Bihar Military Police जवान की Bodh Gaya में ट्रेनिंग के दौरान मौत, हार्ट अटैक की आशंका
बिहार में गया जी जिले के बोधगया में सोमवार सुबह प्रशिक्षण सत्र के दौरान बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) के 27 वर्षीय एक जवान की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान खगड़िया निवासी निकेश कुमार के रूप में हुई है।
बोधगया थाने के प्रभारी अरविंद कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे उस समय हुई, जब निकेश कुमार बोधगया स्थित बीएमपी शिविर में प्रशिक्षण ले रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान जवान अचानक जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। साथी जवान उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कुमार ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह हृदयाघात का मामला प्रतीत होता है।’’ उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। बीएमपी-3 के कमांडेंट उपेंद्र प्रसाद ने घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि निकेश कुमार के पहले से किसी बीमारी से पीड़ित होने की कोई जानकारी नहीं थी।
Delhi Weather: राजधानी में बारिश के बाद AQI 89 दर्ज, आईएमडी ने जारी किया Yellow Alert
दिल्ली में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में लगातार 10वें दिन वायु गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में रही और अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में इस साल अगस्त के सभी 10 दिनों में वायु गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ रही। वर्ष 2024 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब शहर में महीने के शुरुआती 10 दिनों तक वायु गुणवत्ता लगातार ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 दर्ज किया गया, जो ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छी , 51 से 100 संतोषजनक , 101 से 200 मध्यम , 201 से 300 खराब , 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में माना जाता है। दिल्ली में अगस्त के पहले 10 दिनों में सुबह 8.30 बजे तक 230.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि सोमवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच चार मिलीमीटर और बारिश हुई, जिससे इस महीने अब तक कुल बारिश 234.5 मिलीमीटर हो गई।
इसके साथ ही बारिश के महीने का औसत 233.1 मिलीमीटर का आंकड़ा भी पार हो गया। आईएमडी के अनुसार, शाम सवा चार बजे तक मयूर विहार में सबसे अधिक 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद मुंगेशपुर में 21 मिलीमीटर, पूसा में चार मिलीमीटर और नारायणा में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। दिल्ली के सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं लोधी रोड पर 4.8 मिलीमीटर और रिज में 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, लोधी रोड में 34.6 डिग्री, रिज में 34.4 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 34 डिग्री सेल्सियस रहा।
शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री और रिज में 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी ने मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
विभाग ने दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi









