Red Fort पर Independence Day समारोह में पहली बार गाया जाएगा वंदे मातरम्
सरकार ने सोमवार को घोषणा की कि 15 अगस्त को ऐतिहासिक लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पहली बार राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाया जाएगा और इस कार्यक्रम की थीम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा शक्ति का योगदान होगी। रक्षा सचिव आरके सिंह ने कहा कि लाल किले में होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान युवाओं की उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करने की योजना जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन से पहले ही तय की जा चुकी थी। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत की दिशा में हमारी यात्रा में युवा बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, क्योंकि वे इसमें योगदान भी देंगे और उम्मीद है कि इसका लाभ भी उठाएंगे।
यही एकमात्र वजह है।’’ सिंह ने कहा, ‘‘स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवाओं की उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करने की योजना किसी भी अन्य घटना से पहले की है।’’ रक्षा सचिव ने कहा, ‘‘मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि यह योजना जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से पहले ही बनाई गई थी।’’ भारत 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। सिंह ने कहा कि 2026 में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पहली बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रगीत का गायन किया जाएगा।
रक्षा सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने पर वंदे मातरम् का गायन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र के नाम पारंपरिक संबोधन देंगे। सिंह ने कहा कि इस साल के समारोह में युवा शक्ति को भी रेखांकित किया जाएगा और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं के योगदान को सम्मान दिया जाएगा।
भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और वहां मौजूद लोगों पर फूल बरसाएगा। एक सवाल पर रक्षा सचिव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को समारोह में आमंत्रित किया गया है और आमंत्रित लोगों के बैठने की व्यवस्था पदानुक्रम के अनुसार की जाएगी। सिंह ने कहा कि पदानुक्रम के अनुसार राहुल गांधी की सीट केंद्रीय मंत्रियों के बाद होगी।
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया जाएगा। अधिकारी ने कहा, ‘‘2026 के अंतरराष्ट्रीय भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित ओलंपियाड में पदक जीतने वाले 19 विद्यार्थियों की उपलब्धियां विज्ञान के क्षेत्र में युवा शक्ति की सफलता का उदाहरण हैं। उन्हें समारोह में आमंत्रित किया गया है और वे लाल किले की प्राचीर पर बैठेंगे।’’ उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
ये वे लोग हैं जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में कामयाबी हासिल की है और देश को विकसित भारत की राह पर आगे ले जाने में मदद कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष मुख्य समारोह के निमंत्रण पत्रों पर ‘सेवा तीर्थ’ को दर्शाया गया है, ताकि लोगों को हर नागरिक के कल्याण के लिए समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके।
Delhi के Uttam Nagar में मांझे से बाइक सवार युवक की गर्दन कटी, FIR दर्ज
दिल्ली के उत्तमनगर में मोटरसाइकिल चलाते समय कथित तौर पर मांझे की चपेट में आने से 32 वर्षीय एक व्यक्ति की गर्दन पर गंभीर रूप से चोट आ गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना पांच अगस्त को हुई जब विकास नगर निवासी धीरज कुमार ओझा अपनी मोटरसाइकिल पर उत्तमनगर से मुंडका की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जब ओझा उत्तमनगर के पास नाला रोड पर पहुंचे, तो अचानक मांझे से उनकी गर्दर कट गई और गंभीर घाव हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ओझा को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चोट का इलाज किया गया। ओझा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने लापरवाही से खतरनाक मांझे का उपयोग करके पतंग उड़ाई, जिससे वह घायल हो गया।
अधिकारी ने कहा कि मेडिकल जांच रिपोर्ट और घायल व्यक्ति के बयान के आधार पर, पुलिस ने उत्तमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य), 118 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 223 (ए) (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस मांझे के स्रोत का पता लगाने और पतंग उड़ाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। यह घटना राष्ट्रीय राजधानी में प्रतिबंधित चीनी मांझे के उपयोग, बिक्री और भंडारण के खिलाफ दिल्ली पुलिस की जारी कार्रवाई के बीच हुई है।
विभिन्न जिलों में पुलिस दलों ने प्रतिबंधित पतंग मांझे के खिलाफ जांच और प्रवर्तन तेज कर दिया है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन सवारों को गंभीर चोट लग सकती है। पुलिस ने विभिन्न पुलिस जिलों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में चीनी मांझा की 2,000 से अधिक चरखियां जब्त की हैं।
होम
जॉब
पॉलिटिक्स
बिजनेस
ऑटोमोबाइल
गैजेट
लाइफस्टाइल
फोटो गैलरी
Others 
prabhasakshi










