तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में हारे अमेरिका से लौटे अनंतन:लिखा- एक हफ्ते के चुनावी पैसे ने 4 साल की सच्ची सेवा को हरा दिया
तमिलनाडु विधासभा चुनाव में वासुदेवनल्लूर सीट पर भाजपा उम्मीदवार अनंतन अय्यासामी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें डीएमके के ई.राजा से करीब 6500 वोटों से हराया है। यह सीट एससी कैंडिडेट के लिए रिजर्व थी। अनंतन राजनीति में आने से पहले अमेरिका में काम करते थे। उन्होंने राजनीति में आने के लिए अपना सफल टेक्नोलॉजी करियर और रियल एस्टेट बिजनेस भी छोड़ दिया था। उनका कहना है कि जनसेवा का सपना 4 साल पहले उन्हें वापस भारत ले आया था। अय्यासामी ने चुनाव हारने पर कहा- चुनाव के एक हफ्ते के पैसों ने चार साल की सच्ची सेवा को हरा दिया। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार सालों में गांवों में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए और अपना पूरा समय लगाया। उनका सपना करीब 1 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का था। चुनाव हार पर एक्स पोस्ट में लिखा- जीवन में पहली बार मेरे पास बेटी के सवालों का जवाब नहीं... अय्यासामी ने एक्स पोस्ट में लिखा… चार साल पहले मैंने अमेरिका में अपनी 12 साल की बेटी से कहा था कि मैं सफल टेक्नोलॉजी करियर और रियल एस्टेट बिजनेस छोड़कर भारत लौट रहा हूं, क्योंकि मुझे जनसेवा और राजनीति में काम करना है। पिछले चार वर्षों में हमने गांवों में बस स्टॉप बनवाए, तालाब का जीर्णोद्धार कराया, छात्रों की पढ़ाई में मदद की, मेडिकल कैंप और करियर वर्कशॉप आयोजित करावाई गई। इसमें सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि परिवार के अनमोल पल और अपनी बेटी को दूर से बड़ा होते देखने का दर्द भी शामिल था। फिर चुनाव आए। उसी गांव ने ऐसे उम्मीदवार को चुना, जो 5 वर्षों के दौरान मुश्किल से वहां दिखाई दिया। आखिरकार, चुनाव के एक हफ्ते के पैसों ने चार साल की सच्ची सेवा को हरा दिया। कल मेरी बेटी ने वीडियो कॉल पर पूछा -‘अप्पा… क्या अब आप मुझे बता सकते हैं कि राजनीति वास्तव में क्या होती है?’ जीवन में पहली बार, मेरे पास उसके सवाल का कोई जवाब नहीं था। इंटेल में काम किया, तेनकासी जिला भाजपा अध्यक्ष रहे तमिलनाडु में तेनकासी जिले के रहने वाले अय्यासामी पहले इंटेल में इंजीनियर थे। बाद में वे भाजपा से जुड़े और तेनकासी जिला भाजपा अध्यक्ष बनाए गए। विधानसभा चुनाव पर हार मिलने पर सोशल मीडिया पर लोगों ने अय्यासामी का समर्थन किया। एक यूजर ने लिखा- ‘निष्काम भाव से कार्य करते रहो। तुम्हारा दिन जरूर आएगा। हिम्मत मत हारो।’ एक ने लिखा- राजनीति एक कड़वी सच्चाई है, आप सब कुछ सही करने के बावजूद जीत नहीं सकते। तमिलनाडु में 2 साल पुरानी TVK ने 50+ साल पुरानी DMK-AIADMK को हराया एक्टर विजय की 2 साल पुरानी पार्टी TVK को 108 सीट पर जीत मिली है। ये DMK (59) और AIDMK (47) की कुल सीटों से ज्यादा हैं। विजय की पार्टी TVK ने हर इलाके में सीटें जीतीं। सबसे अधिक दबदबा उत्तर और तटीय इलाकों में रहा। मध्य तमिलनाडु में भी उसे खूब सीटें मिलीं। DMK ने ज्यादातर सीटें दक्षिणी इलाकों में जीतीं। AIADMK को अधिकतर सीटें उत्तर-मध्य क्षेत्र में मिलीं। TVK ने 234 में से 108 सीटें जीतकर 46% के साथ सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट हासिल किया। DMK ने 164 में 59 सीटें जीतकर 36% और AIADMK ने 170 में 47 सीटों के साथ 27.6% स्ट्राइक रेट दर्ज किया। कांग्रेस 28 में 5 सीटें जीतकर 17.8% पर रही। BJP का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। पार्टी 27 सीटों पर लड़कर सिर्फ 1 सीट जीत सकी और उसका स्ट्राइक रेट मात्र 3.4% रहा। ……………………. यह खबर भी पढ़ें… तमिलनाडु में विजय की पार्टी 108 सीटें जीतीं: असम में तीसरी बार भाजपा; केरलम में 10 साल बाद कांग्रेस की वापसी, पुडुचेरी में NDA सरकार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कड़गम (TVK) ने 108 सीटें जीतीं। हालांकि पार्टी बहुमत के आकंड़े 118 सीट से पीछे है। राज्य में गठबंधन की सरकार बनना तय है। असम में भी हिमंता सरकार की वापसी हो गई है। हिमंता लगातार तीसरी बार सरकार बनाएंगे। BJP ने यहां 82 सीटें जीत ली हैं। जो बहुमत के आंकड़े से 13 ज्यादा है। पूरी खबर पढ़ें…
अमेरिका ने UFO से जुड़ी पहली फाइलें जारी की:चांद पर रहस्यमयी वस्तुएं दिखने का दावा, अंतरिक्ष यात्री बोले- बाहर आतिशबाजी जैसा नजारा
अमेरिका में शुक्रवार को लंबे समय से चर्चा में रही UFO फाइलों की पहली खेप जारी कर दी गई। ट्रम्प प्रशासन ने सैकड़ों नए वीडियो, फोटो और पुराने सरकारी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए। इन फाइलों में सबसे ज्यादा चर्चा NASA के अपोलो मिशन से जुड़ी तस्वीरों और अंतरिक्ष यात्रियों की बातचीत को लेकर हो रही है। जारी दस्तावेजों में NASA के अपोलो 12 और अपोल 17 मिशन से जुड़ी तस्वीरें और बातचीत के रिकॉर्ड भी शामिल हैं। एक तस्वीर में चांद की सतह के ऊपर आसमान में तीन रहस्यमयी बिंदु दिखाई देने का दावा किया गया है। सबसे दिलचस्प हिस्सा अपोलो 17 मिशन का ट्रांसक्रिप्ट माना जा रहा है। इसमें अंतरिक्ष यात्री उड़ान के दौरान अंतरिक्ष यान के पास चमकती चीजें दिखने की बात करते सुनाई दे रहे हैं। एक ऑपरेटर ने मिशन कंट्रोल से कहा, “कुछ चमकते कण या टुकड़े हमारे पास से गुजरते दिख रहे हैं।” इसके जवाब में दूसरे ऑपरेटर ने कहा, “मेरी खिड़की के बाहर कई चमकती चीजें दिख रही हैं। ऐसा लग रहा है जैसे आतिशबाजी हो रही हो।” ट्रम्प ने UFO से जुड़ी फाइलें जारी करने का आदेश दिया था राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कुछ महीने पहले रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को UFO और कथित एलियन गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड जारी करने का आदेश दिया था। फाइलें जारी होने के बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उन्होंने सरकार की एजेंसियों को एलियन लाइफ, UFO और UAP से जुड़ी जानकारी जनता के सामने रखने को कहा था। इन फाइलों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर UFO और एलियन जीवन को लेकर बहस तेज हो गई है। हालांकि अमेरिकी सरकार पहले भी साफ कर चुकी है कि उसे अब तक एलियन जीवन या एलियन टेक्नोलॉजी का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है। पेंटागन की पिछली रिपोर्टों में भी कहा गया था कि कई UFO वीडियो और तस्वीरें बाद में सैन्य तकनीक या प्राकृतिक घटनाएं निकली थीं। पेंटागन की तरफ जारी किया गया वीडियो…. सैन्य विमानों के पास दिखीं रहस्यमयी वस्तुएं पेंटागन की तरफ से जारी दस्तावेजों में 1999 के नए साल की पूर्व संध्या पर FBI की ली गई कुछ तस्वीरें भी शामिल हैं। इनमें अमेरिकी सैन्य विमानों के पास कुछ रहस्यमयी वस्तुएं दिखाई देने का दावा किया गया है। इसके अलावा सैन्य पायलटों की ली गई तस्वीरें भी जारी की गई हैं, जिनमें तेज रफ्तार से उड़ती चीजें विमानों के पास से गुजरती दिखती हैं। एक डिक्लासिफाइड सैन्य रिपोर्ट में एक अधिकारी ने बताया कि उसने आसमान में कई चमकती वस्तुओं को तेजी से आगे बढ़ते देखा। रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से एक वस्तु को विमान के टारगेटिंग सिस्टम से करीब 20 सेकंड तक ट्रैक किया गया, लेकिन बाद में वह अचानक गायब हो गई। नई UFO फाइलों में ओमान की खाड़ी के ऊपर दिखी एक रहस्यमयी वस्तु की तस्वीर सामने आई है। दावा किया गया है कि 2024 में इंफ्रारेड सेंसर ने तेज रफ्तार से उड़ती आंसू जैसी आकार वाली इस वस्तु को रिकॉर्ड किया था। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया कि ये सिर्फ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान हैं। इन्हें किसी एलियन या UFO की पक्की पुष्टि नहीं माना जाना चाहिए। ओमान की खाड़ी के ऊपर दिखी एक रहस्यमयी वस्तु का वीडियो… अमेरिकी सांसद बोले- अभी और फाइलें जारी होंगी अमेरिकी सांसदों ने कहा है कि शुक्रवार को जारी दस्तावेज सिर्फ शुरुआत हैं। आने वाले समय में और रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएंगे। हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया है कि अगली फाइलें कब जारी होंगी। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि सरकार UFO मामलों में ज्यादा पारदर्शिता लाना चाहती है। सरकार का कहना है कि जनता को ज्यादा से ज्यादा जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि लोग खुद तय कर सकें कि इन घटनाओं का क्या मतलब है। कुछ दस्तावेजों के हिस्सों को गवाहों की पहचान और संवेदनशील सैन्य ठिकानों की जानकारी छिपाने के लिए ब्लैकआउट किया गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं से जुड़ी कोई अहम जानकारी नहीं रोकी गई।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 


















