को पार कर गया। कारोबार के दौरान रुपया 96.14 प्रति डॉलर तक फिसल गया, जो अब तक का सबसे कमजोर स्तर है।
रुपये में यह गिरावट लगातार बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों, मजबूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिका की सख्त आर्थिक नीति के संकेतों के कारण देखने को मिली। विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.86 पर खुला था, लेकिन जल्द ही दबाव में आ गया और 50 पैसे टूटकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले गुरुवार को भी रुपया 95.96 के रिकॉर्ड लो तक पहुंचा था, हालांकि बाद में मामूली सुधार के साथ 95.64 पर बंद हुआ था।
भारत की आयात लागत लगातार बढ़ रही
विशेषज्ञों के मुताबिक भारत की बढ़ती आयात लागत और खासतौर पर महंगे कच्चे तेल की वजह से रुपया एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली करेंसी बन गया। ब्रेंट क्रूड की कीमत 109 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई है, जिससे भारत का आयात बिल तेजी से बढ़ रहा।
डॉलर इंडेक्स लगातार चौथे सेशन में मजबूत हुआ
वहीं, डॉलर इंडेक्स भी लगातार चौथे सत्र में मजबूत हुआ और 99.28 के स्तर पर पहुंच गया। अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़ों ने यह उम्मीद कम कर दी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व जल्द ब्याज दरों में बड़ी कटौती करेगा। इससे डॉलर को और मजबूती मिली है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतें 3 रुपये बढ़ीं
इस बीच केंद्र सरकार ने भी महंगाई और बढ़ते दबाव को देखते हुए कई कदम उठाए हैं। शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। सरकार का मानना है कि इससे ईंधन की मांग को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
सरकार ने इससे पहले गोल्ड इंपोर्ट पर भी सख्ती बढ़ाई थी। ड्यूटी-फ्री गोल्ड इंपोर्ट को 100 किलोग्राम तक सीमित किया गया है ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम किया जा सके।
मिडिल ईस्ट संकट ने बढ़ाई चिंता
वैश्विक स्तर पर भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई बैठक से भी बाजार को कोई खास राहत नहीं मिली। ताइवान और ईरान से जुड़े मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद बने हुए हैं।
हालांकि शेयर बाजार ने शुरुआती कारोबार में कुछ मजबूती दिखाई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती दौर में 239 अंक तक चढ़ा, लेकिन बाद में गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा। विदेशी निवेशकों की खरीदारी ने बाजार को कुछ सहारा जरूर दिया।
अब निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों, डॉलर की चाल और सरकार के अगले कदमों पर टिकी हुई है, क्योंकि रुपया कमजोर होने का असर सीधे महंगाई और आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है।
(प्रियंका कुमारी)
Stock Market Opening: शेयर बाजार में हरियाली, सेंसेक्स 75,400 के पार; अडानी पोर्ट्स के शेयरों में उछाल
Share Market Opening Today: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स, सेंसेक्स और निफ्टी ने मजबूती के साथ सत्र की शुरुआत की है। शुक्रवार को 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 98.38 अंक या 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,497.10 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी 50 भी 41.8 अंक जोड़कर 23,731.40 के स्तर पर पहुंचने में सफल रहा। पिछले सत्र में सेंसेक्स 74,608.98 और निफ्टी 23,689.60 पर बंद हुए थे।
इन शेयरों में दिखी हलचल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक से अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) सबसे आगे रहा, जिसके शेयरों में 1.90 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा एक्सिस बैंक, टाइटन, एचडीएफसी बैंक और टीसीएस जैसे शेयर भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर, गिरावट वाले शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक (SBIN) टॉप लूजर रहा, जो 1.06 प्रतिशत से अधिक टूट गया। इसके साथ ही महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), आईटीसी और बीईएल के शेयरों में भी बिकवाली देखी जा रही है।
छोटे और मझोले शेयरों का प्रदर्शन
मुख्य सूचकांकों के साथ-साथ व्यापक सूचकांकों (Broader Indices) में भी तेजी का रुख बना हुआ है। BSE मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स में जहां 19.92 अंकों की बढ़त दिखी, वहीं BSE स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स 46.37 अंक या 0.55 प्रतिशत उछलकर 8,436.32 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में उतार-चढ़ाव को दर्शाने वाला 'इंडिया विक्स' (India VIX) भी 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18.57 के करीब है, जो स्थिरता के शुरुआती संकेत दे रहा है।
एशियाई बाजारों और विदेशी निवेशकों का रुख
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं, जबकि शंघाई का SSE कंपोजिट इंडेक्स बढ़त में है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की बात करें तो उन्होंने पिछले सत्र में 187.46 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने 684.33 करोड़ रुपये का निवेश किया। गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) ने भी सुबह 34 अंकों की मामूली बढ़त के साथ सपाट शुरुआत के संकेत दिए थे।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
Haribhoomi


















