2026 की पहली तिमाही में चीन के सेवा क्षेत्र का व्यापार 2.3 फीसदी बढ़ा
बीजिंग, 9 मई (आईएएनएस)। चीन के वाणिज्य मंत्रालय द्वारा 8 मई को जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की पहली तिमाही में चीन का कुल सेवा व्यापार 18 खरब 22.9 अरब युआन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
आंकड़े बताते हैं कि इस दौरान सेवा निर्यात 7 खरब 4.52 अरब युआन पर पहुंचा, जिसमें 11.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, सेवा आयात 11 खरब 18.38 अरब युआन रहा, जो 2.6 फीसदी कम है। सेवा व्यापार घाटा 4 खरब 13.86 अरब युआन रहा, जो पिछले साल की तुलना में 1 खरब 15 करोड़ युआन कम है।
ज्ञान-गहन सेवा व्यापार इस तिमाही में 1.6 फीसदी बढ़कर 7 खरब 93.71 अरब युआन हो गया, जो कुल सेवा व्यापार का 43.5 प्रतिशत हिस्सा है। इसमें निर्यात 6.1 फीसदी की वृद्धि के साथ 3 खरब 84.26 अरब युआन रहा, जिसमें व्यक्तिगत सांस्कृतिक एवं मनोरंजन सेवाओं (25.6 फीसदी) और वित्तीय सेवाओं (16.1 फीसदी) की वृद्धि दर सबसे तेज रही। ज्ञान-गहन सेवाओं का आयात 2.3 फीसदी घटकर 4 खरब 9.45 अरब युआन रहा।
यात्रा सेवाओं का निर्यात 32.3 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 1 खरब 5.35 अरब युआन पर पहुंचा, जो सभी सेवा निर्यात श्रेणियों में सबसे तेज वृद्धि है। वहीं, परिवहन सेवाओं का आयात 22.8 फीसदी बढ़कर 2 खरब 30.21 अरब युआन हो गया, जो शीर्ष पांच सेवा आयात क्षेत्रों में सबसे तेज गति है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Jharkhand News: गांवों में अब होगा बेहतर इलाज! झारखंड के चतरा जिले में बनेंगे 54 आधुनिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
Jharkhand News: ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार गांवों में मॉडल सब सेंटर-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाने जा रही है. इसके लिए चतरा जिले के 54 स्थानों का चयन किया गया है और कई जगहों पर निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है. कुछ केंद्रों का काम अभी प्रक्रिया में है. इस योजना की निविदा जिला परिषद के माध्यम से कराई गई है. सरकार का उद्देश्य है कि गांव के लोगों को इलाज के लिए शहरों पर कम निर्भर रहना पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र में ही अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे केंद्र
सरकार इन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करेगी. यहां लोगों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी. योजना के तहत हर पांच हजार की आबादी पर एक मॉडल सब सेंटर बनाया जाएगा. इन केंद्रों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड के अनुसार विकसित किया जाएगा.
24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
अधिकारियों के अनुसार इन केंद्रों में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तैनात किए जाएंगे. यहां बुनियादी जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी. जरूरत पड़ने पर मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से जोड़ा जाएगा. सरकार का विशेष ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर है. खासतौर पर गर्भवती महिलाओं, नवजात बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी.
लोगों को किया जाएगा जागरूक
इन केंद्रों के जरिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जाएगा. गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को बीमारियों से बचाव और साफ-सफाई के बारे में जानकारी दी जाएगी. सरकार को उम्मीद है कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा.
यह भी पढ़ें- Jharkhand News: सीएम हेमंत सोरेन का सख्त संदेश, अपराधियों, भू-माफिया और नशा कारोबारियों पर अब होगी बड़ी कार्रवाई
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others
News Nation





















