Bareilly में कांवड़ यात्रियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 1 की मौत और 24 लोग घायल हुए
बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में मंगलवार शाम को जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटने और फिर एक ऑटो के खाईं में गिर जाने से एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 23 कांवड़िये घायल हो गए।
वहीं ट्रॉली से बचने के चक्कर में विपरीत दिशा से आ रहा ऑटो खाई में गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक घायल हो गया। बरेली जिले के थाना आंवला के किटोना गांव से 50 कांवड़ यात्रियों का जत्था हरिद्वार से जल लेकर सोमवार को गांव पहुंचा। इसके बाद मंगलवार को शिवरात्रि पर सभी शिवधाम गुलड़िया गौरीशंकर में जलाभिषेक करने गए थे।
आज शाम करीब साढ़े छह बजे ये लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर वापस गांव लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक रामनगर-मऊ मार्ग पर रसूलपुर मोड़ के पास ट्रॉली अचानक एक तरफ पलट गई और ट्रॉली में बैठे 23 कांवड़ यात्री सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी दौरान आंवला की ओर से गांव खनगांवा श्याम जा रहा एक आटो-टेम्पो ट्रॉली से बचने के प्रयास में खाई में पलट गया।
बताया जा रहा है कि टेम्पो की टक्कर ट्रॉली के पिछले हिस्से से हुई। टेम्पो चालक रवि घायल हो गया जबकि उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) हेमंत उपाध्याय और निरीक्षक बीनू चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था।
उन्होंने बताया कि जेसीबी की मदद से ट्रॉली को हटाया गया और टेम्पो को खाई से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रामनगर ले जाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Sawan Shivratri: UP के शिव मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को श्रावण महीने में शिवरात्रि के मौके पर राज्य के लोगों को बधाई दी। श्रावण शिवरात्रि पर प्रदेश भर के प्रमुख शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसे देखते हुए पुलिस और ज़िला प्रशासन ने बागपत के पुरा महादेव मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और गाजियाबाद के दूधेश्वर नाथ मंदिर जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित पावन श्रावण शिवरात्रि की समस्त शिवभक्तों व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से प्रत्येक नागरिक का जीवन सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और यश से आलोकित हो तथा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव।’’ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सभी को श्रावण मास की शिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। बागपत में श्रावण शिवरात्रि और तीन दिन तक चलने वाले महाशिवरात्रि मेले के लिए पुरा महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ आने की उम्मीद थी।
इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के इंतजाम बढ़ा दिए और मंदिर परिसर व कांवड़ यात्रा के रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मंदिर परिसर में इंतजामों का निरीक्षण किया और सुरक्षा, भीड़-प्रबंधन व पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशानिर्देश दिये। मेले के मैदान, पार्किंग क्षेत्रों और कांवड़ यात्रा के रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए मौके पर मौजूद हैं।
वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त जुटे। सोमवार देर रात से ही गेट नंबर एक, चार, चार बी और अन्य रास्तों पर कांवड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को जलाभिषेक के लिए आने वाले ज़्यादातर कांवड़िये प्रयागराज के संगम से जल लेकर आए थे।
भारी भीड़ को देखते हुए मैदागिन से मंदिर और गिरजाघर क्रॉसिंग से मंदिर तक के रास्तों को ‘वाहन निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सिविल पुलिस, अर्धसैनिक बल और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के ज़रिए भक्तों की आवाजाही पर नजर रखी गई। गाजियाबाद में जिला प्रशासन के अनुसार, हजारों श्रद्धालुओं ने सुबह से ही प्राचीन दूधेश्वर नाथ मंदिर में हरिद्वार से लाया गया गंगाजल चढ़ाया और पूजा-अर्चना की।
मंदिर में लंबी कतारें लग गईं और मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ ने भी मंदिर में दर्शन किए, भगवान शिव का जलाभिषेक किया और राज्य व जिले की खुशहाली, शांति और भलाई के लिए प्रार्थना की।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi








